तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक तेज रफ्तार स्कोडा कार हादसे का शिकार हो गई. मामला मैलारदेवपल्ली पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां कार ने अचानक नियंत्रण खोते हुए कई खड़ी दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी. पुलिस के अनुसार, कार तेज गति से चलाई जा रही थी और टक्कर के बाद एक मोटरसाइकिल वाहन के नीचे फंस गई, जिसे कार चालक कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया.
ड्राइवर के नशे में होने की जानकारी आई सामने
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग सक्रिय हुए और वाहन का पीछा कर उसे रोकने में सफल रहे. स्थानीय लोगों ने बताया कि पकड़े जाने के समय चालक नशे में लग रहा था. इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर उन्हें हटवाया. मामले में एक केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है.
बाइक को घसीटते हुए उठती रही चिंगरियां
इस घटना का जो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि एक कार के नीचे बाइक फंसी हुई है और ड्राइवर उसे घसीटते हुए ले जा रहा है. सड़क पर कार बाइक को घसीटते हुए आगे बढ़ रही है और चिंगरियां उठ रही है. वीडियो देख अंदाजा हो जाएगा कि ये कितना भयावह मंजर था. इस हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है, उसका अगला हिस्सा एकदम चकनाचूर नजर आ रहा है.














