- रेलवे बोर्ड को दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बेंगलुरु से गोवा तक वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव सौंपा है
- नई वंदे भारत ट्रेन यशवंतपुर से सुबह 6 बजे रवाना होकर मडगांव शाम 7 बजे पहुंचेगी और 13 घंटे में सफर पूरा करेगी
- ट्रेन मंगलुरु जंक्शन को छोड़कर पडिल बाईपास से होकर गुजरेगी तथा गति सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव भी शामिल हैं
देश में एक और वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी हो रही है, जिससे गोवा जाने वालों की बल्ले-बल्ले हो जाएगी. बेंगलुरु से गोवा का सफर अब इस ट्रेन से और आसान होने जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी, रेलवे जल्द ही इस रूट पर सेमी हाई स्पीड रेल वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है. दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) ने इसको लेकर अपनी रिपोर्ट भी रेलवे बोर्ड को सौंप दी है. वहां से अनुमति मिलते ही ट्रेन के टाइम टेबल की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
13 घंटे में तय होगी दूरी
सूत्रों ने बताया कि नई वंदे भारत ट्रेन मंगलुरु रेलवे क्षेत्र से होते हुए बेंगलुरु के यशवंतपुर और गोवा के मडगांव जंक्शन तक जाएगी. यह ट्रेन यशवंतपुर से सुबह 6:05 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 7:15 बजे मडगांव पहुंचेगी. वापसी यात्रा में, तटीय ट्रेन मडगांव से सुबह 5:30 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 6:40 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन लगभग 13 घंटे में दूरी को तय करेगी.
ये होगा संभावित ट्रेन का रूट
एसडब्ल्यूआर के आधिकारिक प्रस्ताव के मुताबिक, यह ट्रेन मंगलुरु जंक्शन और मंगलुरु सेंट्रल स्टेशनों को छोड़कर पडिल बाईपास से होकर गुजरेगी. दक्षिण पश्चिम रेलवे के अनुसार, मंगलुरु जंक्शन को छोड़कर ट्रेन का समय कम किया जा रहा है. एसडब्ल्यूआर ने चिक्का बनवारा और हसन के बीच गति सीमा को 110 किमी प्रति घंटे से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटे और सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट खंड पर गति सीमा को 30 किमी प्रति घंटे से बढ़ाकर 40 किमी प्रति घंटे करने का भी प्रस्ताव दिया है.
जोन ने रेलवे बोर्ड को भेजा प्रस्ताव
दक्षिण पश्चिम रेलवे की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीते दिनों अपने दौरे के दौरान एक मीटिंग में वंदे भारत ट्रेन चलाने का ऐलान किया था. इसको लेकर मंत्रालय ने प्रस्ताव मांगा था जिसको करीब 20 दिन पहले रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है. अब बोर्ड की अनुमति का इंतजार है जिसके बाद ट्रेन चलाने की घोषणा की जाएगी.
ये भी पढ़ें :- वंदे भारत पर पथराव, ट्रेन में सवार थे RSS प्रमुख मोहन भागवत, एक कोच का शीशा चटका
जल्द दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन
रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने इसको लेकर जोन से प्रस्ताव मांगा गया था, जो हमें मिला है. इसको लेकर अभी विस्तृत चर्चा की जा रही है, जिसमें सभी पहलुओं पर सहमति के बाद अधिकारिक घोषणा की जाएगी. लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इस प्रस्ताव पर हरी झंडी मिलेगी. उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए दो रेक की जरूरत पड़ती है. ऐसे में जैसे ही दोनों रेक उपलब्ध हो जाएगा, ट्रेन चलाने की आधिकारिक सूचना दी जाएगी.
ये भी पढ़ें :- जम्मू से श्रीनगर के बीच जल्द दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन, रेलवे ने शुरू की तैयारी













