Bhopal News: भोपाल के लक्ष्मी हॉस्पिटल में युवक की मौत के बाद हंगामा, पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल

Bhopal News in HIndi: गुस्साई भीड़ ने अस्पताल परिसर में पथराव कर दिया. इस घटना में ड्यूटी पर मौजूद तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए मौके पर अतिरिक्त बल बुलाया और करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhopal News: भोपाल के पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद गुरुवार की दोपहर माहौल तनावपूर्ण हो गया. दरअसल, युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और साथ आए लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया.

स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई, जब गुस्साई भीड़ ने अस्पताल परिसर में पथराव कर दिया. इस घटना में ड्यूटी पर मौजूद तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए मौके पर अतिरिक्त बल बुलाया और करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है.

 चक्कर आने के बाद अस्पताल लाया गया था युवक

पुलिस के अनुसार युवक को घर पर अचानक चक्कर आने और बेहोश होने के बाद अस्पताल लाया गया था. अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक की मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है. जांच के दौरान उसके ब्रेन में क्लॉटिंग होने की भी पुष्टि हुई थी. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

 परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप

घटना के बाद हिरासत में लिए गए कुछ लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि युवक को मामूली समस्या होने के बावजूद आईसीयू में भर्ती कर लिया गया था. परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उन्हें युवक की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी. इतना ही नहीं, अंतिम समय में उन्हें युवक से मिलने की अनुमति भी नहीं दी गई. इसी वजह से परिवार और साथ आए लोगों को अस्पताल प्रबंधन पर संदेह होने लगा.

Advertisement

डॉक्टर से मिलने को लेकर बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि जब परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से बातचीत करने की कोशिश की तो विवाद और बढ़ गया. आरोप है कि अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और इलाज कर रहे डॉक्टर से मिलने से भी मना कर दिया. इसी के बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय तक भीड़ काफी उग्र हो चुकी थी और पथराव शुरू हो गया.

यह भी पढ़ें- भोपाल एम्स में HOD की प्रताड़ना से तंग महिला डॉक्टर की आत्महत्या, NHRC ने स्वास्थ्य विभाग को भेजा नोटिस

पुलिस ने पूरे मामले में बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत की असली वजह सामने आएगी. फिलहाल अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे.

Advertisement

यह भी पढ़ें- होली के मौके पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 किलो से अधिक गांजा के साथ अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

Featured Video Of The Day
Donald Trump On Tim Cook: Apple CEO Resignation पर Trump ने कहा 'He Called To Kiss My A**'
Topics mentioned in this article