- समाजवादी पार्टी के प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम में आयोजित हुआ जहां पूरा परिवार मौजूद था
- अखिलेश यादव ने अपने छोटे भाई प्रतीक यादव की बेटी को श्मशान घाट पर चॉकलेट खिलाई और प्यार से सिर पर हाथ फेरा
- प्रतीक यादव के निधन पर उनका अंतिम संस्कार भावुक माहौल में हुआ जिसमें उनके ससुर अरविंद बिष्ट ने मुखाग्नि दी
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद एक बेहद भावुक वीडियो सामने आया है. यह वीडियो उस श्मशान घाट का है, जहां प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार हुआ. वीडियो में अखिलेश यादव और प्रतीक की बेटी नजर आ रही है. छोटे भाई के अचानक निधन से टूटे अखिलेश यादव अपनी भतीजे को दुलारते नजर आ रहे हैं. दरअसल प्रतीक यादव की बेटी अखिलेश के बराबर में बैठी है. इस गम के माहौल से बेखबर बच्ची को अखिलेश यादव चॉकलेट खिला रहे हैं और प्यार से उसके सिर पर हाथ फेर रहे हैं. सोशल मीडिया पर ताऊ-भतीजी का यह वीडियो वायरल हो रहा है.
वायरल हो रहा वीडियो
यह वीडियो लखनऊ के बैकुंठ धाम का है, जहां प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार हुआ. इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत पूरा परिवार मौजूद था. इस अपार दुख और श्मशान घाट की भारी खामोशी के बीच, जब सबकी आंखें आंसुओं से भरी थीं, तब बड़े अखिलेश यादव ने एक घर के बड़े सदस्य होने का फर्ज निभाया. उन्होंने माहौल के भारीपन से बेखबर, अपने दिवंगत छोटे भाई की मासूम बेटी के सिर पर हाथ फेरकर दुलारा और उसके हाथों में चॉकलेट थमा दी.
पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए. गमगीन माहौल में परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी. प्रतीक यादव की चिता को उनके ससुर और वरिष्ठ पत्रकार रह चुके अरविंद बिष्ट ने मुखाग्नि दी. मुखाग्नि देने के बाद वह भावुक हो उठे और गमछे से आंसू पोंछते हुए हाथ जोड़कर दामाद को अंतिम प्रणाम किया. श्मशान घाट का माहौल बेहद भावुक रहा. सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी बैकुंठ धाम पहुंचे और छोटे भाई को नम आंखों से अंतिम विदाई दी. अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव ने चिता पर लकड़ियां रखकर अंतिम दर्शन किए. इस दौरान प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव और उनकी दोनों बेटियां प्रथमा और पद्मजा भी मौजूद रहीं.
श्मशान घाट पर एक ओर अखिलेश यादव और शिवपाल यादव बैठे दिखाई दिए और वहीं उनके पास प्रतीक की दोनों बेटियां मौजूद रहीं. अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन यादव भी परिवार के साथ नजर आए. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए. अंतिम संस्कार से पहले प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा उनके आवास से निकाली गई, जिसमें हजारों समर्थक शामिल हुए. यात्रा के दौरान “प्रतीक यादव अमर रहें” के नारे गूंजते रहे.













