- सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री की भूमिका से साफ दूरी बनाई है.
- उन्होंने NDTV को दिए इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि पीएम फोन टैपिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त नहीं होते हैं.
- पित्रोदा का यह बयान राहुल गांधी के आरोपों के बीच राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है.
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों के बीच कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने बड़ा बयान दिया है, उनका कहना है कि प्रधानमंत्री फोन टैप नहीं करते है. NDTV को दिए एक खास इंटरव्यू में उन्होंने यह बात कही है. सैम पित्रोदा का यह बयान बड़ा माना जा रहा है. क्योंकि एक दिन पहले ही राहुल गांधी ने सरकार पर अपना फोन टैप कराने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि मेरे फोन में सारे सबूत हैं, इसलिए उनका फोन टैप करवाया जा रहा है, यह काम सरकार की तरफ से किया जा रहा है. इस बीच अब सैम पित्रोदा का कहना है कि प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते. जिससे उनका बयान अहम माना जा रहा है.
'मेरा फोन टैप भी होता है': सैम पित्रोदा
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों से खुद को अलग करते हुए NDTV को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा 'प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते, प्रधानमंत्री कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठ जाते.'हालांकि सैम पित्रोदा का कहना है कि उनके पास यह मानने की ठोस वजह है कि उनका फोन भी टैप किया जा रहा है, मेरा फोन टैप हो रहा है, मेरे लैपटॉप पर हमले हो रहे हैं और मेरे बैंक खातों पर नजर रखी जा रही है. मैंने विशेषज्ञों से सलाह ली है और उन्होंने मेरे डिवाइस की जांच करने के बाद मुझे फोन टैपिंग को लेकर आगाह किया है. उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें किस पर शक है कि किसने उनका फोन टैप किया है.'
Video : पीएम फोन टेप नहीं करते- सैम पित्रोदा का बड़ा बयान
सैम पित्रोदा ने कहा 'कोई तो ऐसा कर रहा है, मुझे नहीं पता और मुझे परवाह भी नहीं है. मैं इसी के साथ जी रहा हूं. इसमें मुझे किसी तरह की कोई दिक्कत भी नहीं है. आस-पास कुछ बुरे लोग हैं, लेकिन ऐसी स्थिति में क्या कर सकते हैं?.
राहुल गांधी ने लगाया था फोन टैपिग का आरोप
दरअसल, सैम पित्रोदा का यह बयान इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि शुक्रवार को ही राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर अपना फोन टैप करवाने का आरोप लगाया था. राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं, उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री को अपने साथ खुली बहस करने की चुनौती दी है. कांग्रेस की तरफ से भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी का यह वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें वह कहते हैं 'प्रधानमंत्री को इस बारे में पता है क्योंकि वह मेरा फोन टैप करवाते हैं, जिस दिन वह आमने-सामने की बहस के लिए तैयार हो जाएंगे, उस दिन सबको पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है, कौन देश-विरोधी है, और वे कब से देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं.'खास बात यह है कि कांग्रेस के कई नेताओं ने राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन किया था.
राहुल गांधी के आरोपों को बीजेपी ने भी खारिज किया है. बीजेपी का कहना था कि चर्चा में बने रहने के लिए राहुल गांधी इस तरह के आरोप लगाते हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर का इस मामले में कहना था कि 'राहुल गांधी को अपना दिमाग चेक कराने की जरूरत है, किसी को भी उनका फोन टैप करने में कोई दिलचस्पी नहीं है. अगर किसी को कोई दिलचस्पी है भी, तो वह बस यह समझने में है कि उनका दिमाग हर दिन सिर्फ झूठ ही क्यों बोलता है.' अब सैम पित्रोदा का यह बयान फिलहाल चर्चा में आ गया है.
ये भी पढ़ेंः 'नरेंद्र भाई मेरे दोस्त हैं...' पीएम मोदी, सोनिया की किताब और राहुल गांधी पर NDTV से खुलकर बोले सैम पित्रोदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं