हनीट्रैप और साइबर फ्रॉड का शिकार हुआ मुंबई का इंटीरियर डिजाइनर, डेटिंग ऐप के जरिए जाल में फंसाया, फिर ऐंठे 21.5 लाख रुपये

Mumbai Cyber Fraud: डेटिंग ऐप के जरिए एक महिला से इंटीरियर डिजाइनर की बातचीत शुरू हुई. शुरुआत में दोनों के बीच ऐप पर ही बातें हुईं, लेकिन धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बंबल से टेलीग्राम और फिर व्हाट्सएप पर होने लगी. इसके बाद महिला ने पीड़ित को ऑनलाइन शेयर और फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने की सलाह दी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Mumbai Cyber Fraud: मुंबई के भायखला इलाके में रहने वाले एक 38 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर को साइबर जालसाजों ने अपना शिकार बनाते हुए ₹21.5 लाख की चपत लगा दी है. ठगों ने 'बंबल' डेटिंग ऐप के जरिए पीड़ित को प्यार के जाल में फंसाया गया और फिर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये लूट लिए. सेंट्रल रीजन साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बंबल से शुरू हुई बातचीत, व्हाट्सएप पर जीता भरोसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले भायखला के रहने वाले पीड़ित इंटीरियर डिजाइनर की मुलाकात बंबल डेटिंग ऐप पर एक अज्ञात महिला से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच ऐप पर ही बातें हुईं. धीरे-धीरे महिला ने पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और उसका विश्वास जीत लिया. इसके बाद दोनों की बातचीत बंबल से टेलीग्राम और फिर व्हाट्सएप पर होने लगी.

'Darwinex' प्लेटफॉर्म और भारी मुनाफे का लालच

जब पीड़ित महिला पर पूरी तरह भरोसा करने लगा, तो उसने पीड़ित को ऑनलाइन शेयर और फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए मोटी कमाई करने का झांसा देना शुरू किया. महिला ने उसे “Darwinex” नामक एक कथित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने की सलाह दी और दावा किया कि इससे बहुत कम समय में भारी मुनाफा कमाया जा सकता है.

शुरुआत ₹50 हजार से, फिर ऐंठे ₹21.5 लाख

महिला की बातों में आकर पीड़ित इंटीरियर डिजाइनर ने 1 अप्रैल को शुरुआत में ₹50,000 का निवेश किया. शुरुआत में फर्जी डॅशबोर्ड पर मुनाफा दिखने के बाद पीड़ित का हौसला बढ़ गया. इसके बाद अगले कुछ हफ्तों में जालसाजों ने पीड़ित से ₹10 लाख और ₹11 लाख के बड़े लेन-देन करवाए. पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल ₹21.5 लाख जालसाजों द्वारा दिए गए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए.

Advertisement

डैशबोर्ड पर दिखा ₹69 लाख का फर्जी मुनाफा, यहीं से खुला राज!

निवेश के बाद जब पीड़ित ने अपने ट्रेडिंग अकाउंट का डॅशबोर्ड चेक किया, तो उस पर उसका कुल मुनाफा लगभग ₹69 लाख दिखाई दे रहा था. इतनी बड़ी रकम देखकर पीड़ित ने जब अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो जालसाजों ने असली खेल शुरू किया. उन्होंने पीड़ित के सामने शर्त रखी कि कुल रकम निकालने के लिए उसे पहले 30 प्रतिशत टैक्स एडवांस में जमा करना होगा.

हेल्पलाइन पर शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

मुनाफे की रकम देने के बजाय जब आरोपियों ने और पैसों की मांग की, तो पीड़ित को दाल में कुछ काला नजर आया. अपनी ठगी का अहसास होते ही उसने तुरंत सायबर क्राइम हेल्पलाइन पर संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई.

Advertisement

इस शिकायत के आधार पर सेंट्रल रीजन साइबर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब उन बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की बारीकी से जांच कर रही है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे. साथ ही उस फर्जी महिला के सोशल मीडिया प्रोफाइल्स को भी ट्रेस किया जा रहा है.

(मुंबई से रिज़वान शेख की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak: कौन है डॉ. मनोज शिरूरे, जिसे CBI ने किया गिरफ्तार, बेटे के लिए खरीदा था नीट का पेपर

ये भी पढ़ें: कैराना सांसद इकरा हसन पर एफआईआर, DIG ऑफिस पर समर्थकों संग हंगामा पड़ा भारी, पूर्व मंत्री समेत 25 पर मुकदमा

ये भी पढ़ें: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी रोडवेज बस, 2 लोगों की मौत, कई यात्री झुलसे; टैंकर से टकराने के बाद हादसा

Advertisement
Featured Video Of The Day
ट्विशा मौत मामले में उलझ गया केस, सास ने 46 लोगों को लगाया था कॉल
Topics mentioned in this article