देशभर में रामनवमी को लेकर कंफ्यूजन की स्थिति है. गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन रामनवमी मनाई जा रही है. अयोध्या में रामलला का जन्मेत्सव पहले गुरुवार को मनाया जाना था लेकिन रामनवमी के सभी संयोग 27 मार्च को बनने की वजह से अब रामलला का सूर्यतिलक भी शुक्रवार को ही किया जाएगा. ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश तिवारी ने बताया कि सभी संयोग 27 तारीख को बन रहे हैं, इसलिए राम नवमी 27 मार्च यानी शुक्रवार को मनाई जाएगी. उसी दिन अयोध्या के राम मंदिर में सूर्यतिलक भी होगा. पहले गुरुवार को अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में दोपहर 12 बजे रामलला का सूर्य तिलक होना था.
रामलला के सूर्य तिलक के दौरान सूर्य की किरणें चार मिनट तक रामलला के मस्तक पर पड़ेंगी. यह अलौकिक दृश्य राम नवमी के दिन ठीक दोपहर 12 बजे देखने को मिलेगा. इस पल के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब-हरियाणा तक आज मौसम फिर से बदलने वाला है. दिल्ली एनसीआर में आज से ही आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. बांग्लादेश में एक बस गहरी नदी में गिरने से 23 यात्रियों की मौत हो गई. बस में करीब 40 यात्री सवार थे. ईरान-इजरायल युद्ध के बीच नेपाल में पेट्रोल-डीजल 15 रुपये महंगा हो गया है. ट्रंप ने दावा किया है कि मिडिल ईस्ट में हम जीत रहे, ईरान समझौता करना चाहता है. नाइजीरिया में एक आतंकी हमले में 10 सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक मौत हो गई है. पढ़ें देश-दुनिया का हर अपडेट.
ये भी पढ़ें- नेपाल के 'बाबा बुलडोजर' हैं बालेन शाह, रैपर-इंजीनियर, काठमांडू मेयर और अब PM, पहले मधेशी प्रधानमंत्री होंगे
ये भी पढ़ें- रामलला के मस्तक पर सूर्य देव करेंगे तिलक, रामनवमी पर अयोध्या में दिखेगा भव्य दिव्य नजारा
Ayodhya Ramlala Surya Tilak LIVE UPDATES...
असम चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, 100 से अधिक कांग्रेसी एजीपी में शामिल
असम में आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई के करीबी सहयोगी समेत 100 से अधिक कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़कर असम गण परिषद (एजीपी) में शामिल हो गए. दल बदलने वालों में कालियाबोर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पिंकू कलिता भी शामिल हैं, जिनका यह कदम क्षेत्रीय राजनीति में अहम माना जा रहा है. पिंकू कलिता अपने समर्थकों के साथ एजीपी में शामिल हुए. इस दौरान राज्य के वरिष्ठ नेता और मंत्री केशव महंता भी मौजूद रहे. केशब महंता ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कालियाबोर में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एजीपी में आना क्षेत्र में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है.
राजस्थान में तेल एवं गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं: CM भजनलाल शर्मा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को पश्चिम एशिया की बदलती परिस्थितियों के बीच राज्य में एलपीजी, पेट्रोलियम उत्पादों और उर्वरकों की आपूर्ति की समीक्षा के लिए सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन सुचारू आपूर्ति और प्रभावी वितरण सुनिश्चित करने के लिए सख़्त निगरानी रखे हुए हैं.
कनाडा ने ईरान पर लगाए नए प्रतिबंध, ड्रोन और हथियार सप्लाई को लेकर लिया एक्शन
कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए हैं. ये प्रतिबंध कुछ लोगों और कंपनियों पर हैं, जो इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के लिए हथियार बनाने में मदद करते हैं.
कनाडा का कहना है कि ईरान दूसरे देशों और समूहों को हथियार और ड्रोन दे रहा है, जिससे युद्ध और अस्थिरता बढ़ रही है. इसलिए कनाडा ऐसे काम करने वालों पर सख्त कार्रवाई करता रहेगा. साथ ही मंत्री ने यह भी साफ किया कि कनाडा ईरान के उन लोगों के साथ खड़ा है, जो अपने अधिकारों और आजादी की मांग कर रहे हैं.
