मां हमारे लिए सम्मान का विषय... राबड़ी देवी बंगले विवाद में सम्राट चौधरी के बयान पर बोले तेज प्रताप

राबड़ी देवी के सरकारी बंगले को खाली करने के नोटिस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान से बिहार की राजनीति गरमा गई है. इस पर तेज प्रताप यादव ने पलटवार किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Rabri Devi Bungalow Controversy

बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री रबड़ी देवी के सरकारी बंगले खाली न करने का विवाद गहराता जा रहा है. मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस मामले में सख्त प्रतिक्रिया दी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि यह किसी की बपौती नहीं है. सरकारी घर को खाली करने से किसी माई का लाल नहीं रोक सकता. सीएम के बयान पर अब राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि किसी पर भी टिप्पणी करते वक्त उसकी उम्र, सम्मान और सामाजिक गरिमा का ध्यान रखना चाहिए.

तेज प्रताप यादव ने CM सम्राट के बयान पर दी प्रतिक्रिया

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'मैं यही कहना चाहता हूं कि राज्य के नेताओं को, विशेषकर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पदों पर बैठे लोगों को, हमेशा संयमित और मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए. किसी भी व्यक्ति पर टिप्पणी करते समय उसकी उम्र, सम्मान और सामाजिक गरिमा का ध्यान रखना आवश्यक है.'

उन्होंने आगे कहा, 'हमारी माता श्री हमारे लिए सम्मान का विषय हैं. इसलिए किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत टिप्पणी उचित नहीं मानी जा सकती. लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संवाद हमेशा शालीन और सम्मानजनक होना चाहिए. मर्यादित भाषा और आपसी सम्मान ही राजनीति की सबसे बड़ी पहचान है.'

सम्राट चौधरी ने कसा था तंज

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को को कहा था कि यह राजतंत्र नहीं, लोकतंत्र है. यहां किसी की कोई बपौती नहीं है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि हमारे खिलाफ कार्रवाई हो रही है. लेकिन कभी किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती. उन्होंने कहा, 'यहां किसी का बपौती नहीं होता है. यह राजतंत्र नहीं है कि जो आपको आवास मिला उसी में रहेंगे.' उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को मोह है. बेटा को अलग और माता को अलग घर चाहिए. जनता से कोई मतलब नहीं.

Advertisement

बता दें कि राबड़ी देवी पटना में 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रह रही हैं और वह विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आवंटित 39, हार्डिंग रोड स्थित आवास में अब तक शिफ्ट नहीं हुई हैं. वहीं, उनके बेटे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक, पोलो रोड स्थित आवास में रह रहे हैं.

यह भी पढ़ें: मां-बेटा सबको चाहिए अलग घर, किसी की बपौती नहीं... राबड़ी देवी बंगला विवाद पर CM सम्राट चौधरी बोले

Advertisement
Featured Video Of The Day
खान सर की कोचिंग पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कौन है 'जानी दुश्मन'? चल गया पता...