Summer Meal Ideas Ready in 10 Minutes: गर्मी में लंबे समय तक किचन में खड़े रहना जरूरी नहीं है. अगर तैयारी पहले कर ली जाए और स्मार्ट मील चुने जाएं, तो 10 मिनट में भी पूरा और हल्का खाना बनाया जा सकता है. अब मेरे लिए गर्मी का मतलब किचन से जंग नहीं, बल्कि समझदारी से खाना बनाना है. गर्मी का मौसम आते ही मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती खाना बनाना नहीं, बल्कि किचन में टिके रहना बन जाता था. गैस की गर्मी, भाप और लगातार खड़े रहने से हालत खराब हो जाती थी.
लेकिन घर का खाना तो बनाना ही होता है. ऐसे में मैंने अपना तरीका बदल दिया. मैंने सोचा कि क्यों न ऐसे मील बनाए जाएं जो जल्दी तैयार हों, कम गैस पर बनें और जिनकी आधी तैयारी किचन के बाहर बैठकर ही हो सके. अब मैं सब्जी काटना, मिक्सिंग या तैयारी पहले ही बाहर कर लेती हूं और किचन में सिर्फ फाइनल कुकिंग के लिए जाती हूं. तो गर्मी में किचन से राहत के इसी ट्रायल एंड एरर में मुझे कुछ ऐसे मील आइडिया मिले, जिनमें बिना ज्यादा पकाए खाना तैयार होगा, जो कम गैस पर बनने वाले मील है और 10 मिनट के आसपास बन जाते हैं और गर्मी में भी आसानी से मैनेज हो जाते हैं.
मेरी कुकिंग हैक (Quick Summer Meal Ideas)
1. अलग-अलग तरह की खिचड़ी
खिचड़ी को मैंने सबसे ज्यादा एक्सप्लोर किया. सिर्फ दाल-चावल नहीं, बल्कि रागी खिचड़ी, पनीर खिचड़ी, सोया खिचड़ी और कभी-कभी चिकन खिचड़ी भी. मैंने सीखा कि सब चीजें पहले काटकर रख लो, फिर कुकर में एक साथ डालो और सीटी का इंतजार करो. गैस के पास खड़े रहने की जरूरत नहीं, और एक ही पॉट में पूरा मील तैयार.
2. दलिया के अलग कॉम्बिनेशन
दलिया को भी मैंने ट्विस्ट किया. कभी सब्जियों के साथ, कभी दाल के साथ. सबसे अच्छा तरीका यह लगा कि सब कुछ कुकर में डालकर एक बार में पका लो. इसमें बार-बार चलाने या खड़े रहने का झंझट नहीं होता. हल्का, पेट भरने वाला और गर्मियों में सूट करने वाला मील.
3. राइस कंजी (साउथ स्टाइल)
यह मेरे लिए सबसे आसान ऑप्शन बना. रात के बचे चावल को मैं दूध-दही, प्याज और हरी मिर्च में भिगोकर रख देती हूं. सुबह उसमें नमक मिलाकर राई-जीरा, कड़ी पत्ता आदि का तड़का दे देती हूं. बिल्कुल कम समय और कम मेहनत में बनने वाली ये डिश गट हेल्थ के लिए वरदान है और शरीर को ठंडक भी देती है.
4. दही या मठे वाले आलू
मैं आलू पहले से उबालकर रख लेती हूं. जब बनाना होता है, तो बाहर बैठकर ही आलू काट लेती हूं. फिर किचन में जाकर सिर्फ 5–6 मिनट का काम करती हूं- हल्का सा तड़का, उसमें आलू और फिर फेंटा हुआ दही या मठा. बस. ज्यादा पकाना नहीं, सिर्फ फ्लेवर सेट करना. यह हल्का और ठंडक देने वाला मील बन जाता है.