युद्ध खत्म करने का अमेरिकी प्रस्ताव 'एकतरफा' ईरान
युद्ध खत्म करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर ईरान की शुरुआती प्रतिक्रिया सामने आई है. रॉयटर्स ने ईरानी अधिकारी के हवाले से कहा कि यह प्रस्ताव 'एकतरफा और अनुचित' है. उन्होंने आगे कहा कि कूटनीति का दरवाजा अब भी खुला है. अधिकारी ने बताया कि इस प्रस्ताव की ईरानी अधिकारियों और ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई.
चुनाव आयोग ने TMC की शिकायत का लिया संज्ञान
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी की शिकायत का संज्ञान लिया है. TMC ने उस विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं. चुनाव आयोग ने तीन उपयुक्त अधिकारियों का पैनल मांगा है.
असम चुनाव से पहले 60 उम्मीदवारों ने नामांकन लिए वापस
असम चुनाव से पहले 60 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए हैं. BJP के कई बागी उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए. आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए, कुल 126 निर्वाचन क्षेत्रों में से आज कुल 60 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए. कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने, जिन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था, अपने नामांकन वापस ले लिए हैं.
- बिलासपारा में, निर्दलीय उम्मीदवार रमेश चंद्र राय (जिन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था) ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
- परबतझोरा में, निर्दलीय उम्मीदवार सजल कुमार सिंह (जिन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था) ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
- उदारबोंद में, निर्दलीय उम्मीदवार मिथुन नाथ (जिन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था) ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
- अभयपुरी में, निर्दलीय उम्मीदवार संजय रॉय (जिन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था) ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
- पलाशबाड़ी में, निर्दलीय उम्मीदवार हितेश कलिता (जिन्हें BJP का टिकट नहीं मिला था) ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
कई अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी, और अधिक निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं.
- ढिंग में, निर्दलीय उम्मीदवार हैदर अली (जिन्हें कांग्रेस का टिकट नहीं मिला था) ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
- मानकाचर में, पूर्व AIUDF विधायक और NPP उम्मीदवार अमीनुल इस्लाम ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
- शिवसागर में, CPI उम्मीदवार मदन बरुआ ने अपना नामांकन वापस ले लिया.
दिसपुर (जयंत दास, पूर्व BJP) और कई अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में, सत्ताधारी और विपक्षी दोनों दलों के कुछ बागी निर्दलीय उम्मीदवारों ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ना जारी रखने का फैसला किया है.
दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास धमाके जैसी आवाज
दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास शाम करीब 6 बजे धमाके जैसी आवाज सुनी गई. शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे और पतंग का मांझा मेट्रो की दो पावर केबलों के बीच फंस गया, जिसके कारण एक छोटा-सा धमाका हुआ और आग लग गई. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. किसी के घायल होने या किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
दिल्ली में NCB की बड़ी कार्रवाई: 408 किलो ड्रग्स नष्ट, कीमत ₹212 करोड़ से ज्यादा
देश को नशा मुक्त बनाने के अभियान नशा मुक्त भारत के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की दिल्ली ज़ोनल यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया है. इस कार्रवाई के तहत कुल 39 प्री-ट्रायल और पोस्ट-ट्रायल मामलों में बरामद ड्रग्स को कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ खत्म किया गया. यह पूरा ऑपरेशन रीजनल ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी और हाई-लेवल ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में अंजाम दिया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही न हो.
अगर नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की बात करें तो इनमें करीब 121.698 किलो गांजा, 29.566 किलो कोकीन, 13.834 किलो हेरोइन, 27.366 किलो चरस और 122 किलो अल्प्राजोलम की गोलियां शामिल हैं. इसके अलावा 28.950 किलो एफेड्रिन, 63.830 किलो स्यूडोएफेड्रिन, 0.689 किलो एम्फेटामाइन और 300 ग्राम अन्य ड्रग्स भी नष्ट किए गए. साथ ही 395 बोतल कोडीन आधारित कफ सिरप को भी खत्म किया गया. कुल मिलाकर लगभग 408 किलो ड्रग्स को नष्ट किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 212.21 करोड़ रुपये आंकी गई है.
