- मुंबई में देश की पहली नॉन-एसी लोकल ट्रेन बंद दरवाजों और फोर्स्ड वेंटिलेशन सिस्टम के साथ शुरू होगी
- नई लोकल ट्रेन में ऑटोमैटिक डोर-क्लोजिंग सिस्टम और टॉक-बैक सिस्टम जैसी सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी
- ट्रेन चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनाई गई है और जल्द मुंबई सबअर्बन ट्रैक पर ट्रायल के लिए चलेगी
मुंबई की लाइफलाइन कहे जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है. भीषण गर्मी से राहत देने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए देश की पहली नॉन‑एसी, बंद दरवाजों वाली लोकल ट्रेन शुरू होने वाली है. इस ट्रेन में ऑटोमैटिक डोर‑क्लोजिंग सिस्टम होगा, जो अब तक केवल महंगी एसी लोकल ट्रेनों में ही उपलब्ध था. एसी न होने के कारण, हवा के लिए इस ट्रेन में फोर्स्ड वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया है, जो कोच के अंदर बाहर की ताजी हवा पहुंचाएगा. आइए जानते हैं मुंबई की इस लोकल में क्या खास होगा.
बंद रहेगी लोकल तो हवा कैसे पहुंचेगी? किराया भी नहीं बढ़ेगा
इस खास लोकल ट्रेन में लगा फोर्स्ड वेंटिलेशन सिस्टम सामान्य लोकल ट्रेनों की तुलना में ज्यादा हवा का प्रवाह सुनिश्चित करेगा,ताकि दरवाजे बंद रहने पर भी कोच के अंदर ठंडा और आरामदायक माहौल बना रहे. इस पहल का मकसद उन हादसों को रोकना है, जिनमें भीड़ भरी और खुले दरवाजों वाली लोकल ट्रेनों से यात्री गिरकर घायल या जान गंवा देते हैं. मुंबई लोकल नेटवर्क में यह एक बड़ी समस्या रही है. यह प्रोजेक्ट जनरल क्लास यात्रियों को बिना किराया बढ़ाए, बंद दरवाजों वाली ट्रेनों की सुरक्षा सुविधा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि एसी की सुविधा मिले और ज्यादा किराया भी न देना पड़े.
टॉक‑बैक सिस्टम,एलईडी लाइटिंग, और जीपीएस सिस्टम
इस ट्रेन का रेक चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में बनाया गया है और जल्द ही इसे मुंबई सबअर्बन ट्रैक पर ट्रायल के लिए चलाया जाएगा.ट्रेन में “टॉक‑बैक सिस्टम” भी होगा, जिससे किसी आपात स्थिति में यात्री सीधे गार्ड या मोटरमैन से बात कर सकेंगे.ट्रेन के अंदर कई आधुनिक सुविधाएं भी दी गई हैं, जिनमें बेहतर सीटिंग अरेंजमेंट, एलईडी लाइटिंग, और जीपीएस आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम शामिल है, जो यात्रियों को अगले आने वाले स्टेशनों की जानकारी देगा.
अभी किराए को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि यह एसी लोकल ट्रेनों के मुकाबले काफी सस्ता होगा और संभवतः फर्स्ट क्लास या सेकंड क्लास के मौजूदा किराए के आसपास रखा जाएगा. अगर ट्रेन के ट्रायल सफल रहते हैं, तो रेलवे बोर्ड मुंबई की इस जीवनरेखा को आधुनिक बनाने के लिए ऐसे और रेक शुरू करने की योजना बना रहा है.
यह भी पढ़ें- 180 नाबालिगों का यौन शोषण, 350 अश्लील वीडियो, ब्लैकमेलिंग का 'खेल'... महाराष्ट्र में AIMIM से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- मुंबई को बिजली कटौती से मिलेगा छुटकारा, अदाणी एनर्जी की 1,000 मेगावॉट HVDC पावर लाइन शुरू













