VIDEO: 'अब फायरिंग खाकी पर होगी'- एयरफोर्स जवान के घर गोली चलाने वाले की इंस्टा लाइव पर धमकी

सतना में एयरफोर्स जवान के घर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी अमित सोनी फरार है और अब इंस्टाग्राम लाइव पर पुलिस को खुलेआम धमकी दे रहा है. आरोपी ने खाकी पर फायरिंग की बात कहकर सनसनी फैला दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश के सतना में एयरफोर्स जवान के घर पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी अब पुलिस के लिए खुली चुनौती बनकर सामने आ गया है. फरार आरोपी अमित सोनी उर्फ बंटा ने इंस्टाग्राम लाइव पर आकर न सिर्फ गिरफ्तारी से बचने की बात कही, बल्कि खाकी वर्दी पर गोली चलाने तक की धमकी दे डाली.  

दरअसल, एयरफोर्स जवान के घर पर फायरिंग के तीसरे दिन आरोपी अमित सोनी ने सोशल मीडिया का सहारा लेकर खुद को बेखौफ दिखाया. इंस्टाग्राम पर लाइव आकर उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि "मुझे ट्रैक करके दिखाओ, इस बार पूरी तैयारी है, अब फायरिंग खाकी पर ही होगी." आरोपी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

एयरफोर्स जवान के घर हुआ था हमला

जानकारी के मुताबिक, कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग इलाके में शुक्रवार शाम को एयरफोर्स जवान रामराज सिंह के घर पर हमला किया गया था. उस वक्त बदमाशों ने पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग की थी. यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया था. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जवान के बेटे हर्ष और उसके दोस्तों को निशाना बनाया था.  

पांच आरोपी में से सिर्फ दो गिरफ्तार

इस वारदात को अंजाम देने में अमित सोनी के अलावा अंकित सिंह, युवराज सिंह समेत कुल पांच लोग शामिल थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंकित और युवराज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमित सोनी सहित दो अन्य अभी फरार हैं. पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर मिल रहा समर्थन

चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपने साथियों से बातचीत करता नजर आया. वीडियो में उसके दोस्त न सिर्फ उसकी बातों को सुनते रहे, बल्कि कुछ उसका समर्थन करते भी दिखाई दिए. इससे पुलिस की चिंता और बढ़ गई है.

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की तकनीकी जांच की जा रही है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश तेज कर दी गई है.

Advertisement

पुलिस के लिए बना प्रतिष्ठा का सवाल

इस केस ने अब पुलिस की साख पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. खुलेआम सोशल मीडिया पर चुनौती देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुकी है. शहर में भी चर्चा है कि आखिर आरोपी कब तक कानून से बच पाएगा.