6 साल तक नाबालिग से रेप! बीजेपी सांसद के पूर्व पीए समेत 6 पर केस दर्ज, ब्लैकमेल कर बनाया शिकार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग से नाबालिग के साथ 6–7 साल तक यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि ब्लैकमेल कर बीजेपी सांसद के पूर्व पीए समेत छह लोगों ने अपराध किया. पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Durg Minor Rape Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग से बेहद गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि एक नाबालिग लड़की को लगातार 6–7 साल तक ब्लैकमेल कर यौन शोषण का शिकार बनाया गया. इस मामले में बीजेपी सांसद के पूर्व निजी सहायक (पीए) समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.

एक और फरार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर कश्यप को गिरफ्तार किया है, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) में टाइमकीपर के पद पर कार्यरत है. आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार था. लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार किया.

2018 में शुरू हुआ शोषण, 2025 तक चला

पीड़िता के मुताबिक, साल 2018 में जब वह सिर्फ 14 साल की थी, तभी पहली बार उसके साथ अपराध हुआ. इसके बाद अलग‑अलग मौकों पर छह आरोपियों ने मिलकर साल 2025 तक उसका शोषण किया. लंबे समय तक डर और दबाव में रहने के कारण वह चुप रही.

शिकायत में सामने आया है कि आरोपियों ने पीड़िता को डराया‑धमकाया और निजी तस्वीरों‑वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल किया. इसी दबाव का फायदा उठाकर वे बार‑बार उसे शोषण का शिकार बनाते रहे.

Advertisement

मां को बताई आपबीती, तब खुला मामला

काफी समय बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना बताई. इसके बाद मां ने 30 जनवरी को भिलाई महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की.

कुल 6 नामजद आरोपी, 2 अब भी फरार

इस केस में कुल 6 नामजद आरोपी हैं. अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. फरार आरोपियों में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के पूर्व पीए बीएन पांडे और PWD ठेकेदार संजय पंडित शामिल हैं. दोनों आरोपी एफआईआर के बाद से फरार बताए जा रहे हैं.

Advertisement

POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने नाबालिग से जुड़े इस गंभीर अपराध में POCSO एक्ट समेत अन्य कड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

बाकी आरोपी भी जल्द पकड़े जाएंगे

DIG विजय अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें लगी हुई हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: तेल में आग लगाएगा ईरान? America करेगा Pakistan पर अटैक? | Sucherita Kukreti | Trump