Bhopal Railway Station Fire VIDEO: राजधानी भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भोपाल‑जोधपुर एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा था और अचानक उसकी जनरेटर कार से धुआं निकलने लगा. कुछ ही पलों में धुएं का गुबार स्टेशन परिसर में फैल गया, जिससे यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. हालात इतने गंभीर हो गए कि स्टेशन पर अफरा‑तफरी का माहौल बन गया, हालांकि रेलवे की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.
प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करते वक्त भड़की आग
यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर‑6 पर हुई. भोपाल से जोधपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की जनरेटर कार में अचानक तेज धुआं उठने लगा. धुएं का असर इतना ज्यादा था कि उसका गुबार अन्य प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया. वहां बैठे यात्रियों को भी आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी. गनीमत रही कि उस समय ट्रेन में यात्री सवार नहीं थे, वरना हालात और गंभीर हो सकते थे.
देखते‑देखते स्टेशन हुआ धुएं से भर गया
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर खड़ा किया गया और पावर ऑन किया गया, उसी दौरान जनरेटर कार से तेज धुआं और हल्की आग की लपटें दिखाई देने लगीं. कुछ ही देर में पूरा स्टेशन धुएं से घिर गया. यात्रियों में घबराहट फैल गई और लोग इधर‑उधर हटने लगे.
रेलवे स्टाफ ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे का स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची. फायर बूस्टर की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया. एहतियात के तौर पर जनरेटर कार को ट्रेन से अलग कर दिया गया और वैकल्पिक इंजन व पावर कार की व्यवस्था की गई. समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा दुर्घटना टल गई.
शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह
भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करते समय पावर ऑन किया गया था. इसी दौरान जनरेटर कार में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे तार जलने लगे और धुआं निकलने लगा. शुरुआती जांच में वायरिंग के जलने की बात सामने आई है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इंजीनियरों की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.
यात्रियों को कुछ देर हुई परेशानी
घटना के दौरान स्टेशन परिसर में फैले धुएं के कारण अन्य प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ समय के लिए अफरा‑तफरी रही, लेकिन हालात जल्द सामान्य कर लिए गए. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पूरी घटना पर नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोहराई न जाए.