आईपीएल 2026: दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, 12 अलग-अलग स्टेडियम में खेले जाएंगे मुकाबले
बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है. लीग चरण के शेष 50 मुकाबले 13 अप्रैल से 24 मई तक भारत के 12 अलग-अलग स्टेडियम में आयोजित होंगे. नए सीजन की शुरुआत 28 मार्च को होगी, जिसके लिए शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया गया था. दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में होंगे. जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने अहम पड़ाव पर पहुंचेगा, टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अलग-अलग स्टेडियम में एक-दूसरे से भिड़ेंगी.
दूसरे चरण की शुरुआत 13 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मैच से होगी, जो आगे आने वाले रोमांचक मैचों के लिए माहौल तैयार करेगा. दूसरे चरण के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का आमना-सामना होगा. चेन्नई सुपर किंग्स-मुंबई इंडियंस 23 अप्रैल को मुंबई में और 2 मई को चेन्नई में भिड़ेंगी.
ईरान ने भारत समेत 5 देशों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी
तेहरान ने 5 देशों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी है. भारत भी इनमें शामिल है. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान ने भारत, चीन और रूस सहित कई अन्य मित्र देशों को व्यावसायिक जहाजरानी के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का उपयोग करने की अनुमति दी है.
केंद्र ने राजस्थान को कमर्शियल LPG गैस का आवंटन 10 प्रतिशत बढ़ाया
राजस्थान सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने राज्य के लिए कमर्शियल एलपीजी का आवंटन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है. अधिकारियों के अनुसार राज्य सरकार ने बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए केंद्र से अतिरिक्त एलपीजी आवंटन का आग्रह किया था. एक अधिकारी ने बताया कि इस अनुरोध के बाद कमर्शियल गैस का आवंटन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया गया.
अहमदाबाद में इमारत में लगी आग, 50 लोगों को बचाया गया
गुरुवार सुबह अहमदाबाद के शेला इलाके में एक आवासीय ऊंची इमारत में भीषण आग लग गई। घटना की सचूना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियों और सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और 50 लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला.
फायर ब्रिगेड़ अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना सुबह लगभग 7.58 बजे ओ-7 रोड के पास स्काई सिटी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट सी-302 में मिली. आग ऊपरी मंजिलों तक फैल गई और घना धुआं इमारत की कई मंजिलों में तेजी से भर गया, जिससे आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू हुई.
एक वरिष्ठ फायर ब्रिगेड़ अधिकारी ने बताया कि घने धुएं के कारण, एहतियात के तौर पर लगभग 40 से 50 निवासियों को पहले छत पर ले जाया गया. बाद में उन सभी को सीढ़ियों के माध्यम से सुरक्षित नीचे लाया गया.
सिर्फ 6 दिनों के भंडार वाली खबरें गलत-पेट्रोलिय मंत्रालय
भारत के स्ट्रैटेजिक रिजर्व पर अहम जानकारी सार्वजनिक करते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने गुरुवार को कहा, "कुछ न्यूज़ आर्टिकल्स और सोशल मीडिया वीडियो के माध्यम से गलत जानकारी फैलाई जा रही है कि देश में केवल 6 दिनों का ही भंडार है. भारत के पास कुल 74 दिनों की भंडार क्षमता है और मध्य पूर्व संकट के 27वें दिन भी वास्तविक भंडार लगभग 60 दिनों का है.
भारत के पास अभी 74 दिनों की भंडार क्षमता-पेट्रोलियम मंत्रालय
भारत के पास कुल 74 दिनों की भंडार क्षमता है और मध्य पूर्व संकट के 27वें दिन भी वास्तविक भंडार लगभग 60 दिनों का है, जिसमें कच्चे तेल का भंडार, उत्पाद भंडार और गुफाओं में समर्पित रणनीतिक भंडारण शामिल है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने गुरुवार को ये अहम जानकारी सार्वजनिक की.
