20 days ago

Parliament Budget Session 2026 Highlights: लोकसभा में पिछले कुछ वक्‍त से चल रहा गतिरोध खत्‍म हो गया है. दोपहर दो बजे बजट को लेकर लोकसभा में चर्चा सुचारू रूप से शुरू हुई. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बजट पर चर्चा की शुरुआत की. हालांकि इससे पहले, विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया. नोटिस की कॉपी देने के लिए कांग्रेस सांसद के सुरेश, गौरव गोगोई और मोहम्मद जावेद लोकसभा महासचिव के कमरे में मौजूद रहे. नोटिस पर 118 लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर हैं. इसमें TMC को छोड़कर लगभग सभी दलों ने हस्ताक्षर किए हैं. इस दौरान कांग्रेस के अलावा एसपी, लेफ्ट, आरजेडी जैसे दलों के सांसद भी मौजूद थे.  

अविश्वास प्रस्ताव पेश होने के बाद यह जानकारी सामने आई कि स्पीकर ओम बिरला प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय होने तक सदन नहीं जाएंगे. 

Parliament Budget Session 2026 Day 10 LIVE Updates:

Feb 10, 2026 20:30 (IST)

सुनेत्रा पवार कल राज्यसभा से इस्तीफा देंगी

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार कल राज्यसभा से इस्तीफा देंगी. कल सुबह सुनेत्रा पवार गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री से करेंगी मुलाकात.

Feb 10, 2026 18:34 (IST)

कल लोकसभा में बजट पर बोल सकते हैं राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा में बजट पर कल बुधवार 12 बजे के करीब बोल सकते हैं. आज विपक्षी दलों की बैठक में राहुल गांधी ने ख़ुद सुझाव दिया कि बजट पर पहले विपक्षी दलों को मौका मिलना चाहिए.

राहुल गांधी को आशंका थी कि उनके भाषण के दौरान फिर से हंगामा हो सकता है. ऐसे में उन्होंने ख़ुद तय किया कि को अगले दिन बोलेंगे. 

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी भारत–अमेरिका ट्रेड डील के मुद्दे पर सरकार को घेर सकते हैं. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के भाषण के दौरान लोकसभा में गतिरोध शुरू हुआ था जो आज टूटा है.

Feb 10, 2026 17:46 (IST)

अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय होने तक सदन नहीं जाएंगे स्पीकर ओम बिरला

संसद के बजट सत्र में चल रहे गतिरोध के बीच विपक्ष ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है. अब इस पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी. इस बीच ओम बिरला ने कहा, जब तक सदन में उन्हें हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय नहीं हो जाता, तब तक वे सदन में उपस्थित नहीं होंगे. यद्यपि नियमों के अनुसार उन्हें अनुपस्थित रहने की आवश्यकता नहीं है, फिर भी उन्होंने सदन में न जाने का निर्णय लिया है. सरकार हो या विपक्ष, चाहे वे उन्हें मनाने का प्रयास करें, वे उपस्थित नहीं होंगे.

संभावना है कि अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर बजट सत्र के दूसरे भाग के पहले दिन यानी 9 मार्च को चर्चा होगी. इसके लिए पचास सांसदों से समर्थन में हाथ उठाने को कहा जाएगा. इसके बाद अध्यक्ष इस प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति दे सकते हैं.

Feb 10, 2026 17:05 (IST)

शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों पर संसद की स्थाई समिति की बैठक शुरू

कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों पर संसद की स्थाई समिति की बैठक शुरू हो गई है. विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री बैठक में प्रेजेंटेशन करने पहुंचे हैं. इस बैठक में भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील, भारत यूरोपीय यूनियन के बीच FTA समझौता और भारत बांग्लादेश संबंधों पर चर्चा होगी.

