MP Weather Update: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में नौतपा के दौरान मौसम ने भयावह रूप दिखाते हुए भारी तबाही मचाई है. तेज आंधी, तूफान और बारिश के चलते जिले में कई स्थानों पर जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. अलग-अलग घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. प्राकृतिक आपदा में पशुओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिसमें एक भैंस और चार बकरियों की मौत हो गई. कई इलाकों में पेड़ और मकान ढह गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है.
आकाशीय बिजली से महिला की मौत
देहात थाना क्षेत्र के सदारीपुरा और चरथर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में चार बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं. घटना के बाद गांव में भय का माहौल बन गया है.
MP Weather: टूटी हुई छत
तूफान से तबेला ढहा, भैंस की मौत
गोहद के सर्वा गांव में तेज आंधी और तूफान के कारण तबेले की दीवार गिर गई. इस हादसे में एक भैंस की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भैंसें घायल हो गईं. ग्रामीणों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर नुकसान हुआ है.
छत गिरने से युवक की मौत
गोहद पूर्व कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष के बेटे जितेंद्र सिंह तोमर की भी दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जितेंद्र सिंह रात में छत के नीचे सो रहे थे. तभी तेज तूफान के कारण छत की पटिया टूटकर उनके ऊपर गिर गई. गंभीर हालत में परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
MP Weather: इनकी हुई दबने से मौत
मलबे में दबकर एक और मौत
मौ क्षेत्र के अतरसोंहा गांव में भी बड़ा हादसा हो गया. यहां जगमोहन सिंह गुर्जर के मकान की छत अचानक गिर गई, जिसके नीचे तीन भाई दब गए. सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद 50 वर्षीय शिव कुमार गुर्जर को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. वहीं 45 वर्षीय रामवीर सिंह गुर्जर और 65 वर्षीय अमर सिंह गुर्जर घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
पेड़ गिरने से ऑटो क्षतिग्रस्त
मेहगांव क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान एक पेड़ ऑटो पर गिर गया. हालांकि इस घटना में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
MP Weather: मलबा
बिजली व्यवस्था ठप, जनजीवन प्रभावित
तेज तूफान के चलते जिलेभर में कई बिजली के खंभे गिर गए, जिससे पूरी रात कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा. बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
अस्पताल के गेट पर गिरा पेड़
जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर भी पेड़ गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया. मरीजों और परिजनों को अंदर-बाहर आने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
MP Weather: रात में जुटा प्रशासन
प्रशासन जुटा नुकसान के आकलन में
लगातार हो रही घटनाओं के बाद प्रशासन ने हालात का जायजा लेना शुरू कर दिया है. विभिन्न विभागों की टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की तैयारी की जा रही है.
लोगों में दहशत, सतर्कता की जरूरत
नौतपा के दौरान अचानक बदले मौसम ने लोगों को डरा दिया है. वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : यूपी में आज आंधी और बारिश से सावधान, 90 किमी की रफ्तार से आएगा तूफान, पूर्वांचल से वेस्ट यूपी तक अलर्ट
यह भी पढ़ें : पिछोर विधायक प्रतिनिधि से तंग परिवार ने CM से मांगी इच्छा मृत्यु, शिवपुरी में वीडियो से मचा हड़कंप
यह भी पढ़ें : चेन स्नेचिंग की कोशिश नाकाम, हरदा में महिला की सूझबूझ से बचा मंगलसूत्र, CCTV में कैद
यह भी पढ़ें : तीन फीट लंबी पूंछ... गजब का रंग; छत्तीसगढ़ के देवपुर जंगल में दिखी दुर्लभ विशाल मालाबार गिलहरी, देखिए तस्वीर











