गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अपने घर की बालकनी, छत, आंगन में कई अलग-अलग पौधे लगाते हैं. अब, ये हरे-भरे पौधे देखने में जितने अच्छे लगते हैं, इनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी होता है. कई बार पौधों की पत्तियों पर छोटे-छोटे कीड़े लग जाते हैं. ये कीड़े धीरे-धीरे पत्तियों और फिर फूलों को खाने लगते हैं. इससे पौधा जल्दी मुरझा जाता है या बढ़ता नहीं है. ऐसे में फिर लोग बाजार से महंगे-महंगे कीटनाशक खरीदकर लाते हैं. हालांकि, आप चाहें, तो अपने पौधों के लिए घर पर भी कीटनाशक बनाकर तैयार कर सकते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट स्वेश शुक्ला ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने पौधों से कीड़ों को खत्म करने के लिए कीटनाशक स्प्रे बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- इस स्प्रे को बनाने के लिए आपको एक गिलास पानी
- आधा चम्मच बेकिंग सोडा
- थोड़ा सा डिशवॉश सॉप और
- तेल की कुछ बूंदें चाहिए.
- सबसे पहले एक साफ बर्तन में एक गिलास पानी लें.
- अब, इसमें एक-एक कर सभी चीजें यानी बेकिंग सोडा, डिशवॉश सॉप और तेल की कुछ बूंदें डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- इतना करते ही आपका कीटनाशक बनकर तैयार हो जाएगा, आप इसे किसी स्प्रे बोतल में भरकर अपने पौधों पर छिड़काव कर सकते हैं.
स्प्रे का इस्तेमाल करने से पहले इसे पौधे की एक-दो पत्तियों पर लगाकर देखें. अगर अगले 24 से 48 घंटे तक पत्तियों पर किसी तरह के नुकसान का कोई लक्षण न दिखे, तब आप इसे अपने पौधों पर स्प्रे कर सकते हैं. ध्यान रखें कि आपको हमेशा शाम के समय ही पौधों पर इसका छिड़काव करना है, तेज धूप में पौधों पर ये स्प्रे न छिड़कें. इस तरह आप अपने पौधों को कीड़ों से बचा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- गुड़हल के फूलों से बालों के लिए कंडीशनर कैसे बनाएं? इसे लगाने से शाइनी और सिल्की हो जाएंगे रूखे-उलझे बाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं