VIDEO: बाइक से मरीज को लेकर अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर तक पहुंचा युवक, बोला- स्ट्रेचर नहीं मिला 

मध्य प्रदेश के सतना जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक मरीज को बाइक से फर्स्ट फ्लोर तक ले जाता दिखा. युवक का कहना है कि समय पर स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

एमपी के सतना जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक युवक अपने मरीज परिजन को बाइक पर लेकर सीधे अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर तक पहुंच गया. युवक का कहना है कि उसे समय पर स्ट्रेचर नहीं मिला, मजबूरी में उसे यह कदम उठाना पड़ा. इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दरअसल, शनिवार को जिला चिकित्सालय सतना में अजीब नजारा देखने को मिला, जब एक युवक बाइक लेकर अस्पताल की पहली मंजिल तक पहुंच गया. फर्स्ट फ्लोर के आइसोलेशन वार्ड के पास बाइक देख वहां मौजूद लोग और स्टाफ हैरान रह गए. शुरुआत में इसे सुरक्षा में बड़ी चूक माना गया, लेकिन बाद में मामला कुछ और निकला.

स्ट्रेचर न मिलने से मजबूरी में उठाया कदम

जानकारी के अनुसार, युवक अपने परिजन अंजनी सोनी (46), निवासी खुटहा नयागांव, का इलाज कराने अस्पताल आया था. डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर किया था. परिजनों को मरीज को नीचे ले जाने के लिए स्ट्रेचर चाहिए था, लेकिन काफी देर तक स्ट्रेचर नहीं मिला. मजबूरी में युवक बाइक लेकर पिछले गेट से होते हुए सीधे फर्स्ट फ्लोर तक पहुंच गया.

Advertisement

बाइक पर ले जाने की कोशिश, फिर लौटा वापस

युवक मरीज को बाइक पर बैठाकर ले जाना चाहता था, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ऐसा संभव नहीं हो पाया. मरीज ने बाइक पर बैठने से मना कर दिया. इसके बाद युवक बिना मरीज को ले जाए वापस लौट गया, लेकिन इस दौरान अस्पताल में यह मामला चर्चा का विषय बन गया.

जांच में सामने आई असली वजह

मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने हस्तक्षेप किया. जांच में सामने आया कि युवक का मकसद कोई हंगामा करना नहीं था, बल्कि वह अपने परिजन की हालत को लेकर परेशान था. इसके बाद तुरंत स्ट्रेचर की व्यवस्था की गई और मरीज को एम्बुलेंस से रीवा भेजा गया.

Advertisement

घटना ने व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

बताया जा रहा है कि अंजनी सोनी घोड़े की लात लगने से घायल हुए थे और इलाज चल रहा था. इस पूरी घटना ने अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं, खासकर समय पर स्ट्रेचर उपलब्ध न होने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बाद में मरीज को सभी जरूरी सुविधाएं देकर सुरक्षित रेफर कर दिया गया.

Featured Video Of The Day
Manoj Tiwari Interview: Rani Chatterjee के सवाल ये क्या बोल गए Manoj Tiwari? | NDTV India