5. नेपाली चुकौनी
यह भी आलू और दही से बनने वाला एक शानदार ऑप्शन है. फर्क बस इतना है कि इसमें सरसों का हल्का फ्लेवर आता है. मैं उबले आलू में दही, नमक और थोड़ा सरसों का तड़का डाल देती हूं. बिना ज्यादा कुकिंग के एक नया टेस्ट मिल जाता है.
6. झटपट पुलाव
पुलाव को मैंने आसान बना लिया. सब्जियां पहले से काटकर रख लो, फिर चावल और मसालों के साथ कुकर में डाल दो. 1–2 सीटी में पूरा मील तैयार. बीच में खड़े रहने की जरूरत नहीं, यही इसकी सबसे बड़ी राहत है. सब्जियों के साथ पकाने पर ये कंप्लीट मील बन जाता है.
7. बेसन की झटपट सब्जी
जब सब्जी नहीं होती, तब बेसन काम आता है. कभी लौकी, कभी ककड़ी या प्याज-टमाटर के साथ बेसन डालकर जल्दी से एक हल्की सब्जी बना लेती हूं. इसमें ज्यादा टाइम नहीं लगता और अलग स्वाद मिल जाता है.

8. अलग-अलग रायता
गर्मी में मैंने रायता को सिर्फ साइड डिश नहीं, बल्कि मील का अहम हिस्सा बना लिया. ककड़ी, आलू, बूंदी या जो भी मिल जाए, दही में मिलाकर तैयार. इससे खाना हल्का और ठंडा लगता है.
9. चीला (बेसन या मूंग)
जब कुछ समझ नहीं आता, तो चीला बना लेती हूं. बैटर पहले से तैयार कर लो और किचन में जाकर सिर्फ सेकना होता है. 2–3 चीले बनते ही पूरा मील तैयार हो जाता है.
10. भुर्जी (पनीर या अंडा)
यह मेरा सबसे फास्ट और भरोसेमंद ऑप्शन है. पनीर या अंडा, थोड़ा मसाला और 5–7 मिनट में तैयार. इसमें ज्यादा तैयारी भी नहीं और तुरंत रोटी के साथ खाया जा सकता है.
गर्मी में लंबे समय तक किचन में खड़े रहना जरूरी नहीं, स्मार्ट तरीके से खाना बनाना जरूरी है. अगर तैयारी पहले कर ली जाए और गैस पर समय कम रखा जाए, तो किचन भी झेलने लायक हो जाता है. अब मैं घंटों की जगह कुछ ही मिनटों में खाना बना लेती हूं, और यही मेरे लिए सबसे बड़ी राहत है.
FAQs
Q1. गर्मी में जल्दी बनने वाला खाना कौन‑सा सबसे बेहतर होता है?
A. गर्मी में ऐसे मील सबसे बेहतर रहते हैं जो कम गैस पर बन जाएं, जल्दी तैयार हों और भारी न लगें—जैसे खिचड़ी, दही‑आधारित डिश, रायता, चीला या कुकर में बनने वाले एक‑पॉट मील.
Q2. क्या 10 मिनट में हेल्दी मील बन सकता है?
A. हां, सही प्लानिंग से 10 मिनट में भी हेल्दी मील तैयार किया जा सकता है. पहले से सब्जियां काटकर रखना, कुकर या पैन का इस्तेमाल करना और सिंपल रेसिपी चुनना इसमें मदद करता है.
Q3. गर्मी में गैस पर कम समय देने के लिए क्या करें?
A. किचन में कम समय बिताने के लिए मील की तैयारी पहले कर लें, एक‑पॉट रेसिपी चुनें और ऐसी डिश बनाएं जिनमें बार‑बार चलाने या खड़े रहने की जरूरत न पड़े.
Q4. गर्मियों में दही वाले मील क्यों बेहतर माने जाते हैं?
A. दही शरीर को ठंडक देता है, पाचन के लिए हल्का होता है और गर्मी में होने वाली एसिडिटी व थकान से राहत दिलाने में मदद करता है, इसलिए गर्मियों में दही‑आधारित मील ज्यादा सूट करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं