यूट्यूबर रचना गुर्जर: VIDEO में द‍िखाती थी गहने-लग्‍जरी लाइफ स्‍टाइल, फ‍िल्‍मी स्‍टाइल में लाखों की चोरी

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की प्रसिद्ध यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लगभग 7 से 8 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरों ने नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया. सोशल मीडिया पर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और आभूषणों का प्रदर्शन करने वाली रचना गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर से 7 लाख रुपये की चोरी, चोरों ने उड़ाए गहने, नकदी और रेडबुल की पेटी
Social Media

Rachna Gurjar Youtuber Shivpuri MP: सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल और सोने-चांदी के आभूषणों का दिखावा करना मध्य प्रदेश की एक महिला यूट्यूबर रचना गुर्जर को भारी पड़ गया. चोरों ने रात के अंधेरे में उनके घर पर धावा बोला और तकरीबन सात लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर लिया. यह मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले का है.

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के नरवर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहानी ख्यावदा गांव में जानी-मानी यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरी की यह बड़ी वारदात हुई. चोर उनके घर से लाखों की नकदी समेत कीमती गैजेट्स और सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए. फिलहाल अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है. इस चोरी के बाद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर खासी चर्चा है कि वह अपने वीडियो में अक्सर कीमती गहने और आलीशान जीवनशैली दिखाया करती थीं, संभवतः इसीलिए चोरों ने उनके घर को अपना निशाना बनाया.

सीसीटीवी कैमरों में र‍िकॉर्ड नहीं हुई चोरी

यूट्यूबर रचना गुर्जर के अनुसार, चोरों ने देर रात घर की बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग को काटा और परिसर के भीतर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने रचना और उनके पति ऊदल सिंह गुर्जर के कमरे की कुंडी को बाहर से बंद कर दिया, ताकि वे बाहर न आ सकें. चालाक चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख भी ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे उनकी कोई भी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके.

घर के भीतर प्रवेश करने के बाद चोरों ने कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर 1 लाख 91 हजार रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठियां और चांदी की करधनी चुरा ली. इतना ही नहीं, जाते-जाते ये अज्ञात चोर लगभग 8 हजार रुपये की कीमत वाली 'रेडबुल ' सॉफ्ट ड्रिंक की एक पेटी भी अपने साथ समेट ले गए.

Advertisement

कमरे का दरवाजा बाहर से बंद म‍िला 

रचना गुर्जर के मुताबिक, चोरी गए कुल सामान की अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये के बीच है. रचना गुर्जर को इस चोरी का पता सुबह करीब 4 बजे तब चला, जब वह पानी पीने के लिए उठीं और उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया. चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस अब आसपास के घरों और दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है.

रचना गुर्जर ने श‍िवपुरी एसपी से की कार्रवाई की मांग 

रचना गुर्जर ने इस संबंध में शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की है और चोरों की जल्द गिरफ्तारी व चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है. रचना गुर्जर ने स्पष्ट कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक वह इस मामले को लेकर लगातार वीडियो बनाती रहेंगी और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज उठाती रहेंगी.

Advertisement

गौरतलब है कि यूट्यूबर रचना गुर्जर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर आलीशान जीवनशैली से जुड़े वीडियो शेयर करके काफी लोकप्रिय हुई हैं. वह अपने घर के महंगे डेकोरेशन, सोने-चांदी के आभूषणों और ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी एक बेहतरीन लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो नियमित रूप से पोस्ट करती रहती हैं.

यह भी पढ़ेंमनीष पटेल रीवा जेल में: फिर भी फेसबुक पर धड़ाधड़ अपलोड हो रहे 'पोक्कभान' के कॉमेडी VIDEO!

यह भी पढ़ेंमनीष पटेल के जेल जाने के बाद रील वाइफ अमृता सिंह की जान पर बन आई! कौन दे रहा धमकी?

Featured Video Of The Day
Jantar Mantar पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन | Bharat Ki Baat Batata Hoon
Topics mentioned in this article