किसी की कीमत 20 करोड़ तो किसी की 21 करोड़, पुष्कर मेले में घोड़ों के दामों की क्या है हकीकत?

राजस्थान के पुष्कर मेले में इस बार ऊंटों से ज्यादा चर्चा घोड़ों की है. ढोल-नगाड़ों, बाउंसर्स और भव्य एंट्री के साथ पेश किए जा रहे घोड़े किसी फिल्मी सेलिब्रिटी से कम नहीं दिख रहे.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
पुष्कर मेले में घोड़ों का जलवा
NDTV
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • राजस्थान के पुष्कर मेले में करोड़ों की कीमत वाले घोड़ों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया है
  • जेठवाल स्टड के बादल नामक घोड़े की कीमत 23 करोड़ रुपये बताई जा रही है
  • नुकरा नस्ल के सफेद घोड़े शादी-ब्याह में लोकप्रिय हैं और दवनूर नामक घोड़े की शाही शैली खास चर्चा में है

ढोल-नगाड़ों की गूंज, हवा में उड़ते नोट, बाउंसर्स के बीच शाही एंट्री और सेल्फी के लिए उमड़ती भीड़.. राजस्थान के पुष्कर मेले में इन दिनों घोड़े किसी फिल्मी सितारे से कम नजर नहीं आ रहे. रास्तों पर नाचते, करतब दिखाते और अपने मालिकों के साथ आकर्षण का केंद्र बने ये घोड़े मेले की नई पहचान बन गए हैं. कभी ऊंटों के कारोबार के लिए मशहूर रहा पुष्कर अब करोड़ों की कीमत वाले घोड़ों के दावों के चलते चर्चा में है.

जेठवाल स्टड के घोड़े 'बादल' की सबसे ज्यादा चर्चा

मेले में सबसे ज्यादा चर्चा जेठवाल स्टड के घोड़े 'बादल' की है. ढोल-नगाड़ों और बाउंसर्स के साथ हुई उसकी एंट्री ने लोगों का ध्यान खींच लिया. बादल की कीमत 23 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. उसके अस्तबल के बाहर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रहती है और सोशल मीडिया पर उसका हर वीडियो तेजी से वायरल होता है. बादल के मालिक राहुल जेठवाल कहते हैं कि उन्होंने कभी इसकी कीमत तय नहीं की. उनका कहना है कि लोग अपनी तरफ से कीमतें आंक रहे हैं और उनका इसे बेचने का कोई इरादा नहीं है.

वहीं उनके भाई शिवराज जेठवाल का कहना है कि बादल की असली कीमत उसकी ब्लडलाइन में है. उनका दावा है कि बादल की संतानों की शुरुआती कीमत ही पांच लाख रुपये से शुरू होती है और आगे कीमत खरीदार की रुचि और क्षमता पर निर्भर करती है. हालांकि सभी व्यापारी इन दावों से सहमत नहीं हैं. पंजाब के फाजिल्का से आए घोड़ा व्यापारी गोपी का कहना है कि 20-21 करोड़ रुपये की कीमतें केवल प्रचार का हिस्सा हैं और वास्तविक बाजार में ऐसे घोड़ों की कीमत 4 से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा नहीं होती.

पुष्कर मेले में जेठवाल स्टड
Photo Credit: NDTV

नुकरा नस्ल के सफेद घोड़ों की भी चर्चा

मेले में नुकरा नस्ल के सफेद घोड़ों की भी खूब चर्चा है. दूधिया सफेद रंग, गुलाबी नाक और शाही कद-काठी वाले ये घोड़े शादी-ब्याह और बारातों में खास पसंद किए जाते हैं. इन्हीं में से एक चर्चित नाम दवनूर का है, जिसका शाही अंदाज लोगों को आकर्षित कर रहा है. उसके बारे में दावा किया जाता है कि वह बिसलेरी की बोतल का पानी पीता है और उसके चारे में काजू-बादाम मिलाए जाते हैं.

Advertisement

अजमेर जिले के केकड़ी से आए घोड़ा मालिक राजकुमार अपनी घोड़ी कृष्णा को मेले की सबसे लंबी घोड़ी बताते हैं. उनका कहना है कि उसकी कीमत करोड़ों में हो सकती है, लेकिन वह बिक्री के लिए नहीं बल्कि शो के लिए मेले में लाई गई है.

