सुप्रीम कोर्ट से लेकर देशभर के पुलिस थानों और अदालतों समेत 1100 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार लुईस श्रीनिवास को लेकर जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं. आरोपी इस समय दिल्ली पुलिस की छह दिन की रिमांड पर है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि लुईस श्रीनिवास पुलिस के कथित बुरे बर्ताव और अदालतों की ढिलाई से नाराज था. इसी नाराजगी के चलते उसने देशभर में डर का माहौल बनाने के लिए 50 से ज्यादा फर्जी ईमेल आईडी बनाईं और धमकी भरे मेल भेजे. जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने डार्क वेब का इस्तेमाल हथियार की तरह किया और अपने IP एड्रेस को छिपाने में काफी माहिर था, जिससे उसे ट्रेस करना मुश्किल हो गया.
यह भी पढ़ें- पंजाब-हिमाचल में ठनी! 1 अप्रैल से सुक्खू सरकार ने 2.5 गुना बढ़ाया 'एंट्री टैक्स', पंजाब ने दी गाड़ियां रोकने की धमकी
अदालतों से नहीं मिला न्याय तो हुआ नाराज
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि मैसूर में जमीन से जुड़ा एक विवाद आरोपी के तनाव का बड़ा कारण था. इस विवाद में उसके पिता को हिस्सा नहीं मिल रहा था, जिससे वह काफी परेशान था. इसी वजह से वह कानून की पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन जब उसे अदालतों से उम्मीद के मुताबिक न्याय नहीं मिला तो वह पूरी न्याय व्यवस्था से ही नाराज हो गया.
काफी पढ़ा-लिखा है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी NET क्वालिफाइड है और पहले असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर काम कर चुका है. वह BA, MA और MBA की पढ़ाई भी कर चुका है. फिलहाल उसका मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिससे आगे और अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है.
अपने मोबाइल से भेजे धमकी भरे मेल
जांच में यह भी सामने आया है कि ज्यादातर धमकी भरे ईमेल उसने अपने मोबाइल फोन से ही भेजे थे. उसके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को कब्जे में लेने के लिए पुलिस टीम उसे मैसूर भी लेकर गई है. अधिकतर मेल अदालतों और पुलिस विभागों को भेजे गए थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट को भी धमकी भरे ईमेल भेज चुका है.
यह भी पढ़ें- प्रीमियम पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े, अब 160 रुपये प्रति लीटर पहुंचा रेट, आम आदमी की जेब पर सीधा असर
पाकिस्तान में भी भेजे धमकी भरे मेल
बताया गया है कि वह एक ही दिन में कई बार और अलग-अलग जगहों पर ईमेल भेजता था. ये ईमेल मुख्य रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी भाषा में होते थे. आरोपी मैसूर के शहरी इलाके में रहता था और उसके परिवार में फिलहाल केवल उसकी मां उसके साथ रहती है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी ने भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी धमकी भरे ईमेल भेजे थे. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है.














