Wedding Dispute Chhatarpur: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. एक छोटे से विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि सिर्फ दो साल की मासूम बच्ची अपनी जान गंवा बैठी. मामला बड़ा मलहरा क्षेत्र के सेंधपा चौकी अंतर्गत है, जहां पड़ोस में चल रहे शादी समारोह के दौरान उपजे विवाद ने उग्र भीड़ का रूप ले लिया. बच्ची घर के अंदर सो रही थी, लेकिन भीड़ की लापरवाही और अफरा‑तफरी में वह कुचल गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है.
शादी समारोह से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, सेंधपा गांव में अहिरवार परिवार के पड़ोस में एक शादी समारोह चल रहा था. किसी बात को लेकर वहां विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया. गुस्से में 50 से 60 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और विवाद का रुख अचानक अहिरवार परिवार के घर की ओर मुड़ गया.
घर में सो रही थी 2 साल की बच्ची
उसी समय अहिरवार परिवार की दो साल की बच्ची घर के भीतर बीमार हालत में सो रही थी. परिजनों ने भीड़ को बार‑बार बताया कि घर के अंदर एक छोटी बच्ची मौजूद है और अंदर न आएं, लेकिन उग्र भीड़ ने उनकी एक नहीं सुनी.
Wedding Dispute: छतरपुर में बच्ची की मौत का मामला
अफरा‑तफरी में मासूम कुचली
भीड़ जबरन घर के भीतर घुसी. अंधेरा और भगदड़ जैसी स्थिति में किसी का ध्यान बच्ची पर नहीं गया. इसी दौरान भीड़ में शामिल एक व्यक्ति का पैर बच्ची की गर्दन पर पड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसें
परिजन तुरंत बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया. इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पूरे गांव में आक्रोश
घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश की स्थिति बन गई. लोगों का कहना है कि यदि भीड़ ने थोड़ी भी सावधानी बरती होती, तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : 300 फीट रास्ते को लेकर बवाल; भिंड के डिडी गांव में पुलिस से झड़प व पथराव, महिला ने आत्मदाह का किया प्रयास
यह भी पढ़ें : मजदूर सत्याग्रह; ऐसी थी बापू की पहली भूख हड़ताल
यह भी पढ़ें : कांग्रेस के मंच पर ही दिखा घमासान; दिग्विजय सिंह vs जीतू पटवारी, “गुरु-चेला” पर BJP का तंज
यह भी पढ़ें : MP के सागर में पूर्व विधायक के बेटे पर करोड़ों की जमीन में हेरफेर के आरोप, 4.49 करोड़ की वसूली की तैयारी














