इंस्टा Reel बनाने से रोका, तो पत्नी ने कर लिया सुसाइड; 26 जनवरी को डाली थी आखिरी पोस्ट 

छत्तीसगढ़ के भिलाई में छावनी थाना क्षेत्र से महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार इंस्टाग्राम रील बनाने और पोस्ट करने को लेकर पति‑पत्नी में लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना वाले दिन बहस के बाद महिला ने फांसी लगाई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Wife Suicide After Reel Argument: छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति‑पत्नी के बीच चल रहे लंबे विवाद ने आखिरकार एक परिवार को तबाह कर दिया. छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर पति की नाराजगी और घरेलू तनाव के बीच आत्महत्या कर ली.  

अंजली साव (35 वर्ष) अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी. अंजली एक गृहिणी थी, लेकिन सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी. वह अक्सर रील और डांस वीडियो बनाकर पोस्ट किया करती थी.

रील बनाने को लेकर पति से होता था विवाद

परिजनों और पुलिस के अनुसार, अंजली के सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने को लेकर उसके पति को आपत्ति थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी और विवाद होता रहता था. यह विवाद लंबे समय से चल रहा था और घर का माहौल भी लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था.

घटना वाले दिन भी हुआ झगड़ा

बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी रील अपलोड करने को लेकर पति‑पत्नी के बीच तीखी बहस हुई थी. उसी दिन दोनों के बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए हुए थे. बच्चों के घर पर न होने के दौरान ही अंजली ने यह कदम उठा लिया.

ट्यूशन से लौटे बच्चों ने मां को देखा

जब बच्चे ट्यूशन से लौटकर घर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी मां को कमरे में फंदे पर लटका हुआ देखा. बच्चों ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिवार के लोगों ने छावनी थाना पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने किया पंचनामा, मर्ग कायम

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

Advertisement

26 जनवरी को डाली थी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट

पुलिस जांच में सामने आया है कि अंजली सोशल मीडिया पर काफी चर्चित थी. मोहल्ले में लोग उसे उसकी रील और डांस वीडियो के कारण जानते थे. उसने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट डाली थी, जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश

परिजनों के मुताबिक, दिसंबर महीने में भी अंजली ने आत्महत्या की कोशिश की थी. उस समय उसकी हालत गंभीर हो गई थी और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी, लेकिन पारिवारिक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए थे.

Advertisement

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

इस पूरे मामले पर दुर्ग जिले के एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि इंस्टाग्राम रील को लेकर पति‑पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. हालांकि, आत्महत्या की असली वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है. 

Featured Video Of The Day
Rohit Shetty House Firing Case: पहले Salman, अब Rohit! Lawrence Bishnoi के निशाने पर बॉलीवुड स्टार?