Middle East Crisis Flight Impact: दुबई और शारजाह में उड़ान (Dubai Sharjah Flights) संचालन प्रभावित होने के कारण पिछले चार दिनों से फंसे (Indian Passengers Stranded in Dubai) इंदौर के यात्रियों को आखिरकार राहत मिली. पूर्व विधायक संजय शुक्ला (Former MLA Sanjay Shukla) और विशाल पटेल (Former MLA Vishal Patel) मंगलवार को इंदौर लौट आए. इनके साथ प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल और आदित्य शर्मा सहित अन्य यात्री भी सुरक्षित भारत पहुंचे.
उड़ानें रद्द होने से फंसे थे सैकड़ों यात्री
इजराइल–ईरान तनाव के चलते खाड़ी हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध लगाए गए थे, जिसकी वजह से कई उड़ानें रद्द हो गईं. एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह–इंदौर फ्लाइट IX‑256 को 28 फरवरी से लगातार कैंसिल किया जा रहा था. 3 मार्च को भी उड़ान नहीं चल सकी. इंदौर, भोपाल और आसपास के जिलों के सैकड़ों यात्रियों को होटल में अतिरिक्त दिन रुकना पड़ा. कई लोगों ने मिसाइल अलर्ट के कारण उत्पन्न स्थिति का भी अनुभव किया.
दुबई और शारजाह में क्यों फंसे थे यात्री?
मध्य पूर्व में बिगड़े हालात के बाद UAE के कुछ हिस्सों में फ्लाइट ऑपरेशन अस्थायी रूप से बाधित हो गए. कई एयरलाइंस को रूट बदलने पड़े, जबकि कुछ उड़ानों को रद्द करना पड़ा. इसी वजह से इंदौर के यात्री भी वहीं रुके रह गए. यात्रा रद्द होने और लगातार अनिश्चितता से यात्री परेशान थे.
"हम सुरक्षित हैं" वीडियो कॉल पर बोले थे संजय शुक्ला
दुबई से इंदौर आने से पहले पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने परिचितों से वीडियो कॉल पर बात की और कहा "घबराने की बात नहीं है, हम सुरक्षित हैं. फ्लाइट्स कैंसिल होने से देरी जरूर हुई, लेकिन अब विशेष विमान से वापसी हो रही है." सोशल मीडिया पर भी उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा कि "बाबा महाकाल की कृपा से हम जल्द इंदौर लौट रहे हैं. दुबई से मुंबई के लिए उड़ान भर ली है और विमान टेक‑ऑफ कर चुका है." उन्होंने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्रियों का सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया.
इस तरह हुई वापसी
2 मार्च की शाम से दुबई एयरपोर्ट पर चुनिंदा उड़ानें शुरू होने लगीं. अबूधाबी से दिल्ली और मुंबई के लिए भी फ्लाइट्स चालू हुईं. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार यात्री पहले मुंबई पहुंचे, फिर वहाँ से दूसरी फ्लाइट लेकर इंदौर आए. शारजाह-इंदौर की सीधी उड़ान अब भी बंद है.
नेताओं ने की थी पहल
मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली में संबंधित मंत्रालयों से बात की थी, जबकि कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की थी ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित लौटाया जा सके. यात्रियों की वापसी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.
यह भी पढ़ें : दुबई में फंसे इंदौर के दिग्गजों की घर वापसी; यूएई सरकार ने भेजी विशेष फ्लाइट, पूर्व MLA समेत ये हस्तियां लौटीं
यह भी पढ़ें : RTE Admission 2026-27 MP: प्राइवेट स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश, लॉटरी से चयन, इस तारीख तक करें Online आवेदन
यह भी पढ़ें : Paan Farming: पान की विलुप्त होती खेती को बचाने की पहल; छुईखदान में शोध केंद्र शुरू, शेडनेट पर 50% अनुदान
यह भी पढ़ें : भिंड : घूंघट में लोकतंत्र; आलमपुर नगर परिषद की बैठक में महिला जनप्रतिनिधि मौन, पति-बेटे संभालते रहे कार्यवाही