दवनूर जो बिसलेरी का पानी पीता है
Photo Credit: NDTV

अब ऊंटों से ज्यादा घोड़ों की कीमत

पुष्कर का पशु मेला एक समय में ऊंटों की खरीद फरोख्त के लिए जाना जाता था, लेकिन इन दिनों ऊंटों से ज्यादा करोड़ों की कीमत वाले घोड़ों को लेकर सुर्खियों में है. इस साल मेले में गुजरात से आया मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा 'गोल्डन किंग' 21 करोड़ रुपये की कीमत के दावे के साथ आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. वहीं महाराष्ट्र से आए 'एलेक्स' और 'आरडीएक्स' की कीमत उनके मालिक ने 5-5 करोड़ रुपये लगाई है. एलेक्स को लेकर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये तक की बोली लगने की खबर भी सामने आई है. हालांकि, ये सभी आंकड़े वास्तविक बिक्री मूल्य नहीं हैं. गोल्डन किंग को तो बिक्री के लिए नहीं, बल्कि प्रदर्शन के लिए लाया गया है.

Advertisement

गोल्डन किंग, जिसकी कीमत है 21 करोड़
Photo Credit: NDTV

पिछले साल भी ऐसे ही करोड़ों के दावे सामने आए थे. लेकिन पशुपालन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2025 के मेले में 224 घोड़े कुल 75 लाख रुपये में बिके थे और सबसे महंगी दर्ज बिक्री सिर्फ 4.60 लाख रुपये की थी. इससे यह सवाल फिर खड़ा होता है कि क्या वाकई घोड़े करोड़ों में बिक रहे हैं या फिर यह सब ब्रांडिंग और प्रचार का हिस्सा है.

पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी मेले की शुरुआत है, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि खरीद-फरोख्त का वास्तविक आंकड़ा करोड़ों तक पहुंचेगा. विशेषज्ञों के मुताबिक घोड़े की नस्ल, कद-काठी, प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन और प्रजनन क्षमता उसकी कीमत बढ़ा सकती है, लेकिन करोड़ों के दावे हमेशा वास्तविक बिक्री को नहीं दर्शाते.

किंग रोमियो घोड़ा, जो ढोल नंगाड़ों पर नाचता है
Photo Credit: NDTV

किंग रोमियो की एंट्री ने भी खींचा ध्यान, नाचते घोड़ों ने बटोरी तालियां

पुष्कर मेले में सिर्फ बादल और जेठवाल स्टड के घोड़ों का ही जलवा नहीं है. किंग रोमियो ने भी अपनी शानदार एंट्री से लोगों का ध्यान खींचा. वहीं मेले में घोड़ों का नाचना, संगीत की थाप पर कदमताल करना और तरह-तरह के करतब दिखाना दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है.

घोड़ों की चाल, फुर्ती, संतुलन और ट्रेनिंग का ऐसा प्रदर्शन मेले को सिर्फ खरीद-फरोख्त का बाजार नहीं, बल्कि अश्वकला का मंच भी बना रहा है. राजस्थान पुलिस के घुड़सवारों ने भी हॉर्स शो में अपने घोड़ों के साथ रोमांचक करतब दिखाकर खूब तालियां बटोरीं.

Advertisement

इस बार पुष्कर में घोड़ों की दुनिया के दो अलग-अलग रंग दिखाई दे रहे हैं. एक तरफ करोड़ों की कीमत के दावे करने वाले नामी घोड़े हैं, तो दूसरी तरफ अपनी कला और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीतने वाले घोड़े. यही विविधता पुष्कर मेले को खास बनाती है.

यह भी पढ़ें | पुष्कर मेले में दिखी घोड़ों की लग्जरी लाइफ, कोई पीता है बिसलेरी तो कोई खाता है काजू-बादाम; करोड़ों में कीमत!

Advertisement
Featured Video Of The Day
लुधियाना में ढोंगी बाबा ने हिप्नोटाइज कर ज्वेलरी शॉप से उड़ाए सोने के गहने

Topics mentioned in this article
Pushkar
Pushkar Mela
Pushkar Mela 2026
Pushkar Fair Last Day
Pushkar Fair Highlights

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं