गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में सिंगापुर जांच अधिकारी की रिपोर्ट सामने आई है. पिछले साल सितंबर में सिंगर की मौत सिंगापुर के एक द्वीप के पास डूबने से मृत्यु हो गई थी. इस मामले में जुबीन की पत्नी ने साजिश का आरोप लगाया था. वहीं, जांच अधिकारी ने इसे ‘दुर्घटनावश डूबने से हुई मौत' बताया. सिंगापुर की 'पुलिस कोस्ट गार्ड' (पीसीजी) की जांच को सही ठहराते हुए कहा गया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की साजिश या बाहरी दबाव का कोई सबूत नहीं मिला है.
"ना किसी ने मजबूर किया और ना धक्का दिया"
जांच अधिकारी एडम नाखोदा ने गर्ग की पत्नी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पीसीजी ने मामले में व्यापक और सावधानीपूर्वक जांच की थी. उन्होंने कहा, "गर्ग की मौत 'महज एक दुर्भाग्यपूर्ण और दुर्घटनापूर्ण रूप से डूबने' के कारण हुई थी. किसी ने भी उन्हें पानी में जाने के लिए मजबूर नहीं किया था और न ही धक्का दिया था."
शराब के नशे में थे जुबीन
जुबीन ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' (एनईआईएफ) में भाग लेने गए थे. 19 सितंबर को लाजारूस द्वीप के पास पहले तैराकी कर रहे थे और जब वे वापस लौट रहे थे तभी वह बेहोश होकर पानी में डूब गए. हालांकि, गायक की मौत की खबर मिलते ही कार्यक्रम को रद्द कर दिया था.
नाखोदा ने बताया कि जांच के अनुसार, गर्ग (52) शराब के नशे में थे. इसी वजह से संभवत: उन्होंने पहले तैराकी के दौरान 'लाइफ जैकेट' उतार दिया और दूसरी बार तैराकी के समय भी इसे पहनने से इनकार कर दिया था. इस घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण 'डूबना' पाया गया है.
मिर्गी के दौरे पर भी सामने आई ये बात
उन्होंने यह भी बताया कि गर्ग के शराब सेवन के कारण उनकी समन्वय क्षमता और प्रतिक्रिया क्षमता गंभीर रूप से प्रभावित थी. उनके रक्त में 333 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर शराब पाई गई, जो सिंगापुर में कानूनी सीमा 80 मिलीग्राम से कई गुना अधिक है. इसके अलावा, उन्हें उच्च रक्तचाप और मिर्गी की समस्या पहले से थी. इस घटना के समय किसी मिर्गी के दौरे का सबूत निर्णायक नहीं था.














