Weather Updates: श्रीनगर में गर्मी, दिल्ली में पारा 30°C के करीब, सिक्किम में बर्फबारी... पूरे देश में बदल रहा है मौसम का मिजाज

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है. हिमाचल में बर्फबारी हो रही है, जबकि दिल्ली, राजस्थान और कश्मीर में असामान्य गर्मी दर्ज की जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है वहीं दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ रहा है
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का अनुभव हो रहा है
  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हुई, जबकि जम्मू-कश्मीर में असामान्य गर्मी दर्ज की गई है
  • दिल्ली में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड हुआ और वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने अप्रत्याशित करवट ली है. कहीं पहाड़ों पर ताजा बर्फ की सफेद चादर बिछ रही है, तो कहीं मैदानों में तापमान इतना बढ़ गया है कि लोगों को मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है. मौसम के इस तेजी से बदलते मिजाज ने पहाड़ से लेकर मैदान तक लोगों को हैरान कर दिया है. उत्तर-पश्चिम भारत इन दिनों बड़े पैमाने पर मौसमीय उतार-चढ़ाव का सामना कर रहा है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बारिश और बर्फबारी हुई है, जबकि जम्मू-कश्मीर में असामान्य गर्मी दर्ज की जा रही है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी राज्यों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जारी किया है.

दिल्ली में बढ़ा दिन का तापमान

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है. न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया. सोमवार को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है, जबकि दिन का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है. राजधानी में नमी का स्तर 49 से 89 प्रतिशत के बीच रहा. उधर, सीपीसीबी के मुताबिक शाम चार बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 229 रहा, जो ‘खराब' श्रेणी में आता है.

 सिक्किम में भारी बर्फबारी

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम अचानक बिगड़ा है. सिक्किम में भारी बर्फबारी के कारण कई ऊंचाई वाले इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. वहीं हिमाचल के रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर रविवार को हल्की बर्फबारी हुई, जबकि कुल्लू के निचले इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. 28 फरवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक बना हुआ है.

राजस्थान में भी बढ़ेंगे तापमान

राजस्थान में शुष्क मौसम के चलते तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री की और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है. अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा, लेकिन 23 और 24 फरवरी को दक्षिण-पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं.

Advertisement

इसके बिल्कुल विपरीत, जम्मू-कश्मीर में इस समय गर्मी असामान्य रूप से बढ़ी है. श्रीनगर में रविवार को अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 9.7 डिग्री अधिक है. काजीगुंड में पारा 21.5 डिग्री तक पहुंच गया. 23 और 24 फरवरी को यहां मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है.

यूपी, एमपी में कैसा है मौसम

मध्य प्रदेश में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है. दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में हल्की ठंडक बनी हुई है. रविवार को राज्य में कहीं भी वर्षा नहीं हुई. उत्तर प्रदेश में भी सूरज के तेवर तेज हैं. पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पूर्वी यूपी में कुछ बादल दिखाई दिए, लेकिन बाकी प्रदेश में तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी बढ़ गई है.
आईएमडी ने दक्षिण भारत और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र को लेकर अलर्ट जारी किया है. तमिलनाडु और दक्षिणी केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

Advertisement

 दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र तथा असम, पूर्वी भारत, तेलंगाना, विदर्भ, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 23 से 26 फरवरी तक 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बिजली गरजने की संभावना है. मछुआरों को तमिलनाडु तट, बंगाल की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र और लक्षद्वीप के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें-: पीएम मोदी का इजरायल दौरा क्यों इतना अहम? कौन से समझौते होने की संभावना

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Sangeet Som 'योगी के करीबी', इस सवाल पर सुनने वाला जवाब! | NDTV Exclusive | Chakravyuh
Topics mentioned in this article