Mini Vacation Trend: वेकेशन में घूमना-फिरना ये सुनते ही गोवा, शिमला-मनाली या ऐसे ही किसी टूरिस्ट प्लेस का ख्याल आता है. लेकिन बढ़ते ट्रैवल एक्सपेंसेस, टिकट अवेलेबिलिटी की दिक्कत और घंटों का ट्रैफिक जाम ऐसी समस्याएं हैं, जिन्होंने ‘वेकेशन' को ‘स्टेकेशन' में बदल दिया है. ‘स्टेकेशन' यानी ऐसी छोटी ट्रिप, जहां ज्यादा भागदौड़ भी न हो और 2-3 दिन में रिफ्रेश महसूस किया जा सके. खास बात ये है कि अब दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों के आसपास ऐसे कई शानदार रिसॉर्ट, हिल रिट्रीट और नेचर स्टे मौजूद हैं, जहां लोग काम के तनाव से दूर कुछ दिन सुकून से बिताना पसंद कर रहे हैं. आइए जानते हैं उन जगहों के बारे में, जो लंबे वीकेंड पर तेजी से लोगों की फेवरेट बनती जा रही हैं.
दिल्ली वालों के लिए पहाड़ और झीलों वाला आराम-
दिल्ली-NCR से लोग सबसे ज्यादा ऋषिकेश, लैंसडाउन, नीमराना और नैनीताल जैसे स्टेकेशन चुन रहे हैं. ऋषिकेश में गंगा किनारे बने लग्जरी रिसॉर्ट्स और योग रिट्रीट काफी पॉपुलर हैं, जबकि लैंसडाउन शांत माहौल और कम भीड़ की वजह से पसंद किया जा रहा है. वहीं नीमराना फोर्ट पैलेस उन लोगों को अट्रैक्ट करता है जो बिना ज्यादा लंबा सफर किए रॉयल फील लेना चाहते हैं.

Photo Credit: Unsplash
मुंबई वालों की पहली पसंद बन रहे बीच और हिल्स-
मुंबई के आसपास अलीबाग, लोनावला, इगतपुरी और महाबलेश्वर जैसे स्टेकेशन सबसे ज्यादा चर्चा में हैं. अलीबाग में बीच साइड विला और प्राइवेट पूल स्टे तेजी से लोकप्रिय हुए हैं. वहीं एक बारिश हुई नहीं कि लोनावला और इगतपुरी लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं. कई लोग अब सिर्फ एक रात के लिए भी लग्जरी रिसॉर्ट बुक कर “क्विक एस्केप” लेना पसंद कर रहे हैं.
बेंगलुरु वालों को पसंद आ रहे कॉफी और नेचर रिट्रीट-
बेंगलुरु के लोगों के बीच कूर्ग, चिकमगलूर, मैसूर और सकलेशपुर जैसे स्टेकेशन काफी लोकप्रिय हो रहे हैं. कॉफी प्लांटेशन के बीच बने होमस्टे और लक्जरी कॉटेज यहां का सबसे बड़ा अट्रैक्शन माने जाते हैं. रोजमर्रा की भागदौड़ से निजात चाहने वाले लोग अब शांत और डिजिटल डिटॉक्स वाले स्टे ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
स्टेकेशन आखिर इतना लोकप्रिय क्यों हो रहा है?
स्टेकेशन का सबसे बड़ा फायदा यही माना जाता है कि इसमें लंबी छुट्टी लेने की जरूरत नहीं पड़ती. फ्लाइट, लंबी ड्राइव और भारी प्लानिंग से बचते हुए लोग सिर्फ कुछ घंटों में आरामदायक जगह पहुंच सकते हैं. इसके अलावा अब कई रिसॉर्ट्स “वर्क फ्रॉम होटल”, स्पा, प्राइवेट पूल और नेचर एक्टिविटीज जैसी सुविधाएं भी ऑफर कर रहे हैं. यही वजह है कि लॉन्ग वीकेंड आते ही अब लोग बड़े टूरिस्ट शहरों की बजाय शहर के आसपास मौजूद शांत और आरामदायक जगहों की तरफ ज्यादा भागते दिख रहे हैं.
यानी अब सिर्फ ट्रैवल नहीं, ‘स्लो ट्रिप' का ट्रेंड पसंद किया जा रहा है. लोग “ज्यादा जगह घूमने” की बजाय “आराम से समय बिताने” को ज्यादा महत्व दे रहे हैं. यही वजह है कि स्टेकेशन अब सिर्फ कपल्स या लग्जरी ट्रैवलर्स तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फैमिली और दोस्तों के ग्रुप्स में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
ये भी पढ़ें- माउंटेन लाइफ सिर्फ खूबसूरत नहीं, बजट फ्रेंडली भी हो सकती है? जानिए कहां बढ़ता है खर्च और कहां होती है बचत
मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं