- गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की
- बहनों के कमरे की दीवार पर अंग्रेजी में अकेलापन और दर्द जताने वाले कई संदेश लिखे हुए थे
- लड़कियां पिछले कुछ वर्षों से स्कूल नहीं जाती थीं और ज्यादातर समय घर में ही बिताती थीं
यूपी के गाजियाबाद में भारत सिटी सोसायटी की 9वीं मंजिल से छलांग लगाने वाली तीन सगी बहनों के कमरे की दीवार पर कुछ ऐसा लिखा हुआ है, जिससे उनके सुसाइड करने की वजह का अंदाजा लगाया जा सकता है. एक दीवार पर लिखा है- I am Very Alone यानि ये बच्चियां अकेलापन महसूस कर रही थीं. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ सालों से लड़कियां स्कूल नहीं जाती थीं और घर में ही रहती थीं.
'मैं बहुत अकेली हूं...'
सुसाइड करने वाली लड़कियों के कमरे की दीवार पर काफी कुछ लिखा हुआ है. Make me a Hert of Broken, I am Very Very Alone, My Life is Very Very... इनमें से कुछ लाइनों को मिटाने की भी कोशिश की गई. इन लड़कियों के दिमाग में काफी कुछ चल रहा था. इस बीच ऑनलाइन गेम की लत ने इनकी जिंदगी छीन ली. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ सालों से ये बहनों मिलकर कोरियन ऑनलाइन गेम खेला करती थीं. इस गेम का आखिरी स्टेज सुसाइड होता है.
दरवाजा अंदर से बंद किया, फिर बालकनी से कूदीं
बताया जा रहा है कि गाजियाबाद में लड़कियों ने सुसाइड करने के पहले कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था, उसके बाद तीनों लड़कियां खिड़की से नीचे बारी-बारी से कूद गईं. जब लड़कियां नीचे गिरी, तो आवाज इतनी तेज आई कि सोसाइटी के तमाम लोग और सिक्योरटी गार्ड भागे आए. जब घरवाले कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, तब तक लड़कियां नीचे कूद चुकी थीं.
ये भी पढ़ें :- फ्लैट की बालकनी में कुर्सी रखी और फिर नौंवे फ्लोर से एक-एक कर कूदीं तीनों बहनें
पिता ने बताया सुसाइड नोट में क्या लिखा
तीन बेटियों के एक साथ सुसाइड करने से माता-पिता का रो-रोककर बुरा हाल है. मां अभी तक बदहवास हैं और खुद को माथा पीट रही हैं. वह अपनी बेटियों के जाने के सदमे से अभी बाहर ही नहीं निकल पाई हैं. वहीं, पिता का कहना है कि हर माता-पिता को ऑनलाइन गेम्स से बच्चे को बचाना चाहिए. भगवान ने करे कि किसी दूसरे माता-पिता पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटे. मेरी बेटियों ने मरने से पहले सुसाइड नोट छोड़ा है, उसमें उन्होंने लिखा- कोरियन हमारी जिंदगी है, हम गेम नहीं छोड़ेंगे... आप हमें नहीं बचा सकते. हम सुसाइड करने जा रहे हैं... पापा सॉरी!
गाजियाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मंगलवार देर रात करीब 2.15 बजे सूचना मिली कि टीला मोड़ पुलिस थाना इलाके में भारत सिटी के एक टावर में नौवीं मंजिल में बने अपार्टमेंट की बालकनी से तीन लड़कियां कूद गई हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि स्थानीय निवासी चेतन कुमार की तीनों लड़कियां - निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12), भूतल पर गिरी थीं और बुरी तरह से घायल थीं. उन्हें एम्बुलेंस से लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें :- सॉरी पापा और रोती हुई इमोजी... गाजियाबाद की 3 बहनों की आखिरी चिट्ठी में उस 'डायरी' का जिक्र