पटना में CM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का आज अंतिम दिन
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का आज अंतिम दिन, है. इस यात्रा का समापन पटना में हो रहा है. इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल हुए.
आज रात वाडीनार पोर्ट पहुंच सकता है 23 दिनों तक होर्मुज में फंसा भारतीय ध्वज वाला जहाज
मध्य पूर्व एशिया में जारी युद्ध की वजह से करीब 23 दिनों तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे रहने के बाद भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर जग वसंत आज मध्य रात्रि तक गुजरात के वादीनार पोर्ट पहुंच सकता हैं.
बालेन शाह कल लेंगे नेपाल के पीएम पद की शपथ
नेपाल में बालेन शाह को आरएसपी ने संसदीय दल का नेता चुन लिया है. वह शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.
वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों के परिवार को सरकार का तोहफा
भारत सरकार ने सेना, नौ सेना और वायु सेना के वीरता पदक विजेताओं को बड़ी राहत देते हुए उन्हें तथा उनके परिवार के पात्र सदस्यों को भारतीय रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है. यह सुविधा फर्स्ट क्लास, 2AC और एसी चेयर कार में एक सहयोगी के साथ लागू होगी.
महाराष्ट्र: तेल कंपनियों से विनती, क्रेडिट सुविधा फिर शुरू हो
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और तेल कंपनियों से विनती की है कि छुट्टियों के दौरान उधारी की सुविधा फिर से शुरू की जाए, वरना स्थिति बिगड़ सकती है. वर्तमान में रत्नागिरी जिले के लगभग 25% पेट्रोल पंप पूरी तरह से ड्राई खाली हो चुके हैं. उदय लोध ने कहा कि वर्तमान में स्थिति कंट्रोल में है लेकिन यदि ग्राहकों ने संयम नहीं दिखाया, तो आने वाले दिनों में स्थिति बिगड़ सकती है.
महाराष्ट्र के रत्नागिरी में 25% पेट्रोल पंप हुए खाली
महाराष्ट्र के रत्नागिरी में 25% पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं. पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़ और ईंधन की किल्लत के पीछे CIPD के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय लोध ने कहा कि तेल कंपनियों ने डीलर्स के लिए भुगतान की शर्तें बदल दी हैं. पहले मिलने वाली क्रेडिट सुविधा यानी उधारी बंद कर दी गई है और अब एडवांस पेमेंट अनिवार्य कर दिया गया है.बैंक की छुट्टियों के दौरान डीलर्स के लिए पैसे जमा करना या ऑनलाइन ट्रांसफर करना मुश्किल होता है. ऐसे में एडवांस पेमेंट न होने के कारण कंपनियों से ईंधन की आपूर्ति कई बार रुक जाती है.
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में किए रामलला के दर्शन
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन किए. राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद वह पहली बार अयोध्या पहुंचे हैं.
मुंबई के मालवणी में हिंदू समाज ने लगाया धमकाने और हमला करने का आरोप
मुंबई के मालवणी में रामनवमी के मौके पर हुए टकराव के बाद सकल हिंदू समाज ने मुस्लिम पक्ष के कुछ लोगों के ख़िलाफ़ धमकाने और हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की गई है. पुलिस ने कहा है कि महौल अब शांतिपूर्वक है. मालवणी इलाके में पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया है, ताकि किसी प्रकार की कोई घटना ना घटे.
मुंबई के मालवणी इलाके में रामनवमी पर दो गुटों में टकराव
मुंबई के मालवणी इलाके में राम नवमी की तैयारी में जुटे रामभक्त पताके और झंडे लगा रहे थे. तभी इलाके की एक मस्जिद के सामने की सड़क पर झंडे लगाने जाने के विरोध में दो गुटों में टकराव देखने मिला, घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हिंदू पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने रामभक्तों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें हिरासत में ले लिया. हालांकि कुछ समय बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
रामनवमी पर दिल्ली के उत्तम नगर में 650 पुलिसकर्मी तैनात
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में राम नवमी के मौके पर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. स्थानीय पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की कोताही बरतना नहीं ताहती. यही वजह है कि पूरे इलाके को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है.
