Twisha Sharma Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के दौरान कोर्ट से जेल तक हाई-प्रोफाइल ड्रामा देखने को मिला. कोर्ट रूम में गिरिबाला सिंह ने सख्त तेवर दिखाते हुए खुद बहस की और CBI पर गंभीर आरोप लगाए. न्यायिक हिरासत का आदेश होते ही वह मीडिया की मौजूदगी पर अड़ गईं और कोर्ट परिसर छोड़ने से इनकार कर दिया. हालांकि, आखिरकार CBI अधिकारियों के सख्त रुख के बाद उन्हें जेल ले जाया गया. पूरे घटनाक्रम ने इस हाई-प्रोफाइल केस को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है.
Twisha Sharma Case: पुलिस वाहन में जेल जाती गिरिबाला सिंह
Photo Credit: Ajay Sharma
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
भोपाल की विशेष CBI कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. कोर्ट ने दोनों को 16 जून 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए हैं.
Twisha Sharma Case: जेल के अंदर जाती हुई गिरिबाला सिंह
Photo Credit: Ajay Sharma
गिरबाला सिंह इस छोटे गेट से नहीं जाना चाहती थी, लेकिन जेल मैन्युअल के हिसाब से जेल प्रबंधन ने कहा जेल के अंदर इसी दरवाजे से ही आना और ऐसे ही आना होगा.
HC से बेल खारिज होने के बाद गिरफ्तारी
मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत खारिज किए जाने के बाद CBI ने गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था. इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए CBI रिमांड पर रखा गया, जिसकी अवधि पूरी होने पर कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया.
कोर्ट से जेल के लिए जाते हुए पूर्व जज, देखिए Video
कोर्ट में खुद बहस करने उतरीं गिरिबाला
सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह के तेवर काफी तल्ख नजर आए. उन्होंने खुद अदालत के सामने अपनी बात रखते हुए CBI पर कई आरोप लगाए और मीडिया ट्रायल को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया.
मीडिया पर आपत्ति, कोर्ट से बाहर जाने से किया इनकार
जैसे ही कोर्ट ने न्यायिक हिरासत का आदेश सुनाया, गिरिबाला सिंह ने मीडिया की मौजूदगी पर आपत्ति जताई. उन्होंने साफ कहा कि जब तक कोर्ट परिसर से मीडिया को नहीं हटाया जाएगा, वह बाहर नहीं जाएंगी. इसके चलते कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए स्थिति असामान्य हो गई.
CBI का सख्त रुख, बढ़ाया गया सुरक्षा घेरा
स्थिति को देखते हुए CBI और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा बल बढ़ा दिया. इसके बावजूद गिरिबाला लंबे समय तक कोर्ट से बाहर जाने को तैयार नहीं हुईं और करीब 40 मिनट तक गतिरोध की स्थिति बनी रही.
CBI ऑफिस से कोर्ट जाने का वीडियो ये रहा
‘दो टूक' बात के बाद बदला रुख
आखिरकार CBI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सख्त लहजे में उन्हें स्पष्ट किया कि उन्हें आम कैदियों की तरह जेल ले जाया जाएगा और सुरक्षा के बीच प्रक्रिया पूरी की जाएगी. यह सुनते ही गिरिबाला सिंह ने अपना रुख बदला और कोर्ट से बाहर निकलने के लिए तैयार हो गईं.
जेल गेट पर भी दिखाई नाराजगी
जेल पहुंचने के बाद भी गिरिबाला सिंह ने अधिकारियों से कहा कि उनकी गाड़ी सीधे जेल के अंदर ले जाई जाए. हालांकि, CBI अधिकारियों ने उनकी यह मांग नहीं मानी और उन्हें सामान्य कैदियों की तरह गेट से अंदर ले जाया गया.
हाई-प्रोफाइल केस में बढ़ी हलचल
ट्विशा शर्मा केस पहले ही प्रदेश का चर्चित मामला बना हुआ है, जिसमें दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध मौत के गंभीर आरोप लगे हैं. अब गिरिबाला सिंह के जेल जाने और पूरे घटनाक्रम के दौरान हुए ड्रामे ने इस केस को और ज्यादा चर्चाओं में ला दिया है.
आगे की सुनवाई पर टिकी नजरें
फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं और मामले की जांच CBI कर रही है. आने वाली सुनवाई और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी दिशा तय होगी. इस हाई-प्रोफाइल केस में हर अपडेट पर सभी की नजरें बनी हुई हैं.
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा मामला: गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह 2 जून तक CBI की रिमांड में रहेंगे, कोर्ट में क्या हुआ जानिए
यह भी पढ़ें : सिस्टम ने मार डाला: जिंदा बुजुर्ग पोर्टल पर मृत घोषित; हरदा में 6 महीने से दफ्तरों के काट रहा चक्कर
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा; रक्षाबंधन पर MP की लाडली बहनों को बसों में सुरक्षित यात्रा सुविधा : CM मोहन
यह भी पढ़ें : 5 लाख की सुपारी, फर्जी नंबर प्लेट और सेकंड हैंड बाइक से रची गई साजिश, संदीप सिंह हत्याकांड में हुआ खुलासा










