ग्वालियर: डबरा शहर के बस स्टैंड के समीप उस समय सनसनी फैल गई जब एक छात्र का दिनदहाड़े बीच बाजार से पीटते हुए अपहरण कर लिया गया. पीड़ित युवक ने आधा दर्जन से अधिक लोगों पर आरोप लगाया है. उसका कहना है कि वह सैलून में कटिंग करा रहा था, तभी कुछ बदमाश उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट कर दी. सूचना पर परिजन सिटी थाना पहुंचे, पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी अपहृत छात्र को ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सहराई पुल के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए. मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है.
‘नाग फांस': 2 घंटे तक लकवाग्रस्त व्यक्ति को कुर्सी से जकड़े रहा सांप, Video रोंगटे खड़े कर देगा
जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए
पुलिस के अनुसार, हासखेड़ी निवासी गुरमंत सिंह बस स्टैंड के पास स्थित एक सैलून पर कटिंग कराने गए थे. इसी दौरान हर्ष रावत, कपिल रावत, अरुण रावत सहित अन्य युवक वहां पहुंचे और छात्र के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए.
सहराई पुल के पास छोड़कर फरार हुए
पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसे तिवारी गार्डन रोड सहित कई स्थानों पर ले गए जहां अवैध हथियारों के बटों से उसकी पिटाई की गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और शहर के चारों ओर नाकाबंदी कर दी, जिसकी आरोपियों को भनक लगने पर अपहृत छात्र को ग्वालियर-झांसी हाईवे स्थित सहराई पुल के पास छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
पीड़ित छात्र ने एक राहगीर के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन सिटी थाना पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. दिनदहाड़े मुख्य बाजार क्षेत्र से छात्र के अपहरण की घटना से शहर में हड़कंप मच गया, बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए. बताया जा रहा है कि शुरुआती स्तर पर पुलिस केवल मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी में थी, लेकिन सिख समाज के विरोध और हंगामे के बाद पुलिस ने देर रात हर्ष, कपिल, आर्यन, ध्रुव, अरुण सहित दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया. पुलिस ने बताया कि छात्र के अपहरण मामले में सात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.