आगरा: आटे के पीपे में मिला लापता बच्ची का शव
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में दो दिन पहले लापता हुई आठ वर्षीय बच्ची का शव उसके घर में किराएदार के कमरे में रखे आटे के पीपे से बरामद हुआ. बच्ची ताजगंज थाना क्षेत्र के सिद्धांत नगर से 24 मार्च यानी मंगलवार को लापता हो गई थी जिसकी सूचना उसके परिजन ने पुलिस को दी थी.
पाकिस्तान के हमलों में अफगानिस्तान के दो नागरिकों की मौत
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर अस्थायी युद्धविराम खत्म होने के बाद बुधवार को एक बार फिर हमले शुरू हो गए. इस संघर्ष में अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में कम से कम दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. अफगान तालिबान अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
साउथ के मशहूर एक्टर और डायरेक्टर ई ए राजेंद्रन का 71 साल की उम्र में निधन
साउथ के मशहूर अभिनेता और निर्देशक ई ए राजेंद्रन का 71 साल की उम्र में गुरुवार को कोल्लम के पट्टत्तानम में निधन हो गया. फिल्म जगत के सूत्रों ने यह जानकारी दी.फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने बताया कि राजेंद्रन पिछले कुछ महीनों से बीमार थे और उनका इलाज हो रहा था. अभिनेता का अंतिम संस्कार शुक्रवार को त्रिशूर के त्रिथल्लूर में किया जाएगा. राजेंद्रन अभिनेता मुकेश के बहनोई थे और प्रसिद्ध रंगमंच निर्देशक ओ माधवन के दामाद थे.
देशभर में बढ़ने जा रहे दवाओं के दाम!
देशभर में दवाओं के दाम बढ़ने जा रहे हैं. सरकार ने दवाइयों की कीमतों में करीब 0.65% तक बढ़ोतरी की अनुमति दे दी है. 2025 के लिए Wholesale Price Index (WPI) के आधार पर दवाओं की कीमतों में इजाफा करने की अनुमति दी गई है.
अयोध्या में 27 मार्च को मनाया जाएगा रामजन्मोत्सव
अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं. हालांकि आज रामजन्मोत्सव नहीं मनाया जाएगा. सूर्य तिलक भी 27 मार्च को ही होगा.
अयोध्या में कल होगा रामलला का सूर्य तिलक
अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक की तारीख बदल गई है. सूर्य तिलक 26 मार्च के बजाय 26 मार्च को होगा. ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश तिवारी ने बताया कि सभी संयोग 27 तारीख को बन रहे हैं, इसलिए राम नवमी 27 मार्च यानी शुक्रवार को मनाई जाएगी. उसी दिन अयोध्या के राम मंदिर में सूर्यतिलक भी होगा.
रामजन्मोत्सव के मौके पर अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालु
रामजन्मोत्सव के अवसर पर अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं.
अयोध्या मेंआज रामलला का जन्मोत्सव
अयोध्या में चैत्र रामनवमी के मौके पर रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. पूरे दिन आज मंदिर खुला रहेगा और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे. अनुष्ठान सुबह 6:30 बजे से शुरू होकर 11:00 बजे तक चलेंगे.
