Indore Traffic Police: ने कानून का पालन जरूरी है, लेकिन क्या संवेदनशीलता भी उतनी ही जरूरी नहीं? इंदौर में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि मेडिकल इमरजेंसी में बेटी का डायलिसिस कराकर लौट रहे पिता को ट्रैफिक पुलिस ने रोक लिया और चालान काटने की कार्रवाई शुरू कर दी. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. इसके साथ ही पुलिस के रवैए पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
मध्य प्रदेश के Indore की ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि एक व्यक्ति अपनी बेटी का डायलिसिस कराकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने पुलिस को समझाने की कोशिश की कि वह मेडिकल इमरजेंसी में है और अभी-अभी अपनी बेटी का डायलिसिस करवाकर लौट रहा है, लेकिन इसके बावजूद चालान काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. यह घटना शहर के गोपुर चौराहा की बताई जा रही है, जहां तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने वाहन रोककर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी. जिसका वीडियो अब तेजी वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर हो रही है पुलिस की खिंचाई
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होते ही लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के रवैए पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई लोगों ने इसे असंवेदनशीलता बताते हुए कहा कि मेडिकल इमरजेंसी जैसे मामलों में पुलिस को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए.
विरोध बढ़ने पर पुलिस ने लिया यू-टर्न
वायरल वीडियो के बाद मामला बढ़ता देख पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को बिना चालान किए जाने दिया. हालांकि, तब तक यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका था और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन नियमों को लागू करते समय परिस्थितियों और मानवीय पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए. लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार वीआईपी और प्रभावशाली लोगों के मामलों में नरमी दिखाई जाती है, जबकि आम नागरिकों पर सख्ती की जाती है.
यह भी पढ़ेंः भोपाल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, महिलाओं ने ट्रैफिक कॉन्स्टेबल के साथ की मारपीट, वर्दी फाड़ने का भी आरोप
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कथित तौर पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी खुद ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों को साझा करते हुए लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब नियम सभी के लिए बराबर हैं, तो उनका पालन भी सभी को करना चाहिए. फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन से जवाब की उम्मीद कर रहे हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना पर क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसे मामलों में किस तरह की संवेदनशीलता दिखाई जाती.














