- ट्विशा शर्मा अपनी मौत से कुछ घंटे पहले एक पार्लर में दोपहर तीन बजे तीस मिनट पर पहुंची थीं
- पार्लर मालकिन किरण परिहार ने बताया कि ट्विशा ने पार्लर में भुगतान पहले से प्रीपेड पैकेज के तहत किया था
- ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने बार-बार पार्लर से संपर्क कर उनके आने के रिकॉर्ड और भुगतान की जानकारी मांगी थी
"कुछ तो होगा तुम्हारे पास... ऐसा कैसे हो सकता है... क्या ट्विशा मैडम ठीक हैं?" ट्विशा शर्मा की मौत मामले में हर दिन नए और सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं. इस मौत के मामले में सबसे ज्यादा ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के ईदगिर्द चीजें घूमती नजर आ रही हैं. NDTV से बातचीत में उस पार्लर की मालकिन ने कई अहम दावे किए हैं, जहां ट्विशा शर्मा अपनी मौत से कुछ घंटे पहले गई थीं. पार्लर की मालकिन किरण परिहार के मुताबिक, ट्विशा उनकी रेगुलर कस्टमर थीं और इससे पहले भी 4-5 बार पार्लर आ चुकी थीं. पहली बार दोनों की मुलाकात ट्विशा की वेडिंग रिसेप्शन के दौरान हुई थी, जब किरण ने उनका मेकअप किया था. गिरिबाला सिंह भी इसी पार्लर की रेगुलर क्लाइंट हैं और पिछले करीब 9 महीनों से वहां आ रही थीं.
मौत होने से कुछ घंटों पहले पार्लर में थीं ट्विशा
पार्लर मालकिन किरण परिहार के अनुसार, 12 मई जिन दिन मौत हुई, ट्विशा शर्मा दोपहर करीब 3:30 बजे पार्लर पहुंची थीं और शाम करीब 6:15 बजे वहां से निकलीं. लेकिन अगले दिन यानी 13 मई को सुबह करीब 11:30 बजे गिरिबाला सिंह का फोन आया. किरण का दावा है कि इस दौरान गिरिबाला ने बार-बार पूछा कि क्या ट्विशा पार्लर आई थीं, वह कितने बजे आईं, कितने बजे गईं और पेमेंट कैसे किया गया?
'कुछ तो होगा तुम्हारे पास... ऐसा कैसे हो सकता है?'
किरण परिहार के मुताबिक, गिरिबाला बार-बार कह रही थीं, 'कुछ तो होगा तुम्हारे पास... ऐसा कैसे हो सकता है?' उन्होंने खास तौर पर यह जानना चाहा कि क्या ट्विशा के आने का कोई रिकॉर्ड, पेमेंट डिटेल या कोई सबूत मौजूद है. किरण ने बताया कि उस दिन ट्विशा ने कोई भुगतान नहीं किया था, क्योंकि उन्होंने पहले से ही एक प्रीपेड पैकेज ले रखा था, जो फरवरी में उनके भाई की शादी के दौरान कराया गया था. किरण परिहार का दावा है कि गिरिबाला सिंह यह जानना चाहती थीं कि क्या उनके पास ऐसा कोई संवेदनशील फुटेज या रिकॉर्ड है, जिससे साबित हो सके कि ट्विशा पार्लर आई थीं.
कुछ लोग आए और CCTV फुटेज ले गए
ट्विशा शर्मा की हत्या के मामले में सबसे बड़ा खुलासा CCTV फुटेज को लेकर हुआ है. किरण के मुताबिक, "पहली कॉल के कुछ देर बाद गिरिबाला सिंह ने दोबारा फोन कर CCTV फुटेज के बारे में पूछा. इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे 4 से 5 लोग पार्लर में आए. वे लोग खुद को वकील बता रहे थे. कुछ पुरुष सफेद शर्ट और काली पैंट में थे, जबकि एक महिला ने खुद को एडवोकेट बताया. उन लोगों ने कहा कि पुलिस को CCTV फुटेज चाहिए. इसी दौरान उन्होंने ट्विशा के पार्लर आने का फुटेज मांगा और CCTV टेक्नीशियन का नंबर भी लिया. टेक्नीशियन को बुलाकर उनके सामने ही फुटेज निकाला गया. वे लोग फुटेज अपने साथ ले गए, लेकिन पूरा CCTV सिस्टम जब्त नहीं किया गया."
ये भी पढ़ें :- ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़, 10 दिन बाद पुलिस गिरफ्त में समर्थ, कोर्ट परिसर में ‘VIP ट्रीटमेंट' पर उठ रहे सवाल
किरण का कहना है कि जब उन्होंने गिरिबाला सिंह से पूछा- क्या ट्विशा मैडम ठीक हैं?, तब गिरिबाला ने जवाब दिया कि ट्विशा ने 'सुसाइड कर लिया है.' अब इस पूरे मामले में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर CCTV फुटेज इतनी जल्दबाजी में किसने और क्यों लिया? क्या फुटेज पुलिस की जानकारी में लिया गया था या फिर कोई और कहानी है? ट्विशा शर्मा मौत मामले में ये नए दावे जांच को एक नया मोड़ दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें :- ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम कब, शव कितने दिन तक कैसे रह सकता है सुरक्षित? फोरेंसिक एक्सपर्ट से जानिए -80 डिग्री का सच क्या?
(भोपाल से राहुल राजहंस और तेजश्री की रिपोर्ट)














