- मुंबई के अंधेरी वर्सोवा मेट्रो स्टेशन के पास बिल्डर मेहुल मेहता को जान से मारने की धमकी मिली थी.
- ड्राइवर ने कार के पीछे सफेद प्लास्टिक पैकेट में मेहता के नाम का खत और जिंदा कारतूस पाया था.
- खत में लिखा था कि मेहता को समझ जाना चाहिए, आज गोली बाहर है कल सीने के अंदर होगी.
मुंबई में बिल्डर मेहुल मेहता को जान से मारने की गंभीर धमकी देने का मामला सामने आया है. 6 मार्च 2026 को यह घटना तब हुई जब मेहता अंधेरी वेस्ट स्थित वर्सोवा मेट्रो स्टेशन के पास अपनी एक कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे थे. उनके साथ उनका ड्राइवर अनिल तिवारी और सिक्योरिटी टीम दूसरी गाड़ी में मौजूद थी.
करीब 2:15 बजे, जब मेहता साइट के अंदर थे, उसी दौरान उनके ड्राइवर की नजर कार के पीछे नंबर प्लेट के पास फंसे एक सफेद प्लास्टिक पैकेट पर पड़ी. यह पैकेट बड़ी सावधानी से नंबर प्लेट और डिक्की के बीच के गैप में छिपाकर रखा गया था.
पैकेट में मिला खत और जिंदा कारतूस
सिक्योरिटी टीम ने पैकेट खोलकर देखा तो भीतर 'मेहुल मेहता' के नाम से एक लिफाफा मिला. उसमें हाथ से लिखा एक धमकी भरा नोट था, 'मेहता सुधर जा, तुझे समझ में नहीं आ रहा. आज यह बाहर है, कल यह तेरे सीने के अंदर होगा. अल्लाह हाफिज- छोटा शकील.'
यह भी पढ़ें- बीकानेर में जांच करने गई पुलिस टीम पर छोड़ा 'पिटबुल', महिला हवलदार को बुरी तरह नोचा
इस नोट के साथ टेप से चिपकाकर एक जिंदा गोली भी रखी गई थी. यह साफ संकेत था कि धमकी सिर्फ डराने के लिए नहीं, बल्कि किसी बड़ी आपराधिक साजिश का हिस्सा हो सकती है.
कैसे खुला धमकी का मामला?
मेहता के बॉडीगार्ड वैभव सोमा बावकर गाड़ी के पास कुछ लेने आए थे, तभी ड्राइवर ने उन्हें संदिग्ध पैकेट दिखाया. तुरंत मेहता को इसकी जानकारी दी गई और उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचित किया. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा कर पैकेट, खत और गोली को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया.
कौन रख गया धमकी का पैकेट?
पुलिस को शक है कि किसी अज्ञात शख्स ने मेहता की कार पार्क होते ही मौके का फायदा उठाकर 2:15 बजे से पहले पैकेट नंबर प्लेट के पास फंसा दिया. इसकी पुष्टि के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, मौके के संभावित एंगल तलाशे जा रहे हैं और सुरक्षा टीम से पूछताछ भी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- गैस किल्लत की अफवाह से हाहाकार, कटिहार में लंबी कतार में घंटों खड़ी रही लड़की हुई बेहोश
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वर्सोवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ नीचे दी गई धाराओं में केस दर्ज किया है.
- आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 3
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 351(3)
यह मामला गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इसमें न सिर्फ धमकी दी गई, बल्कि जिंदा कारतूस का इस्तेमाल कर स्पष्ट रूप से हत्या की नीयत दर्शाई गई है.
AEC की टीम जांच में जुटी
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) भी इस मामले में शामिल हो गई है. जांच टीमें इलाके के रूट, एंट्री‑एग्ज़िट प्वाइंट और संदिग्ध मूवमेंट का विश्लेषण कर रही हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके.













