VIDEO: शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में हंगामा, पीड़ित बोला- 'मेरी साली का बलात्कार हुआ है'

विदिशा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में उस समय हंगामा हो गया जब एक युवक ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी साली के साथ बलात्कार हुआ है. पीड़िता और उसके परिवार का आरोप है कि थाने में कोई सुनवाई नहीं हुई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Shivraj Singh Chouhan Program Protest: विदिशा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक पीड़ित युवक ने मंच के सामने खड़े होकर जोर से कहा कि “मेरी साली का बलात्कार हुआ है!” पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की. मामला जैसे ही हंगामे में बदला, शिवराज सिंह चौहान मंच से बोले- “ऐसा मत करो, मैं नीचे आकर बात करूंगा.” मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला की एफआईआर दर्ज कर ली.

कार्यक्रम में हंगामे के साथ उठा आरोप

दरअसल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान एक महिला और उसका परिवार अपनी शिकायत लेकर मंच के सामने पहुंच गया. उनका कहना था कि पड़ोसी पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाने के बावजूद पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और एफआईआर भी दर्ज नहीं की.

दो महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता और उसकी बहन ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने पहले एक महिला के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद जब दूसरी महिला को घटना की जानकारी मिली और वह मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी गलत हरकत की. परिवार का कहना है कि यह सब होने के बाद वे तुरंत थाना गए, लेकिन वहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई.

थाने में आरोपियों को छोड़ दिया गया

महिलाओं ने कहा कि जब वे शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची, तो पुलिस ने आरोपियों को बुलाया जरूर, लेकिन थोड़ी ही देर में उन्हें छोड़ दिया. उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसी बात से परेशान होकर वे कार्यक्रम में न्याय की मांग करने पहुंचीं.

केंद्रीय मंत्री ने की मंच से शांत कराने की कोशिश 

जैसे ही परिवार ने कार्यक्रम में आरोपों की आवाज उठाई, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. मंच से शिवराज सिंह चौहान ने शांत रहने की अपील की और कहा कि “ऐसा मत करो, मैं नीचे आकर बात करता हूं.” इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को बुलाकर पूरा मामला सुना.

मंत्री के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई एफआईआर

पीड़िता के पति ने बताया कि थाने में कोई सुनवाई नहीं हुई, इसलिए वे मजबूरी में कार्यक्रम तक पहुंचे. उनका कहना था कि मंत्री के दखल देने के बाद ही पुलिस ने उन्हें एफआईआर दर्ज कराने के लिए बुलाया. अब मामला महिला थाने को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Nitish Kumar Rajya Sabha News: राज्यसभा जा रहे नीतीश, Bihar CM को लेकर किसका नाम फाइनल?