Union Budget 2026: एमपी कांग्रेस ने बजट को बताया FAIL! जीतू पटवारी ने कहा- ये कृषि के विपरीत  

केंद्रीय बजट 2026 पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है. कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बजट को कृषि के खिलाफ और दिशाहीन बताया, वहीं जयवर्धन सिंह ने इसे पूरी तरह फेल करार दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Union Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है. मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस बजट को पूरी तरह से नाकाम करार दिया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता जयवर्धन सिंह ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट न तो किसानों के हित में है और न ही युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करता है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पूरे शेयर बाजार की गिरावट ने भी यह साफ कर दिया है कि बजट जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा.

बजट को बताया पूरी तरह FAIL: जयवर्धन सिंह

केंद्र सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि यह बजट पूरी तरह से FAIL है. उन्होंने कहा कि बजट के बाद शेयर बाजार में आई बड़ी गिरावट खुद इस बात का प्रमाण है कि बाजार और निवेशकों ने भी इसे नकार दिया है. जयवर्धन सिंह के मुताबिक, बजट आने के बाद सेंसेक्स करीब 1500 अंकों तक गिरा, जबकि निफ्टी में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

बाजार की गिरावट ने खोली बजट की पोल

जयवर्धन सिंह ने कहा कि सेंसेक्स और निफ्टी में आई गिरावट यह दर्शाती है कि बाजार को इस बजट से कोई भरोसा नहीं हुआ. उनका आरोप है कि पूरे मार्केट ने बजट को विफल बताया है. उन्होंने कहा कि अगर बजट मजबूत और विकासोन्मुख होता, तो बाजार में ऐसी बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिलती.

युवाओं और किसानों को लेकर सरकार पर सवाल

कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह देश के युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस योजना नजर नहीं आती. इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम न दिला पाने का आरोप भी लगाया और कहा कि किसान लगातार परेशान हैं, लेकिन बजट में उनकी चिंता दूर करने के लिए कुछ खास नहीं है.

कृषि के विपरीत बजट: जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बजट को कृषि के खिलाफ बताया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के बड़े-बड़े वादे किए थे. वर्ष 2022 तक देश को नई दिशा देने, 100 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने और 2 करोड़ रोजगार देने की बातें की गई थीं, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है.

शिक्षा और भविष्य को लेकर भी नाराज़गी

जीतू पटवारी ने कहा कि शिक्षा ही देश का भविष्य तय करती है, लेकिन इस बजट में शिक्षा के लिए कुछ भी खास नहीं किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने न तो स्कूलों और कॉलेजों को मजबूत करने पर ध्यान दिया और न ही युवाओं को आगे बढ़ाने की कोई ठोस योजना पेश की.

Advertisement

देश को गलत दिशा में ले जाने वाला बजट

रीवा में आयोजित कांग्रेस पार्टी की संभागीय बैठक में शामिल होने पहुंचे जीतू पटवारी ने बजट को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश को गलत दिशा में ले जाने वाला बजट पेश किया है. उन्होंने इसे पूरी तरह दिशाहीन बजट करार दिया और कहा कि इससे न तो किसानों को राहत मिलेगी और न ही युवाओं को रोजगार. 

Featured Video Of The Day
Budget 2026 Nirmala Sitharaman Full Speech: बीड़ी, जूते, बैटरी सस्ती... क्या हुआ महंगा क्या सस्ता?