- मुंबई पुलिस ने फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटर को राजस्थान से गिरफ्तार किया है
- आरोपी ने स्कूटी खरीदी और पुणे से मुंबई तक सड़क मार्ग से ले जाने का सीन पुलिस ने रीक्रिएट किया है
- जांच में कुल 51 हजार रुपए का लेनदेन हुआ, जिसमें स्कूटी खरीदने और खर्च के पैसे शामिल हैं
फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने वाले शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार है और उसे मुंबई लाया जा रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस आज ही उसे कोर्ट में पेश करेगी और मामले की जांच के लिए रिमांड मांगेगी.
स्कूटी से आए थे शूटर?
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में पुलिस ने अभी तक कई संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है. हाल ही में मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे से मुंबई तक स्कूटी लाने के सीन को रीक्रिएट किया. इस दौरान चार आरोपी स्वप्निल सकट, आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पोमाजी को साथ रखा गया. पुलिस ने स्कूटी खरीदने से लेकर पुणे से सड़क मार्ग से मुंबई लाने, रुकने की जगहों और विले पार्ले स्टेशन के बाहर पार्क करने तक के हर सीन को दोहराया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि स्कूटी मुंबई पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोंकर ने उन्हें 11 हजार रुपए और दिए. पहले पुलिस ने 40 हजार रुपए की बात कही थी, लेकिन जांच में कुल 51 हजार रुपए (30 हजार स्कूटी के लिए, 21 हजार खर्च) सामने आए. इस रीक्रिएशन की पूरी वीडियोग्राफी की गई, जो कोर्ट में पेश की जाएगी.
सूत्रों के अनुसार, छठे आरोपी प्रवीण लोनकर की जेल से 2-3 दिनों में हिरासत ली जाएगी. मुख्य शूटर और उसका साथी अभी फरार हैं, उनकी तलाश जारी है. पुलिस ने मामले में आरोपियों पर मकोका एक्ट लगाया है और जांच तेज कर दी है.
शूटर का नया CCTV फुटेज
इस बीच रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. घटना के बाद भागते हुए आरोपी शूटर का नया CCTV फुटेज सामने आया है, जो एनडीटीवी इंडिया के हाथ लगा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि फायरिंग के तुरंत बाद शूटर तेजी से वहां से निकल जाता है. बताया जा रहा है कि 1 फरवरी की तड़के हुई इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस को विले पार्ले पश्चिम में एक होटल के पास से एक लावारिस स्कूटर मिला. यह जगह शेट्टी टॉवर से करीब दो किलोमीटर दूर है. पुलिस को शक है कि वारदात के बाद आरोपी इसी स्कूटर से भागा था.
इसे भी पढ़ें :- शूटर्स के भागने वाले रास्तों पर पहुंची मुंबई पुलिस, पुणे हाईवे पर रोहित शेट्टी केस का सीन रीक्रिएशन
स्कूटर 19 साल के आदित्य ने खरीदा
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि स्कूटर से सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी. इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट, डीएनए और दूसरे जरूरी साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान पता चला कि यह सेकेंड हैंड स्कूटर पुणे के कर्वे नगर इलाके में रहने वाले अमन मरोटे से खरीदा गया था. पुलिस के मुताबिक, यह स्कूटर 19 साल के आदित्य गायकी ने खरीदा था, जो इस मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में शामिल है.
सूत्रों के अनुसार, जनवरी के बीच में यह स्कूटर करीब 30 हजार रुपये में खरीदा गया था. पुलिस का कहना है कि यह खरीदारी समर्थ पोमाजी के इशारे पर की गई थी, शुभम लोनकर ने इसमें भूमिका निभाई और पैसे स्वप्निल सकट ने उपलब्ध कराए थे. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात की साजिश कैसे और किन-किन लोगों ने मिलकर रची.
इसे भी पढ़ें :-बिश्नोई गैंग के खास हैरी बॉक्सर ने दी रणवीर सिंह को धमकी, मुंबई क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा, ऑडियो वायरल













