- आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाकर अशोक मित्तल को नियुक्त किया है.
- पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को संसद में बोलने से रोकने का अनुरोध किया है.
- राघव चड्ढा ने वीडियो संदेश में कहा कि वे जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं और खामोश जरूर हुए हैं.
आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने और संसद में बोलने से रोके जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश जारी कर पलटवार किया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा किए गए इस वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्हें 'खामोश जरूर किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं.' चड्ढा के वीडियो संदेश पर आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया भी आ गई है. पार्टी ने चड्ढा पर आरोप लगाया कि वे देश के लिए जरूरी अहम मुद्दे नहीं उठा रहे थे.
वीडियो संदेश में राघव चड्ढा ने सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, 'जब-जब मुझे संसद में बोलने का मौका मिला, मैंने आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए. हो सकता है कि मैं ऐसे मुद्दे उठाता हूं, जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती. लेकिन क्या जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई गलती की है? क्या मैंने कुछ गलत किया है?'
राघव चड्ढा ने जारी किया वीडियो
उन्होंने आगे कहा, 'मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूं, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर कहा है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने से रोका जाए. भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा. मैं तो जब बात करता हूं, जनता के मुद्दे पर बात करता हूं, आम आदमी की बात करता हूं.'
यह भी पढ़ें- AAP ने राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर पद से हटाया, राज्यसभा सांसद ने वीडियो में अपना कार्यकाल दिखाया
'मैंने तो जनता के मुद्दे उठाए'
राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने तो एयरपोर्ट पर मिल रहे महंगे खाने की बात रखी. ब्लिंकिट-जोमैटो राइडर्स की बात रखी. मैंने टोल प्लाजा लूट से बैंक चार्जेस लूट की बात रखी.
राघव चड्ढा ने अपने संदेश को ‘Silenced, Not Defeated' शीर्षक देते हुए इसे सीधे ‘आम आदमी' के नाम संबोधित किया. हालांकि, वीडियो में उन्होंने पार्टी नेतृत्व या किसी नेता का नाम लेकर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया.
कल शाम भी जारी किया था वीडियो
आपको बता दें कि राघव चड्ढा पिछले कुछ समय से संसद में जनहित से जुड़े कई मुद्दे जोर-शोर से उठा रहे थे. इसका एक वीडियो उन्होंने गुरुवार शाम जारी किया था. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट वीडियो में राघव को आम लोगों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाते हुए दिखाया गया. इनमें पैटरनिटी लीव से लेकर मिडिल क्लास पर टैक्स को बोझ, मोबाइल डेटा की लिमिट, मिनिमम अकाउंट बैलेंस जैसे मसले शामिल हैं.
इनके अलावा वीडियो में वह फ्लाइटों में एक्स्ट्रा बैगेज चार्ज, पेपर लीक, वायु प्रदूषण जैसे तमाम मुद्दे सदन में उठाने के वीडियो कंपाइल करके उन्होंने पोस्ट किए. वीडियो के आखिर में वह संसद से बाहर निकलते दिखाई दे रहे थे.
आप की प्रतिक्रिया
चड्ढा के बयान के बाद आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया आई है. आप नेता अनुराग ढांडा ने एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं. निडरता पहली पहचान है हमारी. उन्होंने लिखा है कि पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव. देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो.
यह भी पढ़ें- आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को हटाकर राज्यसभा में अशोक मित्तल को बनाया डिप्टी लीडर
AAP ने किया संगठनात्मक बदलाव
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर गुरुवार को बड़ा बदलाव किया. राज्यसभा में अपने सांसद राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाकर डॉ. अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंप दी. इसके लिए राज्यसभा सचिवालय को पत्र भी भेज दिया.
आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित किया कि सांसद राघव चड्ढा को संसद में बोलने का समय नहीं दिया जाना चाहिए. इसके अलावा, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर सांसद राघव चड्ढा के स्थान पर सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त करने का अनुरोध किया.













