- एआईएमआईएम और आम जनता उन्नयन पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए आधिकारिक गठबंधन की घोषणा की है
- असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अधिकांश सीटों पर गठबंधन की सहमति बन चुकी है और बाकी पर बातचीत जारी है
- ओवैसी ने भाजपा की बढ़ती ताकत पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने भाजपा को मजबूत किया है
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. इसी बीच बुधवार को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने आधिकारिक तौर पर गठबंधन का ऐलान कर दिया है.संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, हमारी पार्टी एआईएमआईएम पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमारे भाई हुमायूं कबीर के साथ मिलकर लड़ रही है.हम पूरी कोशिश करेंगे कि यह गठबंधन सफल हो.
उन्होंने बताया कि ज्यादातर सीटों पर सहमति बन चुकी है और एक-दो सीटों पर बातचीत जल्द ही पूरी हो जाएगी.यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है.AIMIM प्रमुख ओवैसी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2016 में भाजपा के कितने विधायक थे? सिर्फ तीन, है ना? आज उनके पास 77 विधायक हैं. यह मैंने कराया. पहले उनके कितने सांसद थे और अब कितने हैं? यह भी मैंने ही कराया. मैं इतना ताकतवर नहीं हो गया हूं, है ना?
आईएसएफ (इंडियन सेक्युलर फ्रंट) को लेकर पूछे गए सवाल पर असदुद्दीन ओवैसी ने टिप्पणी करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि मैं उनके बारे में ज्यादा नहीं बोलना चाहता, क्योंकि इससे उन्हें परेशानी हो सकती है. हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि पांच साल पहले टीएमसी ने उनके कई पदाधिकारियों को डराकर या लालच देकर अपने साथ कर लिया था.उन्होंने कहा कि अब उनकी पार्टी ने जमीनी स्तर पर काम करने की रणनीति अपनाई है और किसी पर निर्भर हुए बिना संगठन को मजबूत किया जा रहा है.
वहीं, हुमायूं कबीर ने इस गठबंधन को मजबूत बताते हुए कहा कि 23 और 29 अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं और एकजुट रहने का संकल्प लेता हूं.उन्होंने कहा कि वे अपने 'बड़े भाई असदुद्दीन ओवैसी' के हर फैसले और दिशा के साथ आगे बढ़ेंगे.
हुमायूं कबीर ने कहा कि यह गठबंधन कभी नहीं टूटेगा. मेरे भाई असदुद्दीन ओवैसी ने 2026 में इसकी शुरुआत की है और जब तक मैं जिंदा हूं, मेरी पार्टी एआईएमआईएम के साथ रहेगी. हम इन्हें अपने अभिभावक और बड़े भाई की तरह मानते हैं. उन्होंने भविष्य में लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ने का ऐलान किया.
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी के राज में बंगाल बन जाएगा बांग्लादेश... NDTV से एक्सक्लूसिव बातचीत में बरसे सुकांत मजूमदार
यह भी पढ़ें: छोटे मुस्लिम दलों और कांग्रेस की सक्रियता TMC पर पड़ेगी भारी? अल्पसंख्यक वोटों को बचाना सबसे बड़ी चुनौती













