एक साल से न्याय की आस; भिंड में कारगिल युद्ध के रिटायर्ड फौजी ने SP ऑफिस में आत्मदाह की दी चेतावनी

MP Crime News: भिंड में रिटायर्ड कारगिल फौजी की पत्नी की हत्या और डकैती का मामला एक साल बाद भी अनसुलझा. न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी से हड़कंप. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
भिंड डकैती‑हत्या केस: रिटायर्ड कारगिल फौजी की आत्मदाह चेतावनी

Bhind Robbery Murder Case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक बेहद सनसनीखेज और संवेदनशील मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. कारगिल युद्ध के रिटायर्ड सूबेदार हरिदास देपुरिया के घर हुई डकैती और उनकी 62 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी की बेरहमी से हत्या को एक साल बीत चुका है, लेकिन आज तक पुलिस के हाथ खाली हैं. न्याय की आस में दर‑दर भटक रहे पूर्व सैनिक ने अब पुलिस प्रशासन के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है. मामले में कोई ठोस कार्रवाई न होने से आहत रिटायर्ड फौजी ने 15 अप्रैल को भिंड एसपी कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है. इस चेतावनी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और प्रशासन हरकत में नजर आ रहा है.

रात के सन्नाटे में हुई थी खौफनाक वारदात

यह घटना भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में 14‑15 अप्रैल 2025 की दरम्यानी रात की है. उस रात सुशीला देवी घर की छत पर चारपाई पर सो रही थीं, जबकि उनके पति, रिटायर्ड सूबेदार हरिदास देपुरिया, नीचे कमरे में आराम कर रहे थे. देर रात अज्ञात बदमाश चुपके से घर में घुसे और सबसे पहले हरिदास के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि वह बाहर न निकल सकें. इसके बाद बदमाश छत पर पहुंचे, कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए. आहट मिलने पर सुशीला देवी जाग गईं और उन्होंने विरोध किया. इसी विरोध के दौरान बदमाशों ने उनका गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी.

MP Crime News: भिंड डकैती हत्या केस

लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

हत्या को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने घर में रखे बक्सों को तोड़ डाला. रिटायर्ड सूबेदार हरिदास देपुरिया के अनुसार, उन्होंने अपनी पोती की शादी के लिए करीब 10 लाख रुपये नकद घर में रखे थे. बदमाशों ने करीब साढ़े चार लाख रुपये, 32 तोला सोना और लगभग ढाई किलो चांदी लूट ली. हालांकि, पुलिस को मौके पर बक्सों में कुछ नकदी मिली, जिससे जांच के दौरान यह सवाल भी उठा कि मामला सिर्फ डकैती का था या फिर डकैती की आड़ में सुनियोजित हत्या की गई.

जांच शुरू, फिर धीमी पड़ती गई रफ्तार

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई. शुरुआती दौर में संदिग्धों से पूछताछ भी की गई और कई एंगल से जांच की बात कही गई, लेकिन समय बीतने के साथ‑साथ जांच की रफ्तार धीमी होती चली गई. रिटायर्ड सूबेदार हरिदास देपुरिया का आरोप है कि पुलिस घटना के करीब चार घंटे बाद मौके पर पहुंची. सूचना देने के बावजूद उनके बेटे को 12 किलोमीटर दूर थाने बुलाया गया. एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने देर से घटनास्थल का निरीक्षण किया.

Advertisement

35 से ज्यादा बार थाने के चक्कर, फिर भी नहीं मिली राहत

पीड़ित रिटायर्ड फौजी का कहना है कि पिछले एक साल में वह 35 से अधिक बार देहात थाने के चक्कर लगा चुके हैं. इसके अलावा वह एक बार एसडीओपी और दो बार एसपी से भी मिल चुके हैं. यहां तक कि एसपी की मौजूदगी में मंत्री के सामने भी अपनी पीड़ा रख चुके हैं. हर बार उन्हें यही कहकर टाल दिया गया कि “जरूरत पड़ेगी तो बुला लेंगे”, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

पूर्व सैनिक संगठन समर्थन में उतरा

न्याय न मिलने से नाराज होकर अब पूर्व सैनिक संगठन भी हरिदास देपुरिया के समर्थन में उतर आया है. संगठन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. संगठन का कहना है कि अगर एक रिटायर्ड फौजी को ही न्याय नहीं मिलेगा तो आम नागरिक किससे उम्मीद करे.

Advertisement

आत्मदाह की चेतावनी, 15 अप्रैल को रैली का ऐलान

घटना के ठीक एक साल पूरे होने पर रिटायर्ड सूबेदार हरिदास देपुरिया ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 अप्रैल तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वह एसपी कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे. उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को पूर्व सैनिक संगठन, परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग अटेर रोड से रैली निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचेंगे. यदि वहां भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो वह मजबूर होकर आत्मघाती कदम उठाएंगे.

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हत्या और डकैती जैसी गंभीर वारदात के एक साल बाद भी आरोपियों तक न पहुंच पाना सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा करता है. अब सबकी नजरें 15 अप्रैल पर टिकी हैं, जब यह मामला और तूल पकड़ सकता है. प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गया है कि वह समय रहते ठोस कार्रवाई कर स्थिति को संभाले और एक रिटायर्ड सैनिक को न्याय दिलाए.

यह भी पढ़ें : जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष : मुरादाबाद में भाई की पीट‑पीटकर हत्या; पत्नी और सास गंभीर घायल

यह भी पढ़ें : MP Board 10th Toppers List: 499 अंक; 10वीं की परीक्षा परिणाम में पन्ना की प्रतिभा का कमाल, देखिए टॉपर्स लिस्ट

Advertisement

यह भी पढ़ें : MP Board 12th Toppers List: खुशी और चांदनी ने मारी बाजी; यहां देखिए 12वीं की टॉपर्स लिस्ट

यह भी पढ़ें : MP Board 10, 12th Toppers List: 10वीं‑12वीं का रिजल्ट जारी, झाबुआ ने मारी बाजी; देखिए कौन से जिले मेरिट में

Advertisement
Featured Video Of The Day
होर्मुज बना बारूद का ढेर, 16 अमेरिकी युद्धपोत तैनात, ईरान ने झुंड हमले की तैयारी की