- नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के सुधाकर कोहले को हराया
- अभिजीत वंजारी की यह लगातार दूसरी जीत है, उन्होंने पहले भी 2020 में नागपुर स्नातक सीट से चुनाव जीता था
- अभिजीत वंजारी नागपुर के राजनीतिक परिवार से हैं, उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से बीए और एलएलबी की डिग्री ली है
विधान परिषद चुनाव में आखिरकार कांग्रेस पार्टी का खाता खुल गया है. कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्नातक सीट पर शानदार जीत दर्ज कर दी है. अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को बड़े वोटों के अंतर से हराया है. इस जीत को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है. वहीं, बीजेपी के लिए यह परिणाम नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करने का संकेत माना जा सकता है. अभिजीत वंजारी की यह लगातार दूसरी जीत है. 2020 में भी अभिजीत वंजारी ने नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट से चुनाव जीता था. पेशे से वकील अभिजीत वंजारी की शुरुआत छात्र राजनीति से हुई थी.
कौन हैं अभिजीत वंजारी?
अभिजीत वंजारी को राजनीति विरासत में मिली है. वह नागपुर के एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं. अभिजीत वंजारी के पिता गोविंदराव मारोतराव वंजारी दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे. पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए अभिजीत वंजारी ने भी राजनीति की राह चुनी. अभिजीत वंजारी ने राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन (BA) और विधि स्नातक (LLB) की पढ़ाई की है. वह नागपुर विश्वविद्यालय की सीनेट और प्रबंधन परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं. अभिजीत वंजारी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी. वह 1998 से 2002 तक महाराष्ट्र प्रदेश एनएसयूआई (NSUI) के महासचिव रहे. इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव पद की जिम्मेदारी मिली. इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में काम कर चुके हैं. महाराष्ट्र की राजनीति में अभिजीत वंजारी कांग्रेस के लंबे रेस के घोड़े नजर आते हैं.
अभिजीत वंजारी से जुड़ी खास बातें
- जन्म: 10 मई 1973
- जन्मस्थान: नागपुर, महाराष्ट्र
- पिता: स्वर्गीय गोविंदराव मारोतराव वंजारी, (कांग्रेस के नेता और दक्षिण नागपुर से दो बार विधायक रहे)
- शिक्षा: अभिजीत वंजारी ने नागपुर विश्वविद्यालय से बीए और एलएलबी की पढ़ाई की. वह पेशे से वकील हैं.
- राजनीति का सफर: 1998–2002 में महाराष्ट्र प्रदेश NSUI के महासचिव.
- इसके बाद महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव बने.
- नागपुर जिला कांग्रेस कमेटी में महासचिव और प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभाई.
- दिसंबर 2020 में उन्होंने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद का चुनाव जीता था.
- अक्टूबर 2026 में दूसरी जीत
कांग्रेस के लिए क्यों अहम है यह जीत?
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति में खास महत्व रखता है. ये आरएसएस का गढ़ माना जाता है. ऐसे में यहां से किसी अन्य पार्टी का जीतना बेहद बड़ा संकेत देता है. इस निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं। इसलिए यहां का चुनाव केवल राजनीतिक दलों की लोकप्रियता तक सीमित नहीं रहता, बल्कि शिक्षित वर्ग के बीच उनकी स्वीकार्यता, स्थानीय मुद्दों और उम्मीदवारों की व्यक्तिगत छवि की भी परीक्षा माना जाता है. यहां से अभिजीत वंजारी की जीत कांग्रेस के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है. महाराष्ट्र की राजनीति में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला लगातार चर्चा का विषय रहा है. ऐसे में बीजेपी के उम्मीदवार को हराकर विधान परिषद की सीट जीतना कांग्रेस के लिए अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने का अवसर है.
ये भी पढ़ें:- महाराष्ट्र MLC चुनाव : RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने पलटी बाजी; पुणे, अमरावती में कौन जीता
अभिजीत वंजारी ने धोया कांग्रेस का जीरो का धब्बा
देश के 28 एमएलसी चुनावों में कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया... कांग्रेस इन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पा रही... इसे लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. लेकिन नागपुर में कांग्रेस की जीत ने 'जीरो का धब्बा' हटा दिया है. कांग्रेस को ऐसे क्षेत्र से जीत हासिल हुई है, जिसके बाद वो बीजेपी पर पलटवार करने की हिम्मत जुटा सकती है. नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस की इस जीत ने महाराष्ट्र की राजनीतिक गतिविधियों के बीच एक नई चर्चा को जन्म दिया है. अभिजीत वंजारी की सफलता कांग्रेस के लिए संगठनात्मक मजबूती का अवसर है, जबकि बीजेपी के सामने अपने चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा करने की चुनौती है. इस परिणाम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ने की संभावना है.
ये भी पढ़ें:- MLC चुनाव जीतते ही नीरज कुमार ने अनंत सिंह के लिए मजे; बोले- कहां है रे गुंजन, ले जा मिठइया, पटना सीट पर कब्जा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं