- त्रिपुरा में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें पूजा के कमरे में नोटों के बंडल भगवान के सामने रखे दिखे.
- वीडियो के बाद महिला कांस्टेबल और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स में जवान को गिरफ्तार किया गया जो उसका पति है.
- पुलिस ने इस मामले में 15 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और वित्तीय घोटाले की आशंका जताई है
त्रिपुरा में रविवार, 17 मई को एक वीडियो के वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. इस वीडियो में एक घर के अंदर पूजा के कमरे में भगवान के सामने नोटों के बंडलों की गड्डियां रखी दिखाई दीं. उसके सामने एक महिला पालथी मारकर बैठी हुई है. वीडियो में एक अन्य महिला की भी आवाज़ सुनाई देती है जो शायद रिकॉर्डिंग कर रही थी. वह लक्ष्मी-लक्ष्मी कह रही है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंची. इसके बाद इस मामले में त्रिपुरा पुलिस की एक महिला कांस्टेबल और उसके त्रिपुरा स्टेट राइफ़ल्स के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही, 15 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है. ऐसी आशंका है कि यह मामला करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले से जुड़ा हो सकता है.
मुख्यमंत्री तक पहुंचा मामला
अधिकारियों ने बताया कि त्रिपुरा पुलिस ने जिस महिला को गिरफ्तार किया है उसका नाम मेनका देबबर्मा (45 वर्ष) बताया गया है और वह अगरतला ईस्ट पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल है. उसके पति का नाम अजीत देबबर्मा (48 वर्ष) है जो त्रिपुरा स्टेट राइफ़ल्स की 14वीं बटालियन का जवान है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक कथित वित्तीय घोटाले के संबंध में ढलाई जिले के सलेमा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया. सोमवार, 18 मई को उन्हें कमलपुर एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
महिला कांस्टेबल और उसके पति को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है
Photo Credit: NDTV
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा,"हम किसी भी अपराध के आरोपी को न तो छिपाते हैं और न ही उसकी रक्षा करते हैं. कानून अपना काम करेगा."
अंतरराज्यीय तस्कर गैंग का हाथ होने का शक
एजेंसी के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में कुछ महिलाएं, पुलिसकर्मी, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के जवान और स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मचारी शामिल हैं. पुलिस को शक है कि इसमें अवैध वित्तीय लेन-देन और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ है. उच्च सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान करीब 5 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए हैं. हालांकि, साथ ही बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुराना है और महिला कांस्टेबल के घर से कोई नकदी बरामद नहीं हुई है. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही है जिसके बाद ही वीडियो में दिखे कैश की सच्चाई सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें-: विदेशी फंडिंग, डॉलर में फ्लाइट टिकट बुक... नागपुर RSS मुख्यालय रेकी मामले में आतंकी रईस शेख को लेकर खुले कई राज