अयोध्या में राम नवमी कार्यक्रम की पूरी लिस्ट
- श्री राम जन्मभूमि मंदिर पूरे दिन खुला रहेगा
- सुबह 6:30 बजे से अनुष्ठान शुरू होकर 11:00 बजे तक चलेंगे
- कपाट बंद नहीं किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें
- दोपहर 12:00 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा
- सूर्य की किरणों से रामलला के मस्तक पर “सूर्य तिलक” का दिव्य दृश्य दिखाई देगा
- पूरे आयोजन का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के जरिए किया जाएगा
- देश-विदेश के लोग भी रामलला के दर्शन कर सकेंगे
- रामलला को लगभग छह क्विंटल पंजीरी व 56 भोग का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा
- मंदिर परिसर में लगातार बधाई गान का आयोजन होगा
- राम परिवार के दरबार में भी विशेष कार्यक्रम होंगे
- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन मार्ग पर मैट, छाया और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी
- फूल बंगला झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी
- शाम को मंदिर का शिखर भव्य फसाड लाइटिंग से जगमगा उठेगा
रामनवमी पर अयोध्या के बड़ी देवकाली मंदिर में भक्तों की भीड़
अयोध्या में चैत्र नवरात्रि के अष्टमी और रामनवमी के अवसर पर बड़ी देवकाली मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं. भक्तों की लंबी कतारें मंदिर में लगी हैं.
अयोध्या में रामनवमी मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने बताया कि चैत्र राम नवमी मेला पहले ही शुरू हो चुका है और बीते चार दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है. उन्होंने कहा, 'हर दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं.'
रामलला के सूर्य तिलक की सटीक व्यवस्था
सूर्य तिलक की सटीक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इंजीनियर लगातार काम कर रहे हैं. बताया गया है कि राम नवमी से पहले दो से तीन ट्रायल रन किए गए हैं, ताकि सूर्य किरणों का संरेखण बिल्कुल सही रहे.
देश-विदेश से अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालु
सूर्य की किरणें गर्भगृह में स्थित रामलला के मस्तक पर लगभग चार मिनट तक ठहरेंगी, जिससे एक दिव्य और ऐतिहासिक क्षण साकार होगा. इस पल के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं.
राम नवमी पर अयोध्या में रामलला का ‘सूर्य तिलक'
राम नवमी को लेकर अयोध्या में उल्लास और भक्ति का माहौल है. गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान राम के बाल स्वरूप रामलला का ‘सूर्य तिलक' होगा. इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
महाराष्ट्र: छत्रपति संभाजीनगर में धन की कमी की अफवाह
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वैजापूर में ईंधन की कमी की अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी है, जहां लोग डीजल के लिए 35 लीटर के बड़े कैन लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं.
गुजरात के आणंद में हादसा, कार की टक्कर में दो युवकों की मौत
गुजरात के आणंद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. आणंद-बोरसद रोड पर तेज रफ्तार XUV कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कार चालक बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था.
ईरान समझौता करना चाहता है, ट्रंप का दावा
ईरान-इजरायल युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि मिडिल ईस्ट में हम जीत रहे और ईरान हमसे समझौता करना चाहता है.
नेपाल में 15 रुपये महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से नेपाल में एक महीने में दूसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम पढ़े हैं. यह 15 रुपये महंगा हो गया है.
भारत-अमेरिका ने की द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा
भारत और अमेरिका ने बुधवार को सैन्य उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की विस्तृत समीक्षा की. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित 18वीं भारत-अमेरिका रक्षा नीति समूह की बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई.
यूपी के लखीमपुर खीरी में तेंदुए के हमले में 7 साल की बच्ची की मौत
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा राष्ट्रीय उद्यान स्थित बेलरायन रेंज में बुधवार की रात तेंदुए के हमले में सात साल की एक बच्ची की मौत हो गई. दुधवा बफर जोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने बताया कि बफर जोन के बेलरायन रेंज स्थित सिंगाही इलाके के सिधौना गांव में तेंदुए के हमले में मृत बच्ची की पहचान 7 साल की सिमरन के तौर पर की गई है.
नाइजीरिया आतंकी हमले में 11 लोगों की मौत
नाइजीरिया के उत्तर पश्चिमी प्रांत केब्बी में एक आपातकालीन सूचना पर कार्रवाई कर रहे नाइजीरियाई सुरक्षा बलों पर सशस्त्र आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया. इस घटना में 10 सुरक्षाकर्मियों समेत 11 लोगों की मौत हो गयी.














