बिहार में सरकार और लालू परिवार की जंग देखी जा रही है. बिहार सरकार ने पहले लालू परिवार से सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली कराने का नोटिस भेजा था. वहीं अब लालू परिवार की सुरक्षा में भी कटौती की गई है. सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती कर दी है. पहले लालू यादव और राबड़ी देवी दोनों को सरकार की ओर से Z+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी. लेकिन नई समीक्षा के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इसके तहत लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा में कटौती कर दी गई है.
हालांकि सरकार ने नेता प्रतिपक्षा तेजस्वी यादव की Y+ सुरक्षा में किसी तरह की कटौती नहीं की है. उनकी सुरक्षा को यथावत रखा है. जबकि पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव की Y श्रेणी सुरक्षा हटाई गई, अब उन्हें केवल एक अंगरक्षक मिलेगा. बता दें, तेज प्रताप यादव वर्तमान में विधायक नहीं हैं.
मीसा और राजश्री की सुरक्षा व्यवस्था
सांसद मीसा भारती को तीन सुरक्षाकर्मियों का सुरक्षा कवर दिया जाएगा. जबकि तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव को एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया जाएगा. बताया जा रहा है कि सुरक्षा समिति ने मौजूदा पद, राजनीतिक गतिविधियों और खुफिया इनपुट के आधार पर फैसला लिया है.
राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था
1. बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) से 2-8 हाउस गार्ड.
2. पटना जिला बल से 03 महिला अंगरक्षक (सादे लिवास में).
3. पटना जिला बल से 03 अंगरक्षक (वर्दीधारी).
4. HQRT से पायलट तथा बुलेट प्रूफ कार.
5. पटना जिला बल से स्कार्ट तथा पायलट की प्रतिनियुक्ति की जायेगी.
लालू यादव की सुरक्षा व्यवस्था
विशेष सुरक्षा दल अधिनियम-2010 के प्रावधानानुसार लालू प्रसाद यादव को सुरक्षा दी गई है.
1. बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) से 2-8 हाउस गार्ड.
2. पटना जिला बल से 02 अंगरक्षक.
3. HQRT से पायलट तथा बुलेट प्रूफ कार.
4. पटना जिला बल से स्कार्ट तथा पायलट की प्रतिनियुक्ति की जायेगी.
यह भी पढ़ेंः बिहार में औद्योगिक क्रांति की तैयारी, बनेंगे 11 मेगा पार्क, 38 फूड पार्क और 50 हजार एकड़ का लैंड बैंक