Feb 10, 2026 16:23 (IST)

ये डील नहीं, ढील हुई, देश जानना चाहता है कि 18 बड़ा है या जीरोः अखिलेश यादव

लोकसभा में अखिलेश यादव ने बजट पर बोलते हुए भारत-अमेरिका ट्रेड डील सहित सरकार द्वारा किए गए अन्य ट्रेड डीलों पर सवाल उठाए. अखिलेश यादव ने कहा, अभी शशि थरूर बोल रहे थे. उन्होंने काफी आंकड़े गिनाए, उसी से मिलते-जुलते आंकड़े मेरे पास भी हैं. सपा नेता ने आगे कहा कि बजट आने से पहले और बजट आने के बाद पूरे देश में अमेरिका से डील को लेकर बात चल रही थी. बीजेपी ने दावे किए कि हमने दुनिया में कई देशों से फ्री ट्रेड डील कर ली है. उनसे जानना चाहूंगा कि कितने देश बचे हैं, जिनसे फ्री ट्रेड डील नहीं कर पाए हैं. 
पढ़ें पूरी खबर- 

Feb 10, 2026 16:21 (IST)

दिल को खुश रखने के लिए ‘गालिब’ खयाल अच्छा है... लोकसभा में थरूर का शायराना अंदाज

लोकसभा में मंगलवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आरोप लगाया कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में बेरोजगारी को नजरअंदाज किया गया, रहन-सहन पर खर्च और असमानता की अनदेखी की गई और आम आदमी की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने सदन में केंद्रीय बजट पर सामान्य चर्चा की शुरूआत करते हुए मिर्जा गालिब के एक मशहूर शेर का उल्लेख करते हुए सरकार पर कटाक्ष किया कि ‘‘हम को मालूम है जन्नत की हकीकत, लेकिन दिल के खुश रखने को 'ग़ालिब' ये ख़याल अच्छा है.''
पढ़ें पूरी खबर- लोकसभा में शशि थरूर का शायराना अंदाज, बजट पर सरकार को घेरा

Advertisement
Feb 10, 2026 14:11 (IST)

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष ने उठाए चार मुद्दे

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में चार बिंदु उठाए गए हैं

1. नेता विपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया 

2. ⁠विपक्ष के आठ सांसदों को निलंबित कर दिया गया 

3. ⁠बीजेपी सांसद को पूर्व प्रधानमंत्रियों को लेकर आपत्तिजनक बातें बोलने दी गई 

4. ⁠स्पीकर ने कांग्रेस सांसदों पर साजिश का आरोप लगाया

Feb 10, 2026 13:25 (IST)

कांग्रेस के साथ कई अन्‍य विपक्षी दलों के नेता भी रहे मौजूद

लोकसभा अध्यक्ष के अविश्‍वास प्रस्‍ताव का नोटिस दिया गया है. यह नियम 94 सी के तहत नोटिस दिया गया है. नोटिस देते समय कांग्रेस के अलावा एसपी, लेफ्ट, आरजेडी जैसे दलों के सांसद भी मौजूद थे. 

Advertisement
Feb 10, 2026 13:23 (IST)

Parliament Budget Session LIVE: लोकसभा में दोपहर दो बजे से बजट पर चर्चा

लोकसभा में दो बजे से बजट पर चर्चा होगी. सबसे पहले वक्‍ता शशि थरूर होंगे, जो अपनी बात रखेंगे. 

Feb 10, 2026 13:21 (IST)

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया

विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है. नोटिस की कॉपी देने के लिए कांग्रेस सांसद के सुरेश, गौरव गोगोई, मोहम्मद जावेद ने लोकसभा महासचिव के कमरे में मौजूद रहे. नोटिस पर 118 लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर हैं. इसमें TMC को छोड़कर लगभग सभी दलों ने हस्ताक्षर किए हैं. 

Advertisement
Feb 10, 2026 13:10 (IST)

लोकसभा में खत्‍म हो सकता है गतिरोध, सरकार की विपक्ष के साथ बनी सहमति: सूत्र

लोकसभा में गतिरोध खत्‍म हो सकता है. सरकारी आला सूत्रों ने बताया कि दो बजे से सदन चलने की संभावना है. इसे लेकर के सरकार की विपक्ष के साथ सहमति बन गई है. सूत्रों ने कहा कि कोई शर्त मानने का सवाल ही नहीं है. आठ सांसदों के निलंबन की वापसी या राहुल गांधी को बोलने का मौका देने की शर्त मानने का सवाल ही नहीं है. संसदीय कार्य मंत्री के साथ बैठक में के सी वेणुगोपाल, गौरव गोगोई, टी आर बालू, अखिलेश यादव और अभिषेक बनर्जी मौजूद थे. सरकार ने बैठक में कहा कि बिना शर्त सहमति बने, अन्यथा सरकार अपने हिसाब से आगे बढ़ेगी. 

