नासिक में ज्वेलरी शॉप पर हमला फेल: स्टाफ की बहादुरी ने पिस्तौलधारी लुटेरों को भगाया, CCTV फुटेज वायरल

नासिक के हिरावाड़ी में ज्वेलरी शॉप पर पिस्तौल के दम पर डकैती की कोशिश हुई, लेकिन महिला और पुरुष कर्मचारियों ने बहादुरी दिखाते हुए लुटेरों को भगा दिया. एक कर्मचारी घायल हुआ है, पूरी घटना CCTV में कैद हुई, पुलिस जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

महाराष्ट्र के नासिक में एक बड़ी डकैती की वारदात कर्मचारियों की बहादुरी के कारण टल गई. हिरावाड़ी इलाके में स्थित ‘न्यू समृद्धि ज्वेलर्स' पर बीती रात करीब 9 बजे नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों के साहस के आगे उन्हें खाली हाथ भागना पड़ा.

पिस्तौल तानकर घुसे बदमाश

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 2-3 नकाबपोश लुटेरे दुकान में घुसे और पिस्तौल निकालकर कर्मचारियों को डराने की कोशिश की. उन्होंने चेहरे छुपाने के लिए मास्क, टोपी और हेलमेट पहन रखे थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके.

कर्मचारी पर बेरहमी से हमला

लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान के एक पुरुष कर्मचारी पर हमला कर दिया. पिस्तौल के बट से उसके सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

यह भी पढ़ें- Explainer: पेट्रोल बचाने के लिए PM मोदी का कार पूलिंग आइडिया सुपरहिट, लेकिन भारत में क्यों फंसा है कानूनी पेंच? समझिए

Advertisement

महिला और कर्मचारी की बहादुरी बनी ढाल

हालांकि, इस दौरान दुकान में मौजूद एक महिला और एक अन्य पुरुष कर्मचारी ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने जान की परवाह किए बिना लुटेरों का सामना किया और उनसे भिड़ गए. दोनों की बहादुरी के चलते बदमाश घबरा गए और बिना लूट किए मौके से भाग निकले. इस तरह एक बड़ी डकैती टल गई.

CCTV में कैद पूरी वारदात

घटना का पूरा वीडियो दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे, लेकिन कर्मचारियों के साहस ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया.

Advertisement

इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

घनी आबादी और बाजार इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं और दावा किया है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. नासिक की इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों की बहादुरी की सराहना हो रही है, जिनकी वजह से करोड़ों की संभावित लूट टल गई. 

(इनपुट- प्रांजल कुलकर्णी)

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Fuel Price Hike: ₹3 की भारी बढ़ोतरी के बाद आपके शहर में नया रेट? | CNG | Petrol
Topics mentioned in this article