Pandharpur Road Accident: महाराष्ट्र के पंढरपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया. मालशिरस तहसील में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीरा दाहिनी नहर में जा गिरी. हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में समा गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार मुंबई से मालशिरस की ओर जा रही थी. मालशिरस तहसील क्षेत्र में पहुंचते ही चालक को नींद आ गई, जिससे कार सड़क से फिसलते हुए नहर में गिर गई. नहर में पानी अधिक होने के कारण कार कुछ ही देर में पूरी तरह डूब गई.
Pandharpur Road Accident: पंढरपुर में दर्दनाक हादसा
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
नीरा दाहिनी नहर में कार गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा. पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया. इसके साथ ही कार में फंसे तीनों शव भी बाहर निकाले गए.
तीनों की डूबने से मौत
हादसे में मुंबई निवासी हनुमंत जठार, मंजुला जठार और प्रीति टीलेकर की डूबने से मौत हो गई. पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी मानी जा रही है. मामले की जांच जारी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें : शिवपुरी में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराई ट्रैक्टर‑ट्रॉली, महिला‑बच्चे की मौत