Twisha Sharma Death Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सास गिरिबाला सिंह पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रही है. पुलिस ने उन्हें आखिरी नोटिस जारी किया है और पूछताछ के लिए बुलाया है. उधर, ट्विशा के पिता नवीनिधि शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और मुख्य सचिव को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने बेटी के लिए न्याय की मांग की है. साथ ही ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को मध्य प्रदेश उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की है. इसके अलावा परिवार ने भी इंसाफ मांग की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाना शुरू कर दिया है. पुलिस को यह भी जांच में पता चला है कि सास ने ट्विशा की मौत के दिन लगभग 46 फोन कॉल्स की थीं.
ट्विशा के पिता ने पत्र में क्या कहा?
ट्विशा के पिता नवीनिधि शर्मा ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर बेटी की सास को मध्य प्रदेश उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की है. साथ ही कहा है कि जांच पूरी होने तक गिरीबाला सिंह को पद पर बनाए रखना जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करेगा. उनका कहना है, “न्याय न केवल होना चाहिए, बल्कि होते हुए दिखना भी चाहिए.” न्यायिक और अर्ध-न्यायिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है. जब जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक गिरीबाला सिंह के कार्यों और अधिकारों पर रोक लगे. पत्र में आगे कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की गरिमा के लिए मांग है. नवनिधि ने पत्र खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग, SIT और महिला आयोग को भी भेजा है.
30 हजार के इनामी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत पर सुनवाई आज
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद पति समर्थ सिंह फरार चल रहा है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन उसने जबलपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है. इस पर आज यानी शुक्रवार को सुनवाई होनी है. समर्थ ने उससे पहले 18 मई को भोपाल जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी, जिसे कोर्ट ने इनकार कर दिया. फरार समर्थ पर 30 हजार रुपये का इनाम भी पुलिस ने घोषित किया है.
ट्विशा की मौत के दिन सास ने 46 लोगों को किया फोन
पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर अपनी बहू ट्विशा की मौत के अगले दिन करीब 46 लोगों को फोन किया, जिन लोगों से संपर्क किया गया, उनमें पुलिस, प्रशासन और न्यायिक सेवाओं से जुड़े लोग शामिल थे, लेकिन दो नाम खास तौर पर सामने आए. CCTV टेक्नीशियन रोहित और CCTV सिस्टम संभालने वाली कंपनी के मालिक विनोद वाणी. जानकारी के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने शाम करीब 4 बजे रोहित को फोन किया. विनोद वाणी को कथित तौर पर दिन भर में तीन बार फोन किया गया. एक बार सुबह करीब 9 बजे, फिर दोपहर करीब 1:30 बजे और दोबारा दोपहर करीब 3 बजे.
इन पोन कॉल्स के दौरान उन्होंने कथित तौर पर उन्हें बस इतना बताया कि उनके घर पर "एक हादसा" हो गया है और उनसे तुरंत किसी को वहां भेजने के लिए कहा.
पूर्व जज गिरिबाला सिंह को आखिरी नोटिस भेजा गया
मध्य प्रदेश पुलिस ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को बयान दर्ज कराने के लिए तीसरा और आखिरी नोटिस जारी किया है. गिरिबाला सिंह पर अपनी बहू ट्विशा शर्मा की कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न के कारण हुई मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है. भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि उन्हें (बयान दर्ज कराने के लिए) तीसरा और आखिरी नोटिस जारी किया गया है. अगर वह सहयोग नहीं करती हैं तो हम उनकी जमानत रद्द कराने के लिए सेशन कोर्ट जाएंगे.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें जो नोटिस भेजा गया था, वह डाक और WhatsApp के ज़रिए भेजा गया. उन्होंने बताया कि पिछली दो बार जब नोटिस भेजे गए थे तो वह अपने घर पर नहीं मिली थीं.
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma: पूरे MP में नहीं -80 डिग्री का डीप फ्रीजर, 5 दिन से ज्यादा सुरक्षित नहीं रख सकते शव; असमंजस में पुलिस
ट्विशा के परिवार ने चलाया कैंपेन
ट्विशा शर्मा के परिवार ने बेटी के इंसाफ के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाया है, जिसमें उन्होंने समर्थ को रावण बताकर स्टेटस लगाया है.
एमपी सरकार भी कर रही जांच
कमिश्नर ने कहा कि उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट नहीं बुलाया जाता है, बल्कि यह काम उनके घर पर ही किया जाता है. इसके अलावा मध्य प्रदेश सरकार ने इस बात का फैसला करने के लिए भी जांच शुरू कर दी है कि क्या गिरिबाला, जिन्हें इस मामले में अग्रिम जमानत मिल चुकी है, उपभोक्ता अदालत की चेयरपर्सन के तौर पर काम जारी रख सकती हैं.
राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने भी मांग
राज्यसत्रा सांसद विवेक तंखा का भी ट्विशा शर्मा की मौत पर बयान आया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "समय आ गया है कि MP हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट अपने आप संज्ञान लेकर ट्विशा शर्मा अप्राकृतिक मौत केस में CBI जांच का आदेश दे. MP सरकार और कानूनी बिरादरी की बेवजह बदनामी हो रही है. आज 10वां दिन है र ट्विशा अंतिम संस्कार का इंतजार कर रही है.
शादी के पांच महीने बाद हुई ट्विशा की मौत
गौरतलब है कि मॉडल ट्विशा शर्मा की मुलाकात अपने पति समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर है. दिसंबर 2025 में दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी, लेकिन शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की सास और पति ने मिलकर उसकी हत्या की है. वह दोबारा शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहे हैं. इस वजह से वह एम्स से शव भी नहीं ले रहे हैं.
ये भी पढ़ें- क्रूर, हिंसक जानवर जैसा बर्ताव... ट्विशा शर्मा के मेजर भाई ने बहन की सास गिरिबाला सिंह पर लगाए गंभीर आरोप














