लोनावला के टाइगर पॉइंट पर छात्रा की रहस्यमयी मौत, 36 घंटे की तलाश के बाद ड्रोन से मिला शव

लोनावला के टायगर पॉइंट से मुंबई की लॉ स्टूडेंट श्रेया नरेंद्र पटी का शव 400 फीट गहरी खाई में मिला. ट्रेकिंग के नाम पर निकली छात्रा की 36 घंटे बाद ड्रोन से तलाश हुई, आत्महत्या का संदेह जताया जा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
लोनावला के टाइगर पॉइंट पर छात्रा की रहस्यमयी मौत

Lonavala Tiger Point death: महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोनावला स्थित मशहूर टायगर पॉइंट से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मुंबई में एलएलबी की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा श्रेया नरेंद्र पटी का शव टायगर पॉइंट की करीब 400 फीट गहरी खाई में मिला है. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.

ट्रेकिंग का कहकर निकली थी श्रेया

जानकारी के मुताबिक, श्रेया 31 जनवरी को घर से यह कहकर निकली थी कि वह ट्रेकिंग पर जा रही है. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी और उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी.

36 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस को लोनावला के टायगर पॉइंट पर एक स्नैक्स सेंटर के पीछे लावारिस बैग मिला, जिसमें श्रेया के पहचान पत्र मौजूद थे. इसके बाद पुलिस, परिजन और रेस्क्यू टीम ने मिलकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. करीब 36 घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान में ड्रोन कैमरा, डॉग स्क्वॉड और लोणावला शिवदुर्ग रेस्क्यू टीम की मदद ली गई. आखिरकार श्रेया का शव खाई में बरामद किया गया.

आत्महत्या का संदेह

पुलिस की प्राथमिक जांच में मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है. शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद को संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक घटना के बाद श्रेया के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं टायगर पॉइंट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

Featured Video Of The Day
India-US Trade Deal पर PM Modi का बयान आया सामने, कहा- अब वर्ल्ड ऑर्डर भारत के पक्ष में.. | Trump