VIDEO: सनकी आशिक की क्रूरता! नाबालिग को कुल्हाड़ी से मारा, गर्दन में रस्सी बांधकर छत से लटकाया

शिवपुरी जिले में एक सनकी युवक द्वारा नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से हमला करने और रस्सी से लटकाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां एक सनकी आशिक ने नाबालिग लड़की पर पहले कुल्हाड़ी से बेरहमी से हमला किया, फिर घायल हालत में उसकी गर्दन में रस्सी बांधकर उसे छत से लटका दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. गंभीर रूप से घायल किशोरी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.

कुल्हाड़ी से हमला, फिर रस्सी से बांधकर लटकाया

यह मामला शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील के भौती थाना क्षेत्र के चंदावली गांव का है. यहां एक सनकी प्रेमी ने 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने घायल लड़की की गर्दन में रस्सी बांधकर उसे छत से लटका दिया. पूरी घटना बेहद भयावह बताई जा रही है.

वायरल वीडियो में कैद हुई क्रूरता

घटना के बाद आरोपी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह घायल किशोरी को रस्सी से बांधकर खींचते हुए दिखाई दे रहा है. यह दृश्य देखकर हर कोई सिहर उठा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई. हमले में किशोरी के सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आई हैं. उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

आरोपी गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में उसके कुछ साथी भी शामिल हो सकते हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Advertisement

परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

घटना के बाद पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है. परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के अवैध मकान को तोड़ने की मांग की. उनका कहना है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना करने की हिम्मत न करे. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है.