Feb 10, 2026 13:04 (IST)

विपक्ष की ओर से आठ सांसदों का निलंबन रद्द करने का पत्र

विपक्ष के आठ सांसदों का निलंबन रद्द करने के लिए पत्र लिखा जा रहा है. विपक्ष की ओर से लिखे जा रहे पत्र पर विपक्ष के नेता हस्‍ताक्षर कर रहे हैं. इस पर डीएमके के टीआर बालू ने भी हस्ताक्षर किए हैं. 

Advertisement
Feb 10, 2026 12:58 (IST)

लोकसभा में खत्‍म हो सकता है गतिरोध, लेकिन बड़ा सवाल क्‍या बोलेंगे राहुल गांधी

विपक्षी दलों की संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बीच बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि दोपहर 2 बजे से बजट पर चर्चा शुरू होनी चाहिए. बैठक में मौजूद सभी दलों की यही राय थी. विपक्षी सांसदों के मुताबिक, अब सरकार पर निर्भर करता है कि वह 2 बजे बजे किस तरह सदन चलती है. हालांकि सबसे बड़ा सवाल है कि क्‍या राहुल गांधी बोलेंगे. 

Feb 10, 2026 12:20 (IST)

हमने सभी भाजपा सांसदों को न रोका होता.. किरेन रिजिजू ने वीडियो जारी कर कहा

Feb 10, 2026 12:15 (IST)

ब्रह्मास्त्र का इस्तेमाल पहले ही क्यों करें?: अभिषेक बनर्जी

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस से टीएमसी द्वारा दूरी बनाए जाने पर अभिषेक बनर्जी ने सफाई दी है. एनडीटीवी से अभिषेक बनर्जी ने कहा, हमारी राय में पहले विपक्ष को अपनी मांगों को लेकर स्पीकर को एक साझा चिट्ठी लिखनी चाहिए थी और तीन दिनों का समय देना चाहिए था. उन्‍होंने कहा कि अगर कोई कार्रवाई नहीं होती तो फिर तीन दिन बाद अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देना चाहिए था, तब टीएमसी भी इसमें साथ देती.  उन्‍होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव आखिरी कदम है, पहले ही ब्रह्मास्त्र का इस्तेमाल क्यों करना. 

Feb 10, 2026 12:11 (IST)

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित

लोकसभा में गतिरोध आज भी बना हुआ है. लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया है. 

Feb 10, 2026 12:06 (IST)

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर टीएमसी नहीं किए हस्‍ताक्षर, ये है कारण

अभिषेक बनर्जी ने एनडीटीवी से कहा कि टीएमसी ने कांग्रेस को सुझाव दिया था कि पहले सभी मांगों को लेकर विपक्ष की तरफ से स्पीकर को पत्र लिखा जाए और कार्रवाई को लेकर तीन दिनों का समय दिया जाए. अगर तीन दिन में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया जाना चाहिए. 

Feb 10, 2026 11:44 (IST)

जनता ने हमें हंगामे के लिए चुनकर नहीं भेजा है: लोकसभा हंगामे को लेकर बोले निर्दलीय सांसद

लोकसभा की कार्यवाही नहीं चलने पर दमन और दीव से निर्दलीय सांसद उमेश भाई पटेल ने कहा कि वे संसद भवन में एक पोस्टर लेकर आए हैं, जिस पर लिखा था कि चूहे बिल्ली का खेल बंद करो लोकसभा की कार्यवाही चलने दो. उन्‍होंने कहा कि उमेश भाई पटेल का कहना है कि हम जैसे निर्दलीय सांसद क्या करें, जहां विधानसभा भी नहीं है. अपने इलाकों की बात कहां उठाएं. उन्‍होंने कहा कि जनता ने हमें हंगामे के लिए चुनकर नहीं भेजा है. राज्यसभा की कार्यवाही चल रही है, लेकिन लोकसभा में क्यों व्यवधान पैदा किया जा रहा है. हम दोनों पक्षों से अपील करेंगे कि सदन चलने दे. 

Feb 10, 2026 11:41 (IST)

अविश्‍वास प्रस्‍ताव का नोटिस देने से पहले सत्ता पक्ष ने की कांग्रेस नेताओं से बात: सूत्र

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव से पहले सत्ता पक्ष ने कांग्रेस नेताओं से बातचीत की है. सूत्रों ने यह जानकारी दी है. सूत्रों ने कहा कि स्पीकर ने 12:30 बजे विपक्षी नेताओं को मिलने के लिए बुलाया है. राहुल गांधी को बोलने का मौका देने को लेकर इसी बैठक में बताया जाएगा. यदि फिर भी बात नहीं बनी तो दोपहर एक बजे अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया जा सकता है. 

Feb 10, 2026 11:35 (IST)

थोड़ी देर में संसद भवन पहुंचेंगे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू थोड़ी देर में संसद भवन पहुंचेंगे. इस दौरान संसद भवन में नायडू की मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करेंगे. 

Feb 10, 2026 11:29 (IST)

ऐसे सांसदों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए: लोकसभा अध्‍यक्ष को लिखे पत्र को लेकर बोलीं भाजपा सांसद

महिला भाजपा सांसदों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र पर हस्ताक्षर करने वाली भाजपा सांसद मालविका देवी ने कहा, आपने 4 फरवरी को जो हुआ वह देखा ही होगा. उस दिन बेहद निंदनीय घटना घटी क्योंकि लोग मेज पर चढ़ गए और अध्यक्ष पर कागज फेंके गए. उसके बाद विपक्ष की महिला सांसद हमारी ओर आईं और प्रधानमंत्री की कुर्सी को घेर लिया. यह बेहद निंदनीय घटना है और हम अध्यक्ष ओम बिरला को धन्यवाद देना चाहते हैं, जिन्होंने इस मामले को संभाला और प्रधानमंत्री से उस दिन न आने का अनुरोध किया क्योंकि कुछ भी हो सकता था. उन्‍होंने कहा कि सख्त कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए. लोकतंत्र को बचाना होगा और काम करना होगा. 

Feb 10, 2026 11:19 (IST)

लोकसभा महासचिव को कांग्रेस सांसद दे रहे लोकसभा स्‍पीकर के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा महासचिव को दिया जा रहा है. कांग्रेस के के सुरेश और मोहम्मद जावेद नोटिस देने गए हैं. 

Feb 10, 2026 11:16 (IST)

राहुल गांधी की जिद की वजह से संसद नहीं चल पा रही: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग ने कहा कि केवल राहुल गांधी की जिद की वजह से संसद नहीं चल पा रही है. उन्‍होंने कहा कि कई सारे मुद्दे हैं, बजट पर है, व्यापार समझौता हो रहा है. इन सारे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए लेकिन विपक्ष की जिद की वजह से चर्चा नहीं हो रही है. उन्‍होंने कहा कि यह उस स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कर रहे हैं जो हर किसी को मौका देता है. 

Feb 10, 2026 11:12 (IST)

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्‍थगित

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्‍थगित

Feb 10, 2026 11:10 (IST)

सरकार के खिलाफ बोलते-बोलते अब देश विरोधी बातें हो रही हैं: संजय झा

जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पेंगुइन के बयान से साफ हो गया है कि सरकार के खिलाफ बोलते-बोलते अब देश विरोधी बातें हो रही हैं, जिसने भी लीक किया है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. 

Feb 10, 2026 11:05 (IST)

पेंगुइन झूठ बोल रहा है या नरवणे जी: राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि या तो पेंगुइन प्रकाशन झूठ बोल रहा है या नरवणे जी झूठ बोल रहे हैं. उन्‍होंने कहा कि मुझे पूर्व सेना प्रमुख के दावे पर विश्‍वास है.

Feb 10, 2026 11:03 (IST)

लोकसभा अध्‍यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का मामला, अभी तक टीएमसी ने नहीं किए हस्‍ताक्षर

स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का मामले में मसौदे पर हस्ताक्षर लेने का काम चल रहा है. अभी तक समाजवादी पार्टी और टीएमसी की ओर से किसी ने हस्ताक्षर नहीं किया है. सूत्रों के मुताबिक, सभी विपक्षी दलों से बात चल रही है. 

Feb 10, 2026 10:57 (IST)

राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं मिला तो फिर हंगामा तय: सूत्र

संसद सत्र से पहले विपक्ष की बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा तो हंगामा तय है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि बात नहीं बनी तो स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया जाएगा. नोटिस देने के बाद विपक्ष बजट पर चर्चा में भाग लेगा. सूत्रों के मुताबिक, अविश्वास प्रस्ताव पर डीएमके और समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस बारे में तय नहीं किया गया है. 

Feb 10, 2026 10:20 (IST)

पाकिस्तान हो या अमेरिका, भारत को कड़ा रुख अपनाना चाहिए: राजीव राय

समाजवादी सांसद राजीव राय ने कहा कि मुझे लगता है कि सरकार को पाकिस्तान की बात हो या फिर अमेरिका की बात हो कड़ा रुख अपनाना चाहिए. उन्‍होंने कहा कि बीजेपी की महिला सांसद उस समय कहां थी, जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ बोल रहे थे. उन्‍होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर हम चाहते हैं कि सदन चले. 

Feb 10, 2026 09:53 (IST)

लोकसभा अध्‍यक्ष के खिलाफ प्रस्‍ताव लाया गया तो हम समर्थन करेंगे: रामगोपाल यादव

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की विपक्षी पार्टियों की कोशिश पर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि अगर लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है तो हम इसका समर्थन करेंगे. 

Feb 10, 2026 09:52 (IST)

नामीबिया और नीदरलैंड की टीम अरुण जेटली स्‍टेडियम पहुंची

आईसीसी टी20 विश्व कप में अपने मैच के लिए नामीबिया और नीदरलैंड की क्रिकेट टीम दिल्‍ली के अरुण जेटली स्टेडियम पहुंची. 

Feb 10, 2026 09:50 (IST)

सिद्धिविनायक गणपति मंदिर पहुंची सुनेत्रा पवार

महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार मुंबई के श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में पूजा करने पहुंचीं. 

Feb 10, 2026 09:48 (IST)

ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन नहीं पहुंची टीना अंबानी

रिलायंस कम्युनिकेशंस के मालिक अनिल अंबानी की पत्‍नी टीना अंबानी को सोमवार को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था.  हालांकि टीना अंबानी पूछताछ के लिए नहीं पहुंची. 

Feb 10, 2026 09:08 (IST)

महिला सांसदों ने पत्र में ये लिखा

Feb 10, 2026 09:06 (IST)

महिला सांसदों ने पत्र में ये लिखा

Feb 10, 2026 07:50 (IST)

भाजपा की महिला सांसदों ने लिखा लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला को पत्र

भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्‍होंने विपक्षी सांसदों के सदन में व्‍यवहार के लिए नियमों के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है. 

Feb 10, 2026 07:38 (IST)

संसद के बजट सत्र में करीब 20 प्रतिशत रही लोकसभा की प्रोडक्टिविटी - रिपोर्ट

संसद के बजट सत्र की शुरुआत (28 जनवरी) से लेकर 6 फरवरी तक लोकसभा की प्रोडक्टिविटी करीब 20 प्रतिशत और राज्यसभा की करीब 89 प्रतिशत रही है. पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि के दौरान राज्‍यसभा में 31.9 घंटे और लोकसभा में 7.7 घंटे ही कामकाज हो सका. 

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ड्रोन, मिसाइल अटैक... ईरान ने US बेस पर हमले का वीडियो किया जारी | BREAKING NEWS
Topics mentioned in this article