चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से उत्तर भारत में आज भी झमाझम बारिश हो रही है. इससे अक्टूबर में दिसंबर वाली ठंड महसूस हुई और 30 अक्टूबर को इस महीने का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. वहीं हवा भी बेहद साफ हो गई. लगातार बारिश से तापमान में करीब 6 डिग्री तक की गिरावट आई. दिल्ली एनसीआर में गुरुवार शाम से जारी बारिश का असर रहा कि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री तक लुढ़क गया. अधिकतम तापमान में 5.6 डिग्री की गिरावट रही और न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री तक गिर गया. वहीं पालम, सफदरजंग, लोधी रोड, रिज, आया नगर, राजघाट, नजफगढ़ समेत सभी मौसम केंद्रों को देखें तो सबसे ज्यादा ठंडा इलाका पालम रहा, जहां तापमान में 7.4 डिग्री की गिरावट देखी गई. जबकि लोदी रोड में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की कमी रही.
अधिकतम तापमान में आई बड़ी गिरावट
AQI.in के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 78 पर आ गया, जो एक दिन पहले 9:30 बजे दिल्ली का एक्यूआई 363 तक था. ये मौसमी बदलाव 29-30 अक्टूबर की रात दिल्ली एनसीआर में हुई बारिश और नम हवाओं के कारण हुआ है. भारी बारिश और तेज हवाओं ने राजधानी की हवा काफी साफ कर दिया है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और चक्रवात अर्नब से जुड़े मौसमी बदलावों की वजह से बनी थी.पिछले 24 घंटों से दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत को घने बादलों ने घेर रखा है और रिमझिम बारिश हो रही है. घने बादलों के बीच सुबह ही अंधियारी छाई रही. मौसम विभाग ने दिल्ली में शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया था. दिल्ली में आज दिन भर बादल छाए रहने के साथ दो-तीन बार बारिश होने का संकेत हैं. इसके साथ ही तूफान, बिजली गिरने की भी संभावना है.
दिल्ली में आज का मौसम (Delhi Weather Today)
दिल्ली एनसीआर में रात का पारा लुढ़ककर 15-16 डिग्री तक गिर गया है. साथ में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से मौसम काफी सर्द हो गया है. हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और जामिया मिलिया इस्लामिया इलाके जैसी प्रमुख जगहों से देर रात सड़कें बारिश से भीगी नजर आईं. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में आसमान में घने बादल छाने के साथ लगातार बारिश होती रही. अचानक बारिश के मौसम ने दिल्ली-NCR में सर्दियों की दस्तक दे दी है. हालांकि राहत की बात है कि प्रदूषण का पैमाना एक्यूआई गिरकर 133 तक आ गया है.
आंधी-बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में अगले 24 से 48 घंटों तक बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है.1 नवंबर से मौसम साफ हो जाएगा. नई दिल्ली के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऐसे ही बारिश होगी. कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी. 31 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे लेकिन अभी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. 1 और 2 नवंबर तक आसमान साफ होने की उम्मीद है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूर्वांचल में भी लगातार बारिश रात से हो रही है. गोरखपुर, वाराणसी से लेकर बस्ती-महाराजगंज तक बारिश का असर देखा जा रहा है. लखनऊ, कानपुर समेत अवध क्षेत्र में भी बादल छाने के साथ हल्की बरसात हो रही है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात से ही बारिश से मौसम बदला हुआ है.
बिहार-झारखंड में आज मौसम कैसा रहेगा
चक्रवाती तूफान अर्णब के कारण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल, बिहार और झारखंड में भारी बारिश होने की संभावना है. उत्तरी बिहार और छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. झारखंड, बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ के कोरबा, सरगुजा और बलरामपुर, ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर, संबलपुर और झारखंड में पलामू, सिमडेगा के साथ बिहार में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, रोहतास, भोजपुर में भारी बारिश का अलर्ट है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया के संवेदनशील इलाकों में लगातार बारिश से बाढ़ का भी खतरा है.
ओडिशा-छत्तीसगढ़ में तूफान का असर
मौसम विभाग का कहना है कि अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब का बचा हुआ इलाका कमजोर होकर छत्तीसगढ़ और उससे सटे ओडिशा के ऊपर एक स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र में बदल गया है. छत्तीसगढ़ के बीच के इलाकों और उससे सटे ओडिशा के ऊपर मौजूद यह विक्षोभ अब उत्तर की ओर बढ़ा है. छत्तीसगढ़ के मध्य भागों और उससे सटे ओडिशा के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है. उधर, 31 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में एक और विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके और अधिक तीव्र होकर दो दिनों मे आंध्र प्रदेश के तट की ओर आगे बढ़ने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम
IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी प्रणाली से नवंबर में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक जैसे राज्यों में बारिश का दौर आएगा. नार्थ वेस्ट मॉनसून से वहां पहले ही बारिश हो रही है.2 नवंबर से 4 नवंबर के बीच कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में काफी बारिश होने की संभावना है. 2-3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने का अलर्ट है. तेलंगाना में भी 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी, बारिश की संभावना है.
ये भी पढ़ें - कल का मौसम: बंगाल-तमिलनाडु में अर्नब साइक्लोन का कहर, 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में 3 साल बाद सबसे ठंडी सुबह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं