- पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर में बमों और गोलीबारी की आवाज अब इतिहास की बात बताई और शांति की बात कही
- मोदी ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को स्वदेशी जमीन सौंपने और राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में डालने का आरोप लगाया
- भाजपा ने बोडोलैंड में स्थायी शांति स्थापित कर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर में बमों और गोलीबारी की आवाज अब बीते दिनों की बात हो गई है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति सुनिश्चित की, जबकि कांग्रेस ने ‘‘स्वार्थ केंद्रित राजनीतिक हितों'' के लिए विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए. बारिश के कारण यात्रा कार्यक्रम में बाधा आने के बाद गुवाहाटी से ‘डिजिटल' माध्यम से असम के कोकराझार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य ‘‘डबल इंजन'' सरकार के तहत शांति एवं विकास का एक नया अध्याय लिख रहा है.
घुसपैठ और जमीन को लेकर कांग्रेस पर पीएम मोदी का हमला
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वदेशी लोगों की जमीन घुसपैठियों को सौंपकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का काम किया. उन्होंने कहा, “आगामी चुनावों में कांग्रेस को दंडित करें और यह स्पष्ट संदेश दें कि इस देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है.” असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है. मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा घुसपैठियों के साथ मिलीभगत करती रही है और उसने राज्य की मूल आबादी को कभी कानूनी रूप से भूमि अधिकार नहीं दिए.
ये भी पढ़ें ; 4750 करोड़ की योजनाएं, 3 नई ट्रेनें... चुनाव से पहले असम पहुंचे PM मोदी ने दी ये सौगात
आदिवासी भूमि और कोकराझार की जनसांख्यिकी का मुद्दा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी भूमि घुसपैठियों को सौंप दी, और धुबरी तथा गोलपारा जैसे जिलों में स्थिति गंभीर थी, जिससे कोकराझार की जनसांख्यिकी प्रभावित हुई. प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा अतिक्रमण मुक्त भूमि के लिए एक बड़ा अभियान चला रहे हैं और भाजपा सरकार ने आदिवासी लोगों को उनके अधिकार सौंप दिए हैं। मैं इस संबंध में सहयोग देने के लिए आदिवासी समुदायों के लोगों का भी आभारी हूं.'' मोदी ने कहा कि कोकराझार दशकों से कांग्रेस के विश्वासघात का साक्षी रहा है, क्योंकि विपक्षी कांग्रेस ने झूठे वादे किए थे.
बोडोलैंड में शांति और विकास को लेकर भाजपा का दावा
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने दिखावे और स्वार्थी हितों के लिए शांति समझौतों पर हस्ताक्षर किए, लेकिन भाजपा ने स्थायी शांति के लिए काम किया और बोडोलैंड का विकास सुनिश्चित किया.''प्रधानमंत्री ने कहा कि बोडोलैंड की पहाड़ियां दशकों तक बंदूकों और बम धमाकों की आवाजों से गूंजती रहीं, लेकिन ‘‘अब वे दिन बीत चुके हैं, और यह शांति एवं विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है.'' उन्होंने कहा, ‘‘इन वर्षों में लोगों ने बहुत कष्ट झेला है और बहुत कुछ खोया है... हमने वे कठिन दिन देखे हैं, लेकिन अब ‘खाम' (ढोल) की थाप और ‘सिफोंग' (बांसुरी) की मधुर आवाज सुनाई देती है.''
ये भी पढ़ें ; PM Kisan Yojana LIVE: जारी हुई पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, पीएम मोदी ने किसानों के खाते में भेजे 2-2 हजार रुपये
‘मोहब्बत की दुकान' पर निशाना, कांग्रेस को बताया झूठे वादों की पार्टी
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘जब जनता ने राज्य और केंद्र दोनों से कांग्रेस को सत्ता से हटाया, तभी हम ईमानदारी और निष्ठा से इस क्षेत्र का विकास शुरू कर पाए.'' राहुल गांधी के नारे ‘मोहब्बत की दुकान' का स्पष्ट जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस ‘झूठे वादों की दुकान' है, और एक झूठ के साथ यह चार और ‘बड़े झूठ' उपहार में देती है, क्योंकि उनका कोई भी वादा पूरा करने का इरादा नहीं है.'' उन्होंने कहा कि इसके विपरीत “डबल इंजन” सरकार का मॉडल जनता के सामने है और किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जा रहे हैं.
डबल इंजन सरकार से सांस्कृतिक संरक्षण और विकास का भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की ‘‘डबल इंजन'' सरकार बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और तीव्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि वह बीटीआर के लोगों के प्यार के लिए ऋणी हैं। मोदी ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा अपनी सेवा और क्षेत्र के तीव्र विकास के माध्यम से इसे चुकाने की कोशिश की है.'' प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने जनवरी में गुवाहाटी में बोडो संस्कृति का भव्य आयोजन ‘बागुरुम्बा द्वौ' देखा था. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस बात पर गर्व है कि बोडो समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को इतनी सावधानी से संरक्षित रखा है - चाहे वह बाथौ की आध्यात्मिक परंपराएं हों या ब्विसागु उत्सव, जो भारतीय सभ्यता को मजबूत करता है.''
बोडोलैंड के लिए 4,750 करोड़ की परियोजनाएं, सड़क‑रेल कनेक्टिविटी पर जोर
इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि राजग सरकार असम की विरासत को संरक्षित करने और तीव्र विकास सुनिश्चित करने के लिए भी काम कर रही है. उन्होंने कहा, ‘‘आज के कार्यक्रम में ही 4,750 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की गई है, जिसमें से 1100 करोड़ रुपये से अधिक बोडोलैंड में सड़क अवसंरचना के विकास पर खर्च किए जाएंगे, जिससे राज्य में सड़क संपर्क और मजबूत होगा.'' मोदी ने कहा कि रेलगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाई गई है, जो न केवल लोगों के लिए सुविधाजनक होंगी बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा देंगी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां रेलवे कार्यशाला स्थापित की जाएगी और इससे क्षेत्र को एक प्रमुख ‘लॉजिस्टिक्स हब' बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि भूटान के साथ रेल संपर्क स्थापित करने का काम भी प्रगति पर है और साथ ही कई स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है.














