MP Women Commission Appointment: मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद राज्य महिला आयोग में नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज हो गई है. करीब 6 साल बाद आयोग को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार महिला आयोग के खाली पड़े अध्यक्ष और सदस्यों के पदों पर नियुक्ति करने की तैयारी में है. अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो अगले 24 घंटों में इसका औपचारिक ऐलान भी हो सकता है.
रेखा यादव बन सकती हैं अध्यक्ष
सूत्रों के अनुसार, पूर्व विधायक रेखा यादव के नाम पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पद के लिए सहमति बन चुकी है. लंबे समय से यह पद खाली पड़ा था. रेखा यादव इससे पहले विधायक रह चुकी हैं और संगठनात्मक अनुभव भी रखती हैं. सरकार उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाने की तैयारी में है.
दो सदस्यों के नाम भी लगभग तय
महिला आयोग में अध्यक्ष के साथ दो सदस्यों की भी नियुक्ति प्रस्तावित है. जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधायक साधना स्थापक और ग्वालियर की पूर्व मेयर समीक्षा गुप्ता को आयोग का सदस्य बनाया जा सकता है. दोनों नामों पर भी सहमति बन चुकी है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा हो सकती है.
2020 से खाली था महिला आयोग का अध्यक्ष पद
गौरतलब है कि साल 2020 में कमलनाथ सरकार गिरने के बाद राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष पद कानूनी विवाद में फंस गया था. उस समय तत्कालीन अध्यक्ष शोभा ओझा और अन्य सदस्यों को शिवराज सरकार ने हटा दिया था. इस फैसले को लेकर मामला कोर्ट तक पहुंच गया, जिसके चलते आयोग में नई नियुक्तियां लंबे समय तक अटकी रहीं.
बाल संरक्षण आयोग में भी बनेगी नई टीम
सूत्र यह भी बता रहे हैं कि बाल संरक्षण आयोग में भी अध्यक्ष और सदस्यों के नाम तय कर लिए गए हैं. डॉ. निवेदिता शर्मा को बाल संरक्षण आयोग का अध्यक्ष बनाया जा सकता है. वे पहले से ही आयोग की सदस्य हैं. इसके अलावा सोनम निनामा, अर्चना गुप्ता, मोनिका बट्टी और सीमा सिंह को सदस्य बनाए जाने पर सहमति बनी है.
24 घंटे में हो सकता है ऐलान
राज्य महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग, दोनों में नियुक्तियों का ऐलान अगले 24 घंटों के भीतर होने की संभावना जताई जा रही है. इससे दोनों आयोगों का कामकाज फिर से रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है.
SC-ST आयोग में पहो चुकी हैं नियुक्तियां
इधर, गुरुवार को मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी गई है. पूर्व विधायक कैलाश जाटव को अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, अनुसूचित जनजाति आयोग की कमान पूर्व विधायक रामलाल रौतेल को सौंपी गई है. वे दूसरी बार इस पद पर नियुक्त हुए हैं.
अनुभवी नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
रामलाल रौतेल इससे पहले भी साल 2010 में आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं. वे अनूपपुर सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. वहीं कैलाश जाटव अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और 2013 में नरसिंहपुर की गोटेगांव सीट से विधायक बने थे.














