IPL Umpire Salary: जब भी आईपीएल की बात होती है, तो सबकी नजरें छक्के-चौकों के साथ खिलाड़ियों के ऑक्शन पर होती है. अक्सर फैंस चर्चा करते हैं कि किस खिलाड़ी को 20 करोड़ और किसे 10 करोड़ मिले, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो अंपायर चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहकर हर गेंद पर पैनी नजर रखते हैं, उन्हें कितनी सैलरी मिलती है. जानकर हैरान रह जाएंगे कि इंडियन प्रीमियम लीग सिर्फ क्रिकेटर्स के लिए ही नहीं, बल्कि अंपायरों पर भी 'पैसों की बारिश' करता है. आइए जानते हैं आईपीएल अंपायरों की कमाई कैसे और कितनी होती है.
इंटरनेशनल मैचों से ढाई गुना ज्यादा कमाई
सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन आईपीएल में एक अंपायर की कमाई इंटरनेशनल T20 मैचों से कहीं ज्यादा होती है. एक टी20 इंटरनेशनल मैच में अंपायरिंग के लिए करीब 1.25 लाख रुपए मिलते हैं, जबकि आईपीएल के एक मैच के लिए अनुभवी अंपायर को लगभग 3 लाख रुपए दिए जाते हैं. यानी आईपीएल के एक मैच में खड़े होने पर अंपायर को इंटरनेशनल मैच के मुकाबले ढाई गुना ज्यादा फीस मिलती है.
कैटेगरी के हिसाब से मिलता है पैसा
1. एलीट पैनल (Elite Panel)
BCCI ने अंपायरों को उनके अनुभव के आधार पर दो हिस्सों में बांटा है. पहला एलीट पैनल है, जिसमें नितिन मेनन और अनिल चौधरी जैसे दिग्गज अंपायर होते हैं. इनकी फीस सबसे ज्यादा होती है. ये पूरे सीजन में सिर्फ मैच फीस से ही 40 से 50 लाख रुपए तक कमा लेते हैं.
2. डेवलपमेंट पैनल (Development Panel)
ये वो अंपायर हैं जो अभी अनुभव ले रहे हैं. इन्हें प्रति मैच करीब 1 से 1.5 लाख रुपए मिलते हैं, जो कि किसी भी दूसरी लीग के मुकाबले बहुत ज्यादा है.
सिर्फ मैच फीस ही नहीं, यहां से भी होती है कमाई
अंपायरों की कमाई सिर्फ मैदान पर खड़े होने तक सीमित नहीं है. उन्हें कई और भत्ते (Allowances) भी मिलते हैं. मैच के दौरान रहने और खाने-पीने के लिए अंपायरों को करीब 12,500 रुपए प्रतिदिन (Daily Allowance) अलग से मिलते हैं. आपने अंपायरों की टी-शर्ट पर ब्रांड्स के लोगो देखे होंगे. इस स्पॉन्सरशिप से भी उन्हें एक सीजन में करीब 7 लाख रुपए तक की मोटी रकम मिलती है.
पूरे IPL में एक अंपायर कितना कमाता है
अगर एक औसत अंपायर पूरे आईपीएल सीजन करीब 2 महीने में 15 मैचों में अंपायरिंग करता है, तो उसकी कुल अनुमानित कमाई करीब 52 लाख रुपए से ज्यादा की होती है. मान लीजिए उसने 15 मैचों में अंपायरिंग की, तो उसे कुल 45 लाख रुपए तक मिलते हैं, स्पॉन्सरशिप 7 लाख रुपए तक मिलते हैं. इस तरह कमाई करीब 52 लाख तक पहुंचती है. इसमें डेली अलाउंस शामिल नहीं है, जिसे जोड़ दें तो आंकड़ा और बढ़ जाता